नैनपुर-केवलारी मार्ग पर बड़ा रेल हादसा टला
शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का डिब्बा हुआ बेपटरी
- बाल-बाल बचे यात्री
- हादसे के बाद मौके पर पहुँचा रेलवे स्टाफ
- रूट क्लियर करने में जुटा प्रशासन
मंडला महावीर न्यूज 29. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नैनपुर-केवलारी रेल खंड पर आज एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। शहडोल से नागपुर की ओर जा रही शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का आखिरी डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी जनहानि नहीं हुई है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी अनुसार ट्रेन जैसे ही नैनपुर से केवलारी के बीच पहुँची, इसी दौरान आखिरी कोच के पहिये पटरी से नीचे उतर गए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन रुकते ही यात्री सुरक्षित नीचे उतर आए। बताया गया कि यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन अपनी निर्धारित गति से गुजर रही थी।
रेलवे का भारी अमला मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर रेलवे स्टेशन से तकनीकी टीम और भारी-भरकम स्टाफ मौके पर पहुँच गया है। रेल अधिकारी और कर्मचारी ट्रैक को दुरुस्त करने और बेपटरी हुए डिब्बे को वापस पटरी पर लाने की कवायद में जुटे हुए हैं। फिलहाल रेल यातायात प्रभावित हुआ है, जिसे जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
गर्मी में बढ़ रही ट्रैक संबंधी समस्याएं
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही भीषण गर्मी की शुरुआत हुई है, पटरियों के फैलने या अन्य तकनीकी कारणों से ट्रेन के बेपटरी होने जैसी घटनाएं सामने आने लगी हैं। प्रशासन अब इस बात की गहन जांच कर रहा है कि आखिर किन कारणों से ट्रेन का आखिरी डिब्बा पटरी से उतरा। क्या इसके पीछे पटरियों का रखरखाव है या कोई और तकनीकी खामी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।









