माँ नर्मदा की पूर्ण परिक्रमा में मोटरसाईकिल से निकले पति, पत्नि

मां नर्मदा की भक्ति में रमे विनोद श्रीवास

  • माँ नर्मदा की पूर्ण परिक्रमा में मोटरसाईकिल से निकले पति, पत्नि
  • संगम घाट पर पूजन के साथ नर्मदा परिक्रमा का शंखनाद

मंडला महावीर न्यूज 29. आस्था और अटूट श्रद्धा की नगरी मंडला में मां नर्मदा की परिक्रमा का सिलसिला अनवरत जारी है। इसी कड़ी में मां रेवा प्रसादी समिति, देवगांव संगम के सक्रिय सहयोगी विनोद श्रीवास ने अपनी धर्मपत्नी के साथ मां नर्मदा की कठिन पुण्यदायी पूर्ण परिक्रमा का संकल्प लिया है। बुधवार को उन्होंने अपने निवास स्थान बिनैका तिराहा, मंडला से इस आध्यात्मिक यात्रा के लिए प्रस्थान किये।यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर विनोद श्रीवास ने महाराजपुर स्थित पावन संगम घाट पर सविधि पूजन-अर्चन किया। उन्होंने मां नर्मदा का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और यात्रा की निर्विघ्न पूर्णता के लिए आशीर्वाद मांगा। विशेष बात यह है कि विनोद श्रीवास यह परिक्रमा मोटर साइकिल के माध्यम से पूर्ण करेंगे, जिसमें वे नर्मदा तट के विभिन्न पड़ावों से होते हुए मां रेवा की गोद में हजारों किलोमीटर का सफर तय करेंगे।मां रेवा प्रसादी समिति के सदस्यों और उनके इष्ट मित्रों ने इस अवसर पर उन्हें मंगलमय विदाई दी। समिति के सदस्यों का कहना है कि विनोद जी सदैव सेवा कार्यों में अग्रणी रहते हैं और उनकी यह भक्ति भावना प्रेरणादायी है। सभी शुभचिंतकों और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मां नर्मदा से प्रार्थना की है कि अपनी असीम कृपा विनोद श्रीवास और उनकी पत्नी पर बनाए रखें, जिससे वे सकुशल और आनंदपूर्वक अपनी इस माँ नर्मदा यात्रा को पूर्ण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।बताया गया कि नर्मदा परिक्रमा भारतीय संस्कृति में त्याग और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है। बिनैका तिराहा से प्रस्थान के दौरान माहौल पूरी तरह नर्मदे हर के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं का मानना है कि मां नर्मदा की कृपा से ही ऐसी कठिन यात्राएं संकल्पबद्ध होकर पूरी की जा सकती हैं।



 

Leave a Comment