मचलेश्वर मेले में चाक-चौबंद होगी सुरक्षा
एसपी रजत सकलेचा ने खुद संभाला मोर्चा, दिए कड़े निर्देश
- बिना हेलमेट और नंबर प्लेट वाले वाहनों का मेले में प्रवेश वर्जित
- झूलों के लिए भी सुरक्षा प्रमाण पत्र अनिवार्य
मंडला महावीर न्यूज 29. ऐतिहासिक मचलेश्वर मेला हिरदेनगर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मेला स्थल का विस्तृत भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। एसपी ने भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रात के समय दृश्यता बढ़ाने के लिए रेडियम युक्त बैरिकेड और स्टॉपर का उपयोग करने को कहा गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड को निर्धारित और सुलभ स्थान पर तैनात रखने की हिदायत दी गई।
यातायात और झूलों पर सख्त नियम
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देशित किया है कि बिना हेलमेट वाले वाहनों का मेला क्षेत्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बिना नंबर प्लेट और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। मेले में लगने वाले झूलों को प्रशासनिक अनुमति और भौतिक सत्यापन के बाद ही संचालित करने दिया जाएगा, जिससे किसी दुर्घटना की गुंजाइश न रहे।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान महाराजपुर थाना प्रभारी जय सिंह यादव, हिरदेनगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हरछट ठाकुर, मेला प्रभारी सुरजीत सिंह परमार, उप निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित मेले में तैनात भारी पुलिस बल उपस्थित रहा। एसपी ने निर्देशित किया कि पशुओं को सड़क से दूर निर्धारित स्थान पर रखा जाए जिससे आवाजाही में कोई बाधा न आए।










