148वीं वाहिनी सीआरपीएफ के जवानों ने खेली उमंग की होली
- आपसी भाईचारे का दिया संदेश
- सीआरपीएफ कैंप में बिखरे खुशियों के रंग
मंडला महावीर न्यूज 29. रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के महापर्व होली के अवसर पर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल की 148वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ खुशियां मनाईं। वाहिनी के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणि के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस लाइन और वाहिनी मुख्यालय में उत्सव का माहौल पैदा कर दिया।
आयोजन का शुभारंभ 2 मार्च को पुलिस लाइन मंडला के मैदान में होलिका दहन के साथ हुआ। परंपरा के अनुसार होलिका पूजन किया गया और बुराई पर अच्छाई की जीत का संकल्प लिया गया। मुख्य कार्यक्रम 4 मार्च को वाहिनी मुख्यालय प्रांगण में आयोजित हुआ। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी रत्नेश कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कठिन परिस्थितियों में देश सेवा में जुटे जवानों के लिए यह अवसर मानसिक शांति और उल्लास का संदेश लेकर आया।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर रत्नेश कुमार सिंह ने बल के सभी अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को होली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली का यह पर्व प्रेम, उल्लास और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। हमारे जवानों का यह उत्साह बल की एकता और अनुशासन को और मजबूती प्रदान करता है। इस आयोजन में वाहिनी के सभी वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं भारी संख्या में जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।









