महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया सिवनी-नैनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण
सुरक्षा मानकों की गहराई से हुई जांच
- नैनपुर-केवलारी सेक्शन में हुए हादसे के बाद ट्रैक की स्थिति का लिया जायजा
- अधिकारियों को दिए नियमित जांच के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने शनिवार को नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सिवनी-नैनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। हाल ही में शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस के पहिए पटरी से उतरने की घटना के मद्देनजर यह निरीक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान महाप्रबंधक के साथ नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री दीपक कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं पर जोर
उल्लेखनीय है कि नैनपुर-केवलारी रेलखंड में खैररांजी के पास शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का एक पहिया पटरी से उतर गया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक ने स्वयं संबंधित रेलखंड का निरीक्षण कर रेल संरचना और सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना के तकनीकी कारणों और उसके बाद किए गए सुधारात्मक उपायों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
ट्रैक गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का अवलोकन
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल पथ के अनुरक्षण (Maintenance), प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, सिग्नल व्यवस्था और दूरसंचार प्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि रेल संरचना के रखरखाव में उच्चतम मानकों का पालन किया जाए और तकनीकी व्यवस्थाओं की नियमित जांच सुनिश्चित हो।
सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक और अन्य अधिकारियों के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और रेल सेवाओं को अधिक विश्वसनीय बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर इंजीनियरिंग, वाणिज्य और परिचालन विभाग के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित थे।










