2200 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

कान्हा टाइगर रिजर्व: ईको विकास समितियों के खेल महाकुंभ का भव्य समापन

2200 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

  • खेलों के जरिए वन्यजीव संरक्षण का संदेश
  • कान्हा प्रबंधन ने 136 समितियों के साथ साधा संवाद
  • विजेता टीमें सम्मानित


मंडला महावीर न्यूज 29 | कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा स्थानीय समुदायों के साथ समन्वय और संवाद सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन 26 फरवरी 2026 को ईको सेंटर, खटिया में संपन्न हुआ। 16 फरवरी से शुरू हुई इस प्रतियोगिता ने खेल भावना के साथ-साथ वन्यजीव और वन सुरक्षा के प्रति जागरूकता का अनूठा उदाहरण पेश किया।

प्रतियोगिता का सफर: 9 परिक्षेत्र, 2214 खिलाड़ी

दो चरणों में आयोजित इस स्पर्धा के प्रथम चरण में कान्हा के 9 परिक्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली 136 ईको विकास समितियों के 2214 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने कबड्डी और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रत्येक परिक्षेत्र की विजेता समितियों को अंतिम चरण (फाइनल्स) के लिए खटिया बुलाया गया, जहाँ 153 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।

गरिमामयी उपस्थिति में पुरस्कार वितरण

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, क्षेत्र संचालक श्री रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, जनपद पंचायत बिछिया अध्यक्ष श्रीमती शकुना उइके, उप संचालक (बफर) श्रीमती अमिता के.बी. और खटिया सरपंच श्रीमती श्यामवती उइके विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उप-विजेता समितियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

संरक्षण और अग्नि सुरक्षा का संकल्प

इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि कान्हा प्रबंधन द्वारा लगभग 9000 से अधिक ग्रामीणों तक सीधी पहुंच बनाना रहा। खेलकूद के माध्यम से ग्रामीणों को वन्यजीव सुरक्षा और विशेषकर आगामी गर्मी के सीजन को देखते हुए वनों को आग से बचाने (अग्नि सुरक्षा) के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में कान्हा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक, समस्त परिक्षेत्र अधिकारी, मैदानी अमला, ईको विकास समितियों के अध्यक्ष-सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस तरह के आयोजनों से विभाग और ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास और मजबूत होगा।



Leave a Comment