प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में भ्रष्टाचार का खेल

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में भ्रष्टाचार का खेल

मरम्मत के नाम पर केवल लीपा-पोती

  • गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, डामरीकरण भी अधूरा
  • बनार से मलधा मार्ग पर गड्ढे बरकरार, साइड शोल्डर में डाली जा रही नाम मात्र की मुरम
  • सरपंच और ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनार से मलधा तक हो रहे सड़क मरम्मत कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम पंचायत बनार के सरपंच सतीश श्याम ने बताया कि सड़क सुधार के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है, जिससे शासन की राशि का दुरुपयोग हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और डामरीकरण का कार्य भी आधा-अधूरा किया गया है। सड़क की साइड पटरियाँ पूरी तरह कट चुकी हैं, जिन्हें भरने के लिए ठेकेदार द्वारा नाममात्र की मुरम डाली जा रही है। मरम्मत की इस सुस्त और घटिया प्रक्रिया के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।

लाखों रुपए के बिल आहरण का अंदेशा 

आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मरम्मत के नाम पर लाखों रुपए के फर्जी बिल लगाकर राशि का आहरण किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस सड़क का विधिवत डामरीकरण किया जाए और साइड शोल्डर को पूरी तरह भरा जाए जिससे सड़क की स्थिति सुधर सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गुणवत्तापूर्ण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।


 

Leave a Comment