सपनों को मिले पंख, हवाई सफर से रोजगार की उड़ान

Advertisements

सपनों को मिले पंख, हवाई सफर से रोजगार की उड़ान

  • सरदार पटेल की 32 बेटियों ने रचा इतिहास
  • आईटीआई कौशल कॉलेज की 32 छात्राओं का बेंगलुरु की प्रतिष्ठित कंपनी में चयन

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के सरदार पटेल आईटीआई कौशल कॉलेज में खुशियों का एक अनूठा दृश्य देखने को मिला। मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग और परम फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित कौशल कॉलेज के बैच-3 की 32 छात्राओं ने अपनी एक वर्षीय ट्रेनिंग पूरी कर बेंगलुरु की नामी कंपनी में नियुक्ति प्राप्त की है।बताया गया कि इन छात्राओं की सफलता का जश्न तब और बढ़ गया जब ये बेटियाँ इंदौर से बेंगलुरु के लिए इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट से अपनी पहली हवाई यात्रा पर रवाना हुईं। विदाई का क्षण भावुक कर देने वाला था, जहाँ एक 80 वर्षीय बुजुर्ग दादी ने हरी झंडी दिखाकर इन ग्रामीण बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त की। चयनित छात्राओं को 21 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ कंपनी द्वारा भोजन और आवास की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।इस गौरवशाली अवसर पर परम फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक शैलेन्द्र वामन, ऑपरेशन लीड कैप्टन संदीप गोस्वामी सेवानिवृत्त, एडमिन बिरेंद्र राठौर और सीनियर फैकल्टी मिथुन जाबकर सहित समस्त स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे। यह पहल न केवल रोजगार का अवसर है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।


 


 

Leave a Comment