34,500 रुपये की अवैध विदेशी मदिरा जब्त

मंडला: ढाबों और रेस्टोरेंटों पर प्रशासन का छापा

34500 रुपये की अवैध विदेशी मदिरा जब्त

  • खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई
  • कई प्रतिष्ठानों में बिना अनुमति शराब का भंडारण देख भड़के अधिकारी

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार, जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख ढाबों और रेस्टोरेंटों में औचक छापेमारी की। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 34,500 रुपये आँकी गई है।

प्रतिष्ठानों में मिला शराब का जखीरा

संयुक्त टीम ने जांच के दौरान पाया कि शहर के कई ढाबों और रेस्टोरेंटों में बिना किसी वैध अनुमति के शराब का भंडारण किया गया था। कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:

  • NH-34 ढाबा: यहाँ से किंगफिशर बियर (9 बोतल), रॉयल चैलेंज (3), जेमसन व्हिस्की और अन्य ब्रांड की बोतलें जब्त की गईं।
  • विशाल ढाबा: यहाँ से किंगफिशर बियर की 8 बोतलें स्टॉक में पाई गईं।
  • गोल्डन कैफे रेस्टोरेंट: विभिन्न ब्रांड की 12 बोतल विदेशी मदिरा जब्त की गई।
  • राजस्थानी ढाबा: इस प्रतिष्ठान से सबसे बड़ी खेप बरामद हुई, जिसमें बडवाइजर बियर के 36 कैन, किंगफिशर के 20 कैन, तथा विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की व रम के दर्जनों पाव (क्वाटर) जब्त किए गए।

प्रशासन सख्त: लाइसेंस की होगी जांच

कार्रवाई के दौरान प्रभारी तहसीलदार हिमांशु भलावी, जिला आपूर्ति अधिकारी संत कुमार भलावी और नायब तहसीलदार रामसिंह उलाड़ी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा और आबकारी नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन द्वारा इस तरह के प्रतिष्ठानों पर भविष्य में भी निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।



Leave a Comment