माहिष्मती घाट पर नववर्ष का भव्य स्वागत

माहिष्मती घाट पर नववर्ष का भव्य स्वागत

मंत्री सम्पतिया उईके ने किया माँ नर्मदा का दुग्धाभिषेक

  • नर्मदा पुल से संगम घाट तक निकली विशाल ध्वजा रैली
  • प्रशासन और आमजन ने भक्तिभाव से मनाया हिंदू नववर्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. धार्मिक नगरी मंडला में हिंदू नववर्ष के पावन अवसर पर माहिष्मती घाट श्रद्धा और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। नववर्ष के स्वागत में यहाँ माँ नर्मदा का विशेष पूजन, दुग्धाभिषेक और ध्वज पूजा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की।

माँ नर्मदा का पूजन और अभिषेक

माहिष्मती घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ नर्मदा का पूजन और दुग्धाभिषेक कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान माहिष्मती घाट का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया

भव्य ध्वजा रैली का आकर्षण

पूजन के पश्चात माहिष्मती घाट से एक विशाल ध्वजा रैली निकाली गई। यह रैली माँ नर्मदा पुल से प्रारंभ होकर दादा धनीराम, कारीकोन तिराहा, भगवान बिरसा मुण्डा तिराहा और बजरंग चौराहा होते हुए संगम घाट पहुँची। रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों और युवाओं ने हाथों में भगवा ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशासनिक अमले की उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित महिला एवं बाल विकास और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी इस आयोजन का हिस्सा बने।

संगम घाट पहुँचकर रैली का समापन हुआ, जहाँ उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।



Leave a Comment