मनेरी की टायर फैक्ट्री में लगी भीषण आग
7 दमकल गाड़ियों की मदद से 90% आग पर पाया काबू
- प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टला
- किसी प्रकार की जनहानि नहीं
- दमकल कर्मियों का रेस्क्यू जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के मनेरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक टायर फैक्ट्री में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उन्होंने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुँच गईं।
7 फायर ब्रिगेड की मदद से पाया नियंत्रण
आग को बुझाने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए 7 फायर ब्रिगेड वाहनों को मौके पर तैनात किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने अब तक करीब 90 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया है। शेष बची आग को पूरी तरह बुझाने के लिए दमकल दल का कार्य अभी भी जारी है।
बड़ा हादसा टला, जनहानि नहीं
प्रशासन ने राहत की सांस लेते हुए बताया कि इस भयावह घटना में फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फैक्ट्री क्षेत्र में अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग को पूरी तरह बुझाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच अभी की जानी बाकी है।









