उज्जैन में संपन्न हुई सहकार भारती की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक
आगामी योजनाओं पर बना रोडमैप
- वर्ष 2028 में मनेगा स्वर्ण जयंती वर्ष
- मंडला जिलाध्यक्ष ने अमरकंटक या कान्हा में प्रदेश अधिवेशन का दिया सुझाव
मंडला महावीर न्यूज 29. धार्मिक नगरी उज्जैन के विद्या भारती प्रांतीय कार्यालय (विक्रमादित्य भवन) में 18 मार्च 2026 को सहकार भारती की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश भर के अपेक्षित पदाधिकारियों के साथ मंडला जिले से जिलाध्यक्ष रंजीत कछवाहा और जिला महामंत्री अखिलेश सोनी ने भी सक्रिय सहभागिता की।
भव्य शुभारंभ और स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत सहकार भारती के संस्थापक पूज्य लक्ष्मण राव इनामदार और भारत माता के चित्र पर तिलक वंदन, दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। सहकार गीत के पश्चात मंचासीन अतिथियों—मध्य भारत क्षेत्र प्रमुख दादा दिलीप पाटीदार, राष्ट्रीय मंत्री गौतम, प्रदेश अध्यक्ष शेखर किवे, प्रदेश महामंत्री राकेश चौहान, प्रदेश संगठन मंत्री राधेश्याम जलक्षत्री और प्रदेश महिला प्रमुख जया श्रीवास्तव का स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
समीक्षा और आगामी कार्ययोजना
बैठक के प्रथम सत्र में इंदौर में हुई पिछली बैठक की समीक्षा की गई। इसके बाद आगामी आयोजनों के रोडमैप पर सामूहिक चर्चा हुई, जिसमें मंडला जिलाध्यक्ष रंजीत कछवाहा और जिला महामंत्री अखिलेश सोनी ने जिलेवार गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। द्वितीय चरण में विभाग, जिला और विभिन्न प्रकोष्ठों की श्रेणीवार बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया।
2028 में मनेगा स्वर्ण जयंती वर्ष
तृतीय सत्र में जानकारी दी गई कि वर्ष 2028 में सहकार भारती की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस उपलक्ष्य में मुंबई या दिल्ली में एक विशाल ‘स्वर्णकाल वर्ष’ समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के हर जिले और तहसील से कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश अधिवेशन के लिए मंडला का प्रस्ताव
वर्ष 2027 में होने वाले प्रदेश अधिवेशन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों से स्थान के सुझाव मांगे गए। इस दौरान मंडला जिलाध्यक्ष रंजीत कछवाहा ने पवित्र नगरी अमरकंटक या कान्हा नेशनल पार्क में प्रदेश स्तरीय अधिवेशन आयोजित करने का प्रभावी सुझाव दिया।
प्रशिक्षण और मार्केटिंग पर जोर
समापन सत्र में क्षेत्र प्रमुख ने राष्ट्रीय निर्णयों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि:
- हरियाणा सरकार के सहयोग से दो एकड़ में मल्टीटास्किंग ट्रेनिंग सेंटर बनाया जा रहा है।
- स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए विभिन्न राज्यों में ट्रेनिंग सेंटर शुरू किए जाएंगे।
- महिला समूहों के उत्पादों को ‘सिंपल सिटी’ कंपनी के माध्यम से खरीदकर उनके एक्सपोर्ट और मार्केटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
अंत में प्रदेश संगठन मंत्री राधेश्याम जलक्षत्री ने गुरुग्राम में निर्माणाधीन अत्याधुनिक केंद्रीय कार्यालय (अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र) के विषय में बताते हुए सभी जिलों से आर्थिक सहयोग का आह्वान किया।










