कलेक्टर की पहल पर नैनपुर में शुरू हुआ 5वीं-8वीं बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन
- मानदेय भुगतान मिलते ही मूल्यांकन कार्य पर लौटे शिक्षक
- कलेक्टर सोमेश मिश्रा के त्वरित निर्देश का हुआ असर
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर ब्लॉक में कक्षा पांचवीं और आठवीं बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में आ रहा गतिरोध जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया है। मानदेय का भुगतान न होने के कारण मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार कर रहे शिक्षकों को बकाया राशि मिलते ही मूल्यांकन प्रक्रिया पुनः सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।
कलेक्टर के निर्देश पर हरकत में आया विभाग
नैनपुर में शिक्षकों द्वारा मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार किए जाने के बाद स्थिति बनी हुई थी, लेकिन पिछले दो दिनों तक विभाग के अधिकारियों ने इस पर कोई ठोस पहल नहीं की थी। जब यह मामला जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के संज्ञान में आया, तो उन्होंने डीपीसी कार्यालय को तत्काल मानदेय भुगतान सुनिश्चित कर मूल्यांकन कार्य आरंभ करवाने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्टर के आदेशों का पालन करते हुए रविवार के दिन अवकाश होने के बावजूद डीपीसी कार्यालय ने मूल्यांकनकर्ताओं के भुगतान के लिए बिल तैयार किए। इसके बाद नैनपुर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय के मूल्यांकन केंद्र प्रभारी के खाते में राशि अंतरित कर दी गई। भुगतान की पुष्टि होते ही सोमवार, 09 मार्च 2026 की सुबह सभी शिक्षक मूल्यांकन केंद्र पहुँचे और उत्तर पुस्तिकाओं की जाँच का कार्य शुरू कर दिया।
शिक्षकों ने जताया आभार
मूल्यांकन कार्य में संलग्न शिक्षकों ने अपनी समस्या को गंभीरता से लेने के लिए जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा का धन्यवाद ज्ञापित किया है। साथ ही, त्वरित कार्यवाही के लिए डीपीसी कार्यालय, एपीसी शेषमणि गौतम और नैनपुर बीआरसी विजेंद्रधर द्विवेदी का आभार व्यक्त किया।
भुगतान की लंबित मांग और चेतावनी
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने गंभीर मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से कक्षा 5वीं-8वीं और 9वीं-11वीं की उत्तर पुस्तिकाएँ जाँचे वाले शिक्षकों को उनका मानदेय नहीं मिल रहा है, जबकि राज्य शासन द्वारा यह राशि पूर्व में ही जारी की जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि डीपीसी और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा सभी शिक्षकों को समय पर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो शिक्षकों को मजबूरन धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
क्या बोले अधिकारी ?
इस संबंध में एपीसी शेषमणि गौतम ने बताया कि 5वीं-8वीं कक्षा के वर्ष 2023-24 की लंबित राशि का भुगतान संबंधित मूल्यांकन केंद्र प्रभारियों के खाते में कर दिया गया है, जिसे शीघ्र ही सभी मूल्यांकनकर्ताओं के व्यक्तिगत खातों में जमा करवा दिया जाएगा।











