बेटियों की सुरक्षा का कवच HPV
मंडला में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का आगाज़
- सर्वाइकल कैंसर से मिलेगी मुक्ति
- पीएम मोदी की पहल
- 14-15 वर्ष की किशोरियों को लगेगा एचपीवी का सुरक्षा टीका
- जिला अस्पताल में हुआ भव्य शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29 | महिलाओं में होने वाले गंभीर सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) की रोकथाम के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन मुहिम का शनिवार, 28 फरवरी 2026 को जिला चिकित्सालय मण्डला में विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्रधानमंत्री का संबोधन और विजन
अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर (राजस्थान) से की गई, जिसका सीधा प्रसारण जिला चिकित्सालय के ओपीडी प्रांगण में दिखाया गया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि 14 से 15 वर्ष की बेटियों का यू-विन (U-Win) पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराकर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें कैंसर जैसे जानलेवा खतरे से बचाया जा सके।
मंडला में स्थानीय स्तर पर शुभारंभ
मंडला जिला मुख्यालय पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम के कर-कमलों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह निःशुल्क टीका पहल बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक क्रांतिकारी कदम है।
अभियान की मुख्य बातें:
- पात्रता: यह टीका 14 से 15 वर्ष की उन किशोरियों को लगेगा जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं आया है।
- अवधि: यह विशेष अभियान आगामी 3 माह तक (शासकीय अवकाश छोड़कर) निरंतर संचालित किया जाएगा।
- स्थान: जिला चिकित्सालय के अलावा सिविल अस्पताल नैनपुर और जिले के 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (बम्हनी, बिछिया, बीजाडांडी, घुघरी, मवई, मोहगांव, नारायणगंज एवं निवास) में टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
विशेषज्ञों की राय
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. डी.जे. मोहन्ती ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसका एकमात्र डोज ही सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को खत्म करने में सक्षम है। उन्होंने इस महाअभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग और महिला बाल विकास विभाग के समन्वय पर जोर दिया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्री शैलेष मिश्रा, डीपीसी श्री कुलदीप कटहल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. मरकाम, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, नोडल अधिकारी डॉ. वैभव पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, फार्मासिस्ट श्री शरद मेश्राम और बड़ी संख्या में किशोरियां एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।












