माधोपुर बाईपास पर भीषण सड़क हादसा
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल
- एंबुलेंस के इंतजार में बीता कीमती समय
- दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर उपचार मिलने में हुई देरी
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनिया चौकी क्षेत्र के अंतर्गत माधोपुर बाईपास पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी अनुसार माधोपुर बाईपास पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भागपुर सिमईया निवासी जयपाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 मौके पर पहुंची और उसे तुरंत अंजनिया अस्पताल ले गई, जहाँ चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस दुर्घटना में मानिकपुर निवासी दीपक ध्रुवे और चिरईडोंगरी निवासी एक युवती भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
एंबुलेंस की लेटलतीफी बनी परेशानी का सबब
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस का काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एंबुलेंस के समय पर न पहुँचने के कारण घायलों को तत्काल उपचार मिलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। अंजनिया पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और मामले की सघनता से जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️










