बैंड-बाजे के साथ मनाया बेटी जन्म उत्सव

Advertisements

शक्ति स्वागतम 2.0

बैंड-बाजे के साथ मनाया गया बेटी जन्म उत्सव

  • ग्रामीणों ने लिया बालिकाओं को सशक्त बनाने का संकल्प
  • पिपरिया बुदरा में गूंजी किलकारी
  • धात्री माताओं को पोषण और शिक्षा के प्रति किया गया जागरूक

मंडला महावीर न्यूज 29. बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले भर में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में हाल ही में परियोजना बीजाडांडी के ग्राम पिपरिया बुदरा में ‘शक्ति स्वागतम 2.0’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बालिका जन्म को एक उत्सव के रूप में मनाते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया।

बैंड-बाजे के साथ हुआ स्वागत

गांव में बेटी के जन्म की खुशियों को साझा करने के लिए बैंड-बाजे के साथ गौरव यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में धात्री माताओं का सम्मान किया गया और बालिका जन्म पर खुशियां मनाई गईं।

शिक्षा और पोषण पर दिया जोर

परियोजना अधिकारी मनीषा तिवारी ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों को सशक्त और स्वस्थ बनाने के लिए उनकी शिक्षा और उचित देखभाल अनिवार्य है। उन्होंने अपील की कि गांव के हर घर में बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाया जाए। वहीं, पर्यवेक्षक मीना तेकाम ने बच्चियों के खान-पान (पोषण) पर विशेष ध्यान देने और बेटी के जन्म पर सामाजिक सोच को बदलने की आवश्यकता पर बल दिया।

पोषण आहार का वितरण

कार्यक्रम के दौरान धात्री माताओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें पौष्टिक खाद्य पदार्थ वितरित किए गए। अंत में सभी उपस्थित जनसमुदाय को स्वाल्पाहार दिया गया। इस सफल आयोजन के लिए पर्यवेक्षक अमरकली मसराम ने सभी का आभार व्यक्त किया।



 

Leave a Comment