दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत
बिना हेलमेट सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल
- घुघरी-बिछिया मार्ग पर टकराईं दो मोटरसाइकिलें
- हेलमेट न होने से सिर पर आईं गंभीर चोटें
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के पुलिस थाना घुघरी क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि मंगलवार को घुघरी-बिछिया मुख्य मार्ग पर ग्राम खजरी और बनेहरी के बीच दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
जानकारी अनुसार बुधराम सैय्याम (30 वर्ष) और रामप्रसाद साहू, निवासी दानीटोला अपनी मोटरसाइकिल से घुघरी की ओर से दानीटोला जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा (बिछिया) से आ रहे मोटरसाइकिल सवार संदीप यादव, निवासी चाबी ठेभा के साथ उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार थी, जिसके चलते चालक संतुलन खो बैठे।
हेलमेट न होने से बढ़ी गंभीरता इस हादसे में सबसे चिंताजनक बात यह रही कि किसी भी मोटरसाइकिल सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। बिना सुरक्षा कवच के सड़क पर गिरने के कारण उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
बताया गया कि हाल ही में मंडला पुलिस द्वारा जिले भर में विशेष अभियान चलाकर हेलमेट पहनने की अपील की गई थी। इसके बावजूद लापरवाही के कारण लोग अपनी अनमोल जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं। यदि सवारों ने हेलमेट पहना होता, तो सिर की चोटों की गंभीरता को कम किया जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही घुघरी पुलिस और डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन में लिटाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एक बार फिर आमजन से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।










