मंडला: तेज रफ्तार हाइवा ने 3 साल की मासूम को कुचला
मौके पर दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
- हादसे के बाद चालक हुआ फरार
- ग्रामीणों ने पीछा कर तिंदनी टोल पर पकड़ा
- सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर किया चक्काजाम
मंडला महावीर न्यूज 29. कोतवाली थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ रेत से भरे एक तेज रफ्तार हाइवा (MP 51 ZC 6799) ने तीन वर्षीय मासूम आकृति यादव को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर उसे तिंदनी टोल नाके के पास दबोच लिया।
आंगनवाड़ी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी अनुसार बम्होरी निवासी विष्णु यादव की बेटी आकृति अपनी मां सृष्टि यादव के साथ आंगनवाड़ी केंद्र से घर लौट रही थी। सड़क किनारे खड़ी मां और बच्ची को बेखौफ दौड़ रहे हाइवा ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बालिका की मां सदमे से बेहोश हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि सड़क किनारे स्थित स्कूल की दीवारों पर भी खून के छींटे पड़ गए
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के तुरंत बाद बम्होरी के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि रिपेयरिंग के बाद अब इस सड़क पर भारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, इसलिए रिहायशी क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और रेत माफियाओं/वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने आरोपी चालक को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश दी। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और हाइवा को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घंटों की मशक्कत और प्रशासनिक आश्वासन के बाद ग्रामीण चक्काजाम खोलने को राजी हुए। पूरे गांव में घटना के बाद से ही मातम पसरा हुआ है।









