मंडला रेल सुविधाओं के लिए आर-पार की लड़ाई
- 15 मार्च को सांसद से मिलेंगे संघर्ष समिति के सदस्य
- कोचिंग डिपो, पिट लाइन और पेंचवेली ट्रेन की मांग को लेकर मंथन
- समिति ने समाजसेवियों व व्यापारियों से की एकजुट होने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए राष्ट्र्रीय रेलवे संघर्ष समिति ने अब अपनी मुहिम तेज कर दी है। समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय चिलमन चौक में संपन्न हुई, जिसमें मंडला फोर्ट से रेल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि अब इन मांगों को लेकर सीधे जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा।
राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप मिश्रा ने दूरभाष पर मंडला सांसद से चर्चा की। इस दौरान सांसद ने समिति के सदस्यों को 15 मार्च को मुलाकात करने और रेलवे संबंधी मांगों पर विस्तृत चर्चा करने का आश्वासन दिया है। इस बैठक को लेकर संघर्ष समिति ने जिले के सभी समाजसेवियों, सामाजिक अध्यक्षों और व्यापारियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की है ताकि मंडला के विकास के लिए एक मजबूत दबाव बनाया जा सके।
ये हैं प्रमुख मांगें
संघर्ष समिति ने अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि मंडला फोर्ट में कोचिंग डिपो की स्थापना और पिट लाइन का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही पेंचवेली ट्रेन को जल्द शुरू करने और नवीन रेल मार्ग जिसमें विशेषकर बिलासपुर पंडरिया मंडला जबलपुर एवं गौरेला पेंड्रा अमरकंटक डिंडोरी मंडला घंसौर गोटेगांव (जिनका पूर्व में सर्वे हो चुका है) को मूर्त रूप देने की मांग की गई है।
विकास के लिए एकजुटता का आह्वान
समिति का मानना है कि यदि जिले के सांसद और विधायक इन मांगों के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाएं, तो मंडला के विकास की गति कई गुना बढ़ सकती है। समिति ने इस बात पर जोर दिया कि रेल मंत्री को पूर्व में भी कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं और अब जन प्रतिनिधियों के साथ मिलकर ठोस पहल की आवश्यकता है। संघर्ष समिति ने 15 मार्च को होने वाली इस बैठक में भारी संख्या में लोगों से जुडऩे का आग्रह किया है ताकि जिले की आवाज मजबूती से उठाई जा सके।









