नर्मदा तट पर एसडीईआरएफ का हैरतअंगेज लाइव डेमो

नर्मदा तट पर एसडीईआरएफ का हैरतअंगेज लाइव डेमो

आपदा से निपटने के सिखाए गुर

  • नेहरू पार्क में आपदा प्रबंधन कार्यशाला
  • डूबते को बचाने और आग पर काबू पाने की दी गई ट्रेनिंग

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्थानीय नेहरू पार्क और नर्मदा तट पर एसडीईआरएफ एवं नगरपालिका के समन्वय से आपदा प्रबंधन कार्यशाला व मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आपदा के समय त्वरित बचाव और सुरक्षा तकनीकों का सजीव प्रदर्शन (लाइव डेमो) किया गया।
कार्यशाला के दौरान एसडीईआरएफ के जवानों ने नर्मदा नदी की लहरों के बीच बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। टीम ने दिखाया कि यदि रेस्क्यू के दौरान नाव अनियंत्रित होकर पलट जाए, तो उस स्थिति को कैसे संभाला जाए। विशेषज्ञों ने डूबते हुए व्यक्ति को बचाने के लिए चिन पुलिंग और हेड पुलिंग जैसी तकनीकों की जानकारी दी।

घरेलू संसाधनों का प्रभावी उपयोग 

टीम ने बताया कि पेशेवर उपकरणों के अभाव में सामान्य बोतलों, रस्सी और साड़ी जैसी घरेलू वस्तुओं का उपयोग कर कैसे जान बचाई जा सकती है। इसके साथ ही लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और फेंडर फ्लोटीन बॉल जैसे आधुनिक उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया। खाली प्लास्टिक बोतलों से बनाई गई लाइफ सेविंग सामग्री आकर्षण का केंद्र रही।

अग्नि और रासायनिक दुर्घटनाओं पर केंद्रित अभ्यास 

आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए विशेष मॉकड्रिल की गई। इसमें पानी, रेत और अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का तरीका बताया गया। इसके साथ ही रासायनिक या औद्योगिक दुर्घटना होने पर किए जाने वाले प्राथमिक बचाव कार्यों की विस्तार से जानकारी साझा की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति 

इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर संस्कार बावरिया सहित तहसीलदार और एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने टीम के जज्बे और कौशल की सराहना की।



 

Leave a Comment