लापरवाही की इंतहा
चकदेही घाट में 5 दिनों से पलटा है सीमेंट भरा टैंकर, राहगीर परेशान
- मंडला-निवास मार्ग किनारे पड़ा भारी वाहन दे रहा हादसों को न्योता
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-निवास मुख्य मार्ग पर स्थित चकदेही घाट में पिछले पांच दिनों से एक भारी सीमेंट टैंकर पलटा हुआ है, जो अब यातायात के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। पांच दिन बीत जाने के बाद भी वाहन को न हटाए जाने से घाट की संकरी सड़क पर आवाजाही करने वाले चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी अनुसार यह हादसा लगभग पांच दिन पहले हुआ था जब सीमेंट से लोड यह टैंकर पन्ना जिले की ओर जा रहा था। चकदेही घाट के मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस गंभीर हादसे में चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई।
यातायात हो रहा प्रभावित
हादसे के बाद से ही यह भारी वाहन मुख्य मार्ग के किनारे उसी स्थिति में पड़ा हुआ है। घाट का रास्ता पहले से ही चुनौतीपूर्ण है और अब इस टैंकर के कारण बड़े वाहनों को गुजरने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि रात के अंधेरे में यहाँ दूसरा बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है। पन्ना की ओर जा रहे इस सीमेंट टैंकर को हटाने के लिए अभी तक संबंधित विभाग या वाहन मालिक की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। क्षेत्र के नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा की दृष्टि से जल्द से जल्द क्रेन के माध्यम से इस टैंकर को मार्ग से हटवाया जाए।











