मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोहगांव पुलिस ने दिखाई तत्परता
- आयशर ट्रक से 27 मवेशियों का अवैध परिवहन पकड़ा, आरोपी गिरफ्तार
- कीचड़ में फंसे ट्रक से मवेशियों को कराया मुक्त
- आरोपी जबलपुर निवासी पर मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहगाँव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक आयशर ट्रक से कू्ररतापूर्वक ले जाए जा रहे 27 मवेशियों को जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 8.30 बजे थाना मोहगाँव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बायपास रोड के किनारे एक आयशर ट्रक क्रमांक एमपी 07 जीए 9127 कीचड़ में फंसा हुआ है, जिसमें अवैध रूप से मवेशियों को ठूस-ठूस कर भरा गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वेदराम हनोते के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पोकलेन मशीन से मवेशियों का किया रेस्क्यू
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मवेशियों को रस्सियों से सींग और पैरों में बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ट्रक में लादा गया था। वाहन फंसा होने के कारण पुलिस ने पोकलेन मशीन की सहायता ली और सभी 27 मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल मवेशियों के तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को मौके पर बुलाया गया।
वाहन समेत एक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से वाहन चालक शेख रहीम 54 वर्ष, निवासी लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, जबलपुर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मवेशी और ट्रक को जब्त किया है। बताया गया कि वाहन में ले जाए जा रहे 27 नग मवेशी जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख 25 हजार और आयशर ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 22 लाख रूपए बताई गई है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वेदराम हनोते, उप निरीक्षक नंदश्याम धुर्वे, सउनि अशवंत सोनवानी, कमल पडवार, चन्द्रकुमार अहिरवार, आरक्षक बलवंत मरावी, नवीन उइके, खेमसिंह मरकाम एवं चालक आरक्षक रेवा मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।











