अपर कलेक्टर का बड़ा एक्शन
तीन विभागों में औचक निरीक्षण में 56 कर्मचारी मिले नदारद, थमाया नोटिस
- मंडला में प्रशासनिक हड़कंप
- समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे 56 अधिकारी-कर्मचारी
- अपर कलेक्टर ने काटी हाजिरी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला प्रशासन ने शासकीय कार्यालयों में कार्य के प्रति लापरवाही और लेटलतीफी बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। शुक्रवार सुबह अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह ने जिला मुख्यालय के तीन प्रमुख शिक्षा विभागों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कुल 56 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह शुक्रवार सुबह अचानक सहायक आयुक्त कार्यालय जनजातीय कार्य, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और परियोजना अधिकारी जिला शिक्षा केन्द्र पहुंचे। कार्यालय खुलने के निर्धारित समय के बाद भी बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी कुर्सियों से गायब थे। इस स्थिति को देखते हुए अपर कलेक्टर ने तत्काल उपस्थिति पंजी जब्त कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिले आंकड़ों के अनुसार प्रशासन नेकर्मचारियों पर कार्रवाई की है। जिसमें सहायक आयुक्त कार्यालय जनजातीय कार्य विभाग में 33 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। परियोजना अधिकारी कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र में 16 कर्मचारी अनुपस्थित। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 07 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह ने अनुपस्थित मिले सभी 56 अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी में लाल स्याही से अनुपस्थिति दर्ज की। उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक जनजातीय कार्य रंजीत गुप्ता, बोर्ड परीक्षा प्रभारी महेन्द्र श्रीवास एवं एपीसी केके उपाध्याय उपस्थित रहे।











