मोहगांव में लोमड़ी का तांडव
सुड़गांव में महिला-बच्चों समेत 7 लोगों और मवेशियों पर किया हमला, गांव में दहशत
- जंगली जानवर का आतंक
- सुड़गांव में लोमड़ी ने मचाया कोहराम
- घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के विकासखंड मोहगांव के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुड़गांव में रविवार सुबह एक जंगली लोमड़ी ने जमकर उत्पात मचाया। सुबह करीब 10 बजे जंगल से निकलकर आई लोमड़ी ने अचानक ग्रामीणों और मवेशियों पर हमला करना शुरू कर दिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हमले में 7 ग्रामीण और मवेशी घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोमड़ी इतनी आक्रामक थी कि उसने सामने आने वाले हर किसी को अपना निशाना बनाया। इस हमले में आशीष कुमार, कांता प्रसाद मार्को, संजय कुमार व्याम, विजय सिंह, समलवत्ती मार्को, योगेंद्र कुमार और गीता बाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इंसानों के साथ-साथ लोमड़ी ने एक बैल और एक सुअर को भी काटकर लहूलुहान कर दिया।
ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत
अचानक हुए इस हमले से पहले तो ग्रामीण सहम गए, लेकिन बाद में एकजुट होकर शोर मचाते हुए लोमड़ी को गांव से खदेड़ा और घायलों को उसके चंगुल से छुड़ाया। ग्रामीणों ने निजी साधनों की मदद से तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहगांव और जिला अस्पताल मंडला पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
वन विभाग से गश्त की मांग
इस घटना के बाद से सुड़गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन जंगली जानवर बस्तियों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए और जंगली जानवरों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।










