लाइनमैन दिवस पर पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने किया कर्मयोगियों का सम्मान
- अधिकारियों ने बताया विद्युत व्यवस्था की रीढ़
- 132 केवी सब स्टेशन में लाइनमैन दिवस मनाया
- उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारियों को मिले शील्ड और मोमेंटो
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा शनिवार को लाइनमैन दिवस के अवसर पर एक समारोह का आयोजन किया गया। 132 केवी सब स्टेशन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने वाले मैदानी अमले का उत्साहवर्धन और सम्मान किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक शिव योगी हीरेपथ रहे। कार्यक्रम में 132 केवी सब स्टेशन के पर्यवेक्षक केएस मरावी और बालाघाट मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने सभी लाइन परिचारकों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने वाले लाइनमैन वास्तव में विद्युत विभाग की रीढ़ हैं।
उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड, जबलपुर की ओर से उपस्थित कर्मचारियों को उनके निष्ठापूर्ण कार्य के लिए शील्ड एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में मुख्य रूप से कामराज धुर्वे, संदीप पटले, राजकुमार कातुरे, कमलेश ठाकरे, खोमेन्द्र पटले, रमेश मरावी एवं उदयजीत सिंह कुमरे शामिल रहे।
निष्ठा का लिया संकल्प
सम्मान से उत्साहित कर्मचारियों ने विभाग के प्रति अपनी कर्तव्यपरायणता को और अधिक मजबूती से निभाने का संकल्प लिया। यह आयोजन विभाग के भीतर आपसी सहयोग और प्रेरणा का संचार करने में सफल रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और आपसी शुभकामनाओं के साथ हुआ।









