जल जीवन मिशन की लापरवाही से स्कूल में पेयजल संकट

Advertisements

जल जीवन मिशन की लापरवाही से स्कूल में पेयजल संकट, ठप पड़ी योजना

  • ठेकेदार ने तोड़ी पुरानी पाइप लाइन
  • पीएम श्री हाई स्कूल छपरा के छात्र-शिक्षक बूंद-बूंद पानी को मोहताज

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल पहुँचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया जल जीवन मिशन नारायणगंज विकासखंड की बबलिया के ग्राम छपरा में प्रशासन की अनदेखी और ठेकेदारों की लापरवाही का शिकार हो गया है। यहाँ के पीएम श्री हाई स्कूल छपरा में पिछले एक साल से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन पीएचई विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।पीएम श्री हाई स्कूल छपरा के प्राचार्य कुरवेती ने बताया कि स्कूल में पहले से बोरवेल के माध्यम से पानी की सुचारू व्यवस्था थी। जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे कर्मचारियों और ठेकेदार ने स्कूल की छत पर पानी की टंकी तो रख दी, लेकिन इस दौरान पुरानी पाइपलाइन में तोडफ़ोड़ कर दी गई। पाइपलाइन टूटने के बाद से स्कूल में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है।

पीएचई विभाग ने झाड़ा पल्ला 

शाला के प्राचार्य ने बताया कि इस समस्या की लिखित और मौखिक शिकायत पीएचई विभाग नारायणगंज के अधिकारियों से कई बार की गई है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। आलम यह है कि पिछले एक वर्ष से योजना ठप पड़ी है और ठेकेदार पाइपलाइन जोडऩे की जहमत नहीं उठा रहा है।

प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग 

पानी की कमी के कारण छात्राओं और स्कूल स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाला के शिक्षकों एवं छात्राओं ने जिला प्रशासन और पीएचई विभाग से मांग की है कि तत्काल टूटी हुई पाइपलाइन को जोड़कर स्कूल में पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस शैक्षणिक संस्थान की बुनियादी समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।



 

Leave a Comment