सत्यमेव जयते: मंडला में ‘आप’ कार्यकर्ताओं का जश्न

सत्यमेव जयते: मंडला में ‘आप’ कार्यकर्ताओं का जश्न

  • चिलमन चौक पर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशियां
  • न्यायालय से राहत के बाद आम आदमी पार्टी ने मनाया विजय उत्सव
  • कार्यकर्ताओं ने उड़ाया गुलाल

मंडला महावीर न्यूज 29. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को मिली राहत के बाद मण्डला जिले में भी उत्साह की लहर देखी गई। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस अदालती फैसले को ‘ईमानदारी की जीत’ करार देते हुए जोरदार जश्न मनाया।

चिलमन चौक पर थिरके कार्यकर्ता

राहत की खबर मिलते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मण्डला के प्रमुख स्थल चिलमन चौक पर एकत्रित हुए। यहाँ कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। इस दौरान राहगीरों और समर्थकों के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं।

पार्टी नेतृत्व का पक्ष

आम आदमी पार्टी मंडला के कार्यकारी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने इस अवसर पर कहा कि यह फैसला न्यायपालिका की निष्पक्षता और लोकतंत्र की मजबूती का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा:

“लंबे समय से राजनीतिक द्वेष के चलते पार्टी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अदालत के निर्णय ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह सहित हमारे नेताओं को मिली यह राहत जनता के विश्वास की जीत है।”

अदालती टिप्पणी पर जोर

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, अदालत ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य न मिलने की बात कही और जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में न्यायिक प्रक्रिया सर्वोपरि है और इस निर्णय से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आगामी समय में संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर पूरी सक्रियता से काम करेंगे।

जश्न में ये रहे शामिल

विजय उत्सव के दौरान पंकज सोनी, आनंद प्रकाश तिवारी, हितेंद्र सिंह, शिशु सिंधु भलावी, नितिन झरिया, मुकेश तुमराली, धीरज पनरिया, पंकज पनरिया, राजेश महोबिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।


Leave a Comment