जबलपुर-चांदा फोर्ट एक्सप्रेस की समय-सारणी और रूट बदलने की मांग तेज
- यात्री सुविधाओं के अनुकूल नहीं संचालन
- नैनपुर, बालाघाट और गोंदिया के यात्रियों को हो रही परेशानी
मंडला महावीर न्यूज 29. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के बीच संचालित होने वाली जबलपुर-चांदा फोर्ट एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22174/22173) इन दिनों अपनी लेटलतीफी और अव्यावहारिक समय-सारणी के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है। सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार) चलने वाली इस ट्रेन के परिचालन को लेकर यात्रियों और रेल प्रेमियों में भारी असंतोष है।
यात्रियों की कमी और अव्यवस्था का आलम
स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों का कहना है कि वर्तमान समय-सारणी और रूट यात्रियों की सुविधा के बिल्कुल अनुकूल नहीं है। ट्रेन में यात्रियों की संख्या नगण्य होने के कारण डिब्बों की साफ-सफाई तक ठीक से नहीं हो पाती। लेटलतीफी का आलम यह है कि ट्रेन के जबलपुर पहुँचने का निर्धारित समय रात 8:15 बजे है, लेकिन यह अक्सर रात 11 से 12 बजे के बाद ही पहुँचती है। समय की अनिश्चितता के कारण रेल यात्रियों के लिए इस ट्रेन में यात्रा करना निरर्थक साबित हो रहा है।
वैकल्पिक ट्रेनों से भी नहीं हो पा रहा तालमेल
यात्रियों ने बताया कि जबलपुर से रायपुर के लिए सुबह 6:00 बजे ‘मुक माटी एक्सप्रेस’ (नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया होते हुए) और सुबह 7:00 बजे ‘जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर’ रवाना होती है। चांदा फोर्ट एक्सप्रेस का समय इनसे भी मेल नहीं खाता, जिससे यात्रियों को कोई विशेष लाभ नहीं मिल पा रहा है।
दैनिक संचालन और रूट विस्तार की मांग
रेल यात्रियों की प्रमुख मांग है कि जबलपुर-चांदा फोर्ट एक्सप्रेस का परिचालन जबलपुर से सीधे नागपुर के लिए रोजाना किया जाए। यदि इस ट्रेन को प्रतिदिन नागपुर के लिए चलाया जाता है, तो न केवल रेलवे की आय में वृद्धि होगी, बल्कि नैनपुर, बालाघाट और गोंदिया मार्ग के यात्रियों को नागपुर तक जाने के लिए एक सुगम और बेहतर विकल्प मिल सकेगा।
जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की अपील
क्षेत्रीय जनता ने स्थानीय सांसद और विधायकों से मांग की है कि वे इस मामले में रेल मंत्री से सकारात्मक पहल करें। लोगों का मानना है कि यदि इस ट्रेन को नागपुर तक के लिए नियमित किया जाता है, तो यह दक्षिण-पूर्व मध्य रेलवे के यात्रियों के लिए जीवन रेखा साबित होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।









