भीषण सड़क हादसा
NH-30 पर बोलेरो और बाइक की जोरदार भिड़ंत
- युवक की मौके पर ही मौत
- बिछिया के पास दर्दनाक हादसा
- घर लौट रहे युवक को बोलेरो ने मारी टक्कर
- खेत में जा घुसी गाड़ी
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार देर रात एक हृदय विदारक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणेश पेट्रोल पंप के पास रात करीब 3 बजे की है, जहाँ एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद उड़े बाइक के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भिड़ंत के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा उतरी। हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान सिझोरा निवासी अभय जोगी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभय बिछिया स्थित एक दुकान में काम करता था और रात के समय अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी वह इस हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने आधिकारिक तौर पर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।










