अचानक पहुँचा बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड

शासकीय कार्यालयों में अचानक पहुँचा बम निरोधक दस्ता

सुरक्षा जांच से मचा हड़कंप

  • आगामी त्योहारों के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर बीडीडीएस और डॉग स्क्वायड ने किया फ्लैग मार्च
  • संदिग्ध वस्तुओं के प्रति किया जागरूक

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बम पहचान एवं निरोधक दस्ता की टीम डॉग स्क्वायड के साथ अचानक निरीक्षण करने पहुँची। अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारी और आमजन एक पल के लिए सहम गए। दरअसल, यह कार्रवाई आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा की गई एक सुरक्षा मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान का हिस्सा थी।

सुरक्षा हेतु विशेष दल का गठन

मंडला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए विशेष बीडीडीएस टीम का गठन किया गया है। यह टीम जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक मुख्यालयों तक के शासकीय कार्यालयों, बैंकों, अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का सघन भ्रमण कर रही है।

थाना प्रभारी ने दी जानकारी 

इस कार्रवाई के संबंध में थाना प्रभारी श्रीमती अनीता कुड़ापे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान डॉग स्क्वायड की मदद से जनपद कार्यालय, अस्पताल और बैंक परिसर की बारीकी से जांच की गई।

जनता से अपील, सजग रहें, सुरक्षित रहें 

निरीक्षण के दौरान पुलिस टीम ने आम नागरिकों और कर्मचारियों को समझाइश दी कि यदि आपको कोई संदिग्ध लावारिस वस्तु जैसे बैग, डिब्बा या अन्य उपकरण दिखाई दे, तो उसे छुए नहीं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि नजर आने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां एक ओर असामाजिक तत्वों में भय व्याप्त है, वहीं दूसरी ओर आम जनता ने सुरक्षा के इन प्रयासों की सराहना की है।



 

Leave a Comment