डीजल चोर गैंग पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा

Advertisements

मंडला पुलिस का बड़ा धमाका

अंतर्राज्यीय डीजल चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार

  • हैरियर कार और भारी मात्रा में डीजल जब्त
  • एसपी रजत सकलेचा के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई
  • हिस्ट्रीशीटर डीजल चोर गैंग पर कोतवाली पुलिस का शिकंजा

मंडला महावीर न्यूज 29| जिले में पिछले कुछ समय से वाहनों से डीजल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह के खिलाफ मंडला पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर डीजल चोरी करने वाले गैंग के 3 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नैनपुर थाने की ‘गैंग हिस्ट्रीशीट’ के सदस्य हैं, जिन पर पुलिस की लंबे समय से नजर थी।

​हाल ही में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से डीजल चोरी की कई शिकायतें सामने आई थीं।

  • मामला 1: ग्राम ब्यौहारी निवासी राहुल सिंगौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गाजीपुर के पास खड़े उनके डम्फर से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर 64 लीटर डीजल चोरी कर लिया।
  • मामला 2: महाराजपुर क्षेत्र के औघटखपरी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर खड़े तीन अलग-अलग ट्रकों से कुल 330 लीटर डीजल (कीमत लगभग ₹30,875) चोरी किया गया।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने रामनगर तिराहा के पास जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन संदेही आरोपियों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. भूपेंद्र ठाकुर (37 वर्ष) – निवासी ग्राम कुरवारी, हाल निवासी जबलपुर।
  2. राहुल यादव (19 वर्ष) – निवासी नैनपुर।
  3. नीरज सोनी (37 वर्ष) – निवासी नैनपुर।

जब्त सामग्री

​पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की हैरियर कार (MP20CL 8552) बरामद की है। इसके अलावा 12 प्लास्टिक जरीकेन में भरा हुआ 360 लीटर डीजल और 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

सराहनीय भूमिका

​इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी शफीक खान, उप निरीक्षक योगेश पाटीदार, भुवनेश्वर वमनकर और उनकी टीम (नंदलाल उइके, प्रियांशु पाठक, मृदुल पटेल व अन्य) की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



Leave a Comment