जनगणना की तैयारी तेज, सेडमेप के माध्यम से युवाओं का चयन
- सालों बाद होने वाली जनगणना के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू
- दस्तावेजों की जांच के बाद हुआ योजना भवन में इंटरव्यू
मंडला महावीर न्यूज 29. देश में वर्षों के अंतराल के बाद होने जा रही आगामी जनगणना की प्रारंभिक तैयारियां जिला स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक मानव संसाधन जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बुधवार को सेडमेप संस्था के माध्यम से चयनित युवक-युवतियों का साक्षात्कार आयोजित किया गया।
जानकारी अनुसार सेडमेप संस्था द्वारा पूर्व में इस कार्य के लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए थे। बुधवार को साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी आवेदकों के शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच की गई। दस्तावेजी सत्यापन के बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सेडमेप के प्रतिनिधियों के संयुक्त पैनल द्वारा उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया गया।
इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य से जोड़ा जाएगा। साक्षात्कार के दौरान आवेदकों की कार्यक्षमता और तकनीकी समझ को परखा गया, जिससे जनगणना का डेटा संकलन सटीक और त्रुटिहीन हो सके। चयन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद जल्द ही नियुक्त कर्मियों को प्रशिक्षण देकर फील्ड में उतारा जाएगा।









