शिक्षकों के संकट पर ट्राइबल कमिश्नर तरुण राठी गंभीर
टीईटी पास करने के लिए मिल सकता है अतिरिक्त समय
- टीचर्स एसोसिएशन ने सौंपी वरिष्ठता सूची और परिवीक्षा अवधि की मांग
- आयुक्त ने कहा न्यायालय के साथ परीक्षा की तैयारी पर भी दें ध्यान
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राईबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर और हीरानंद नरवरिया के नेतृत्व में जनजाति कार्य विभाग के आयुक्त तरुण राठी से मुलाकात की। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय से प्रभावित विभाग के 40 हजार शिक्षकों के भविष्य पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त राठी ने शिक्षकों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि शासन इस विषय पर सहयोग करेगा, साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि शिक्षक पुनर्विचार याचिका के साथ-साथ पात्रता परीक्षा की तैयारी भी जारी रखें।
मुलाकात के दौरान एसोसिएशन ने उच्च माध्यमिक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने की मांग की। साथ ही, प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों की रुकी हुई वरिष्ठता सूचियों को लेकर भी अपनी बात रखी। संगठन ने उन शिक्षकों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जिनकी परिवीक्षा अवधि समाप्त होने के आदेश अब तक लंबित हैं। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जबलपुर संभाग सहित अन्य जिलों से प्रस्ताव क्यों नहीं आए, इसकी वे स्वयं समीक्षा करेंगे।
समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण
आयुक्त तरुण राठी ने स्पष्ट किया कि वरिष्ठता सूची का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने एसोसिएशन से उन जिलों और संभागों की सूची मांगी है जहाँ शिक्षकों के कार्य रुके हुए हैं। पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी की व्यस्तता के बावजूद आयुक्त ने शिक्षकों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना, जिसके लिए एसोसिएशन ने उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधि मंडल की प्रमुख मांगें
ट्राईबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर ने बताया कि आयुक्त से चर्चा के दौरान उन्हें प्रमुख मांगे बताई गई है। जिसमें 40 हजार प्रभावित शिक्षकों के लिए पुनर्विचार याचिका में विभाग का सहयोग। उच्च माध्यमिक, माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन के साथ लंबित परिवीक्षा अवधि समाप्ति के आदेश तत्काल जारी करने की मांगे प्रमुख है।











