सीआरपीएफ ने दी अमर बलिदानी शोभनाथ राठौर को श्रद्धांजलि

सीआरपीएफ ने दी अमर बलिदानी शोभनाथ राठौर को श्रद्धांजलि

  • परिजनों से मिलकर जताया सम्मान
  • 148वीं वाहिनी के अधिकारियों ने अनूपपुर पहुंचकर वीर जवान के सर्वोच्च बलिदान को किया नमन

मंडला महावीर न्यूज 29. देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के सम्मान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सदैव तत्पर रहता है। इसी कड़ी में 148वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट विक्रांत सारंगपाणि के मार्गदर्शन में बल के अधिकारियों और जवानों ने बलिदानी शोभनाथ राठौर के बलिदान दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।बताया गया कि विगत वर्ष 11 मार्च 2014 को देश सेवा के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शोभनाथ राठौर के गृहग्राम बर्री जिला अनूपपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीआरपीएफ के उप कमाण्डेन्ट मनोरंजन कुमार अपनी टीम के साथ बलिदानी के निवास पहुँचे और परिजनों से मुलाकात कर उनके प्रति एकजुटता प्रकट की।

अदम्य साहस का प्रतीक है बलिदान 

इस अवसर पर उप कमाण्डेन्ट, सीआरपीएफ के जवानों और स्थानीय नागरिकों ने बलिदानी के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मनोरंजन कुमार ने कहा कि शोभनाथ राठौर का बलिदान राष्ट्र के प्रति अदम्य साहस और अटूट समर्पण का प्रतीक है। उनकी वीरता की गाथा आने वाली पीढिय़ों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

गौरवशाली परंपरा का किया निर्वहन 

यह कार्यक्रम सीआरपीएफ की उस गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जिसके तहत बल अपने बहादुर जवानों के बलिदान को विस्मृत नहीं होने देता और उनके परिवारों के साथ साये की तरह खड़ा रहता है। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी वीर सपूत के जयकारों के साथ उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।


 


 

Leave a Comment