नारायणगंज में बेटियों ने दिखाया दम
महिला दिवस पर खेल प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
- फिट इंडिया के संदेश के साथ जागरूक हुआ नारायणगंज
- अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बालिकाओं के साथ भरी हुंकार
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और फिट इंडिया वूमेंस वीक के तहत ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज में परियोजना स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजित कार्यक्रम में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। कुर्सी दौड़ में 15 बालिकाओं ने भाग लिया, जिसमें सौम्या सोनी ने प्रथम, जानवी ने द्वितीय और शिवानी सिंगरौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
नींबू चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में 36 बालिकाओं के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। भूमिका चक्रवर्ती पहले, शिवानी सिंगरौर दूसरे और सोनाली सोनवानी तीसरे स्थान पर रहीं। इसके साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता में रचनात्मकता के इस मुकाबले में 12 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। सौम्या सोनी ने प्रथम, अनन्या अग्रवाल ने द्वितीय और वैष्णवी झारिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में सरपंच राजकुमार तेकाम द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
महिला सशक्तिकरण के लिए निकाली साइकिल रैली
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत पड़रिया में एक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य फिट इंडिया अभियान के प्रति जागरूकता फैलाना और महिला सशक्तिकरण का संदेश देना था। परियोजना अधिकारी संजीव मोहर और पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से स्वास्थ्य और स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। इस अवसर पर सरपंच राजकुमार तेकाम, उपसरपंच विवेक सोनी, सचिव अभिषेक शर्मा, पंच रामकुमार साहू सहित महिला बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और ग्रामीण जन समुदाय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वल्पाहार वितरण और आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।









