सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, घुघरी के गौरव में जुड़ा नया अध्याय
- विधायक नारायण सिंह पट्टा ने सौंपी वीरांगना रानी दुर्गावती और त्यागी जी महाराज की प्रतिमाएं
- विधायक निधि से घुघरी को मिलीं दो भव्य प्रतिमाएं
- जल्द होगा भव्य अनावरण समारोह
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्रीय विकास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने घुघरी वासियों को एक बड़ी सौगात दी है। विधायक निधि के माध्यम से तैयार की गई अदम्य साहस की प्रतीक अमर शहीद वीरांगना रानी दुर्गावती और आध्यात्मिक आस्था के केंद्र परम पूज्य त्यागी जी महाराज की भव्य प्रतिमाएं आज विधिवत रूप से ग्राम पंचायत एवं स्थानीय नागरिकों को सौंप दी गईं।
इन प्रतिमाओं को नगर के दो प्रमुख स्थानों पर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। यहां वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो आने वाली पीढिय़ों को उनके शौर्य और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के पूज्य त्यागी जी महाराज की प्रतिमा विराजित होगी, जो आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनेगी।
भव्य अनावरण की तैयारी
इन प्रतिमाओं के निर्माण में विधायक श्री पट्टा के विशेष प्रयासों के साथ ग्राम पंचायत और नगरवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। प्रतिमाओं की कलात्मकता और मजबूती के लिए तकनीकी विशेषज्ञ विनय चौकसे के मार्गदर्शन में विशेष बारीकियों का ध्यान रखा गया है। प्रतिमाएं सौंपते हुए विधायक नारायण सिंह पट्टा ने बताया कि इन प्रतिमाओं के स्थापना स्थल पर भव्य मंच तैयार किए जा चुके हैं। जल्द ही शुभ मुहूर्त देखकर एक विशाल जन-समारोह के साथ इन प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा। इस सौगात से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है और उन्होंने इस कार्य के लिए विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामवासी उपस्थित रहे।










