बालई नदी में नहाने गया युवक डूबा
एसडीआरईएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
- नारायणगंज के पास एनएच-30 पर हुआ हादसा
- अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के टिकरिया थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर बालई नदी के पुल के समीप सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ नहाने गए एक युवक के डूबने से हड़कंप मच गया। लापता युवक की पहचान सुभाष भलावी (28) के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के नागपुर जिले का निवासी था।
जानकारी अनुसार सुभाष भलावी एनएच-30 पर चल रहे निर्माण कार्य में कार्यरत था। सोमवार दोपहर काम समाप्त करने के बाद वह अपने साथियों के साथ बालई नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे मय पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। इसके बाद एसडीआरईएफ (SDRF) की टीम को सूचित किया गया। एसडीआरईएफ रेस्क्यू टीम प्रभारी सुरेश बंसोड़ के नेतृत्व में गोताखोरों ने नदी में युवक की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू किया।
मंगलवार सुबह फिर शुरू होगा रेस्क्यू
टीम द्वारा पूरे दिन नदी के गहरे हिस्सों में युवक की खोजबीन की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। सुरक्षा कारणों और अंधेरा हो जाने के चलते शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। एसडीआरईएफ टीम के अनुसार, मंगलवार सुबह सूर्योदय के साथ ही पुनः व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।
परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की जानकारी लापता युवक के परिजनों को दे दी है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है और रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।










