6 हजार जमा करने के बाद भी कनेक्शन के लिए भटक रही महिला

उदयपुर : 6 हजार जमा करने के बाद भी कनेक्शन के लिए भटक रही महिला

विभाग की मनमानी चरम पर

  • 50 फीट पर ट्रांसफार्मर फिर भी 500 मीटर दूर से दे रहे कनेक्शन
  • अधिकारियों की कमी से जनता बेहाल

मंडला महावीर न्यूज 29. विद्युत विभाग बीजाडांडी की तानाशाही और लचर कार्यप्रणाली के कारण एक उपभोक्ता पिछले 10 दिनों से दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर है। व्यावसायिक कार्य हेतु अस्थायी कनेक्शन (TC) के लिए विभाग द्वारा निर्धारित राशि जमा करने के बावजूद हितग्राही को कनेक्शन नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

पैसे जमा, पर सुविधा नदारद

जानकारी अनुसार उदयपुर निवासी हितग्राही शमा परवीन ने अपने व्यावसायिक कार्य के लिए विभाग से टी.सी. कनेक्शन की मांग की थी। विभाग की शर्तों के अनुसार उन्होंने ₹6000 का ऑनलाइन बिल भी जमा कर दिया। लेकिन राशि जमा होने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी विभाग कनेक्शन देने में आनाकानी कर रहा है। उपभोक्ता का कहना है कि जब विभाग को कनेक्शन देना ही नहीं था, तो पैसा क्यों जमा कराया गया?

जानबूझकर किया जा रहा परेशान

हितग्राही ने बताया कि उनके कार्यस्थल से मात्र 50 फीट की दूरी पर एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर मालिक को भी वहां से कनेक्शन देने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विभागीय कर्मचारी जानबूझकर 500 मीटर दूर से कनेक्शन लेने का दबाव बना रहे हैं। इतनी अधिक दूरी से कनेक्शन लेने पर हितग्राही को अतिरिक्त ₹10,000 का तार खरीदना पड़ेगा, जो उन पर आर्थिक बोझ है।

अधिकारियों की कुर्सी खाली, कर्मचारी बेलगाम

बीजाडांडी कनिष्ठ अभियंता कार्यालय की स्थिति यह है कि यहाँ पिछले 6 माह से कोई स्थाई अधिकारी नियुक्त नहीं है। उदयपुर क्षेत्र में लाइनमैन की व्यवस्था भी कागजों तक सीमित है। वर्तमान जेई (JE) के पास तीन क्षेत्रों का प्रभार होने के कारण वे कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते, जिसका फायदा उठाकर निचले कर्मचारी आम जनता को परेशान करने में लगे हुए हैं।

उदयपुर क्षेत्र की जनता ने वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर हितग्राही को सुलभ स्थान से कनेक्शन दिलाया जाए और कार्यालय में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।



Leave a Comment