बम्हनी में रेत से लदा ट्रैक्टर पलटा, दबने से चालक की मौके में मौत
- चार दिनों में एक दर्जन से अधिक सड़क हादसों ने बढ़ाई चिंता
- सड़क से नीचे उतरकर पलटा वाहन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में रेत के अवैध परिवहन ने अब खूनी रूप अख्तियार करना शुरू कर दिया है। मंगलवार दोपहर बम्हनी थाना क्षेत्र के सेमरटोला के पास रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बम्हनी पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
जानकारी अनुसार मोहगांव पाला सुंदर निवासी अंकित दास मांगरे पिता मंगल दोपहर के समय भडिय़ा स्थित रेत खदान से ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेत लोड कर निकला था। जैसे ही वह सेमरटोला के पास पहुँचा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। ट्रैक्टर का इंजन पलटने से चालक अंकित उसके नीचे पूरी तरह दब गया। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
दिन-रात दौड़ रहे मौत के सौदागर
क्षेत्रीय ग्रामीणों का आरोप है कि बंजर नदी के विभिन्न घाटों से इन दिनों दिन-रात रेत का अंधाधुंध उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। रेत माफियाओं के दबाव या अधिक चक्कर लगाने के लालच में ट्रैक्टर चालक वाहनों को बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हैं। पिछले मात्र चार दिनों के भीतर जिले में करीब एक दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं, जिनमें कई राहगीरों और चालकों ने अपनी जान गंवाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बम्हनी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सूक्ष्मता से जाँच की जा रही है कि ट्रैक्टर कहाँ से आ रहा था और वाहन के पास वैध दस्तावेज थे या नहीं। इस घटना के बाद से क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन को लेकर एक बार फिर आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से माँग की है कि इन बेलगाम दौड़ते रेत के वाहनों पर तत्काल अंकुश लगाया जाए जिससे भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।










