नई पहल, खेलकूद, कठिन तपस्या, किक्रेट, महोत्सव, कार्यक्रम, धर्म-कर्म, ग्रहण, अनोखी पहल, आयोजन, हादसा, अभियान

Advertisements

नई पहल, खेलकूद, कठिन तपस्या, किक्रेट, महोत्सव, कार्यक्रम, धर्म-कर्म, ग्रहण, अनोखी पहल, आयोजन, हादसा, अभियान


देवरी कला में शांति समिति की पहल

गाली-गलौज और धमकी देने वाले पर लगाया 1100 का अर्थदंड

  • बबलिया में शांति समिति की बैठक संपन्न
  • आपसी विवाद सुलझाया, आरोपी को दोबारा गलती न करने की दी हिदायत

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम पंचायत देवरी कला बबलिया में सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गांव के एक आपसी विवाद के मामले पर सुनवाई करते हुए समिति द्वारा त्वरित निर्णय लिया गया।जानकारी अनुसार आवेदक राजू मरावी पिता स्वर्गीय धर्म सिंह मरावी ने समिति के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम के बंसी कुलस्ते द्वारा उनके साथ बेवजह गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए शांति समिति के सदस्यों ने दोनों पक्षों को सुना और विवेचना की।

दी सख्त हिदायत 

शांति समिति की बैठक में पूछताछ के दौरान बंसी कुलस्ते ने अपना दोष स्वीकार कर लिया। इस पर समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से आरोपी पर 1100 रुपये का अर्थदंड लगाया। इसके साथ ही उसे सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस प्रकार की गलती दोबारा न दोहराई जाए। समिति ने स्पष्ट किया कि यदि पुनरावृत्ति होती है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी।

बैठक में ये रहे मौजूद 

ग्राम की शांति समिति की इस बैठक में अध्यक्ष रामेश वरकड़े, सरपंच संजय सोनी, उपसरपंच संजय सोनी, नंदू राम बरकड़े, कर्म सिंह वरकड़े, कलय बरकड़े, लालाराम कुलस्ते और भुरसा कुलस्ते प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही मातृशक्ति की ओर से श्रीमती जानकी देवी, श्रीमती सुंदरिया, श्रीमती रामवती बाई, श्रीमती गीता बाई और प्रशासनिक अमले से सचिव दिनेश यादव, सहायक सचिव कुमारी प्रियंका मरावी तथा घनश्याम सेन सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने ग्राम में शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।



मंडला पुलिस का नंबर प्लेट स्ट्राइक

एक ही दिन में 101 वाहनों पर कार्रवाई, मौके पर ही लगवाए नंबर प्लेट

  • सड़कों पर बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहनों पर कसा शिकंजा
  • एसपी के निर्देश पर कोतवाली, महाराजपुर और यातायात पुलिस की संयुक्त दबिश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध वाहनों पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को मंडला पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत न केवल चालान काटे गए, बल्कि वाहन स्वामियों से मौके पर ही नंबर प्लेट लगवाकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।

संयुक्त टीम ने की 101 वाहनों पर कार्रवाई

एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न प्रवेश द्वारों और संवेदनशील पॉइंट पर तीन थानों की पुलिस ने संयुक्त मोर्चा संभाला। कार्रवाई के दौरान थाना यातायात पुलिस ने सर्वाधिक 40 वाहनों पर कार्रवाई है। थाना कोतवाली पुलिस ने 35 बिना नंबर वाले वाहनों को पकड़ा है। वहीं थाना महाराजपुर पुलिस ने 26 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान बनाए। कुल 101 वाहनों के विरुद्ध की गई इस कार्रवाई से उन वाहन चालकों में हड़कंप मच गया जो पहचान छिपाने या लापरवाही के चलते बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित कर रहे थे।

मौके पर ही सुधार और समझाइश

मंडला पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक सकारात्मक पहल भी की। कई वाहनों में मौके पर ही वैध नंबर प्लेट लगवाई गई ताकि वे भविष्य में नियमों के दायरे में रहें। साथ ही, पुलिस अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों को वाहन के वैध दस्तावेज साथ रखने और अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सख्त समझाइश दी गई।

सुरक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को देखते हुए यह चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान, यातायात प्रभारी ललित धुर्वे और महाराजपुर थाना प्रभारी जय सिंह यादव सहित उनकी टीमों की सक्रिय भूमिका रही।

प्रशासन की अपील 

मंडला पुलिस नागरिकों से अनुरोध करती है कि वे अपने वाहनों पर स्पष्ट और वैध नंबर प्लेट लगवाएं। यह न केवल यातायात नियमों का हिस्सा है, बल्कि आपकी सुरक्षा और वाहन की पहचान के लिए भी अनिवार्य है।



मनेरी नरसंहार

6 जिंदगियां लीलने वाले दरिंदे को मिली फांसी की सजा

  • कोर्ट ने माना विरल से विरलतम मामला
  • न्याय की हुई जीत, 2 मासूमों सहित 6 की हत्या करने वाले हरीश को मृत्युदंड
  • फैसले के बाद तालियों से गूंज उठा परिसर

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के अंतर्गत आने वाले बीजाडांडी थाना क्षेत्र मनेरी में करीब साढ़े पांच साल पहले हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड में न्याय की बड़ी जीत हुई है। गुरुवार 26 फरवरी को निवास के अपर सत्र न्यायाधीश प्रवीण कुमार सिन्हा ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी हरी उर्फ हरीश सोनी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। न्यायालय ने इस कू्ररतम कृत्य को रेयरेस्ट ऑफ रेयर (विरल से विरलतम) श्रेणी में रखते हुए दोषी को समाज में रहने के अयोग्य माना है।जानकारी अनुसार घटना 15 जुलाई 2020 की है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। मनेरी निवासी आरोपी हरीश सोनी को इस नरसंहार हत्या के लिए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके भाई संतोष सोनी जो कि पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है उसने अपने ही सगे संबंधियों पर कुल्हाड़ी और तलवार से खूनी तांडव मचाया था। बताया गया कि विवाद की जड़ प्रधानमंत्री आवास का कैंसिल होना और पारिवारिक रंजिश थी। आरोपियों को शक था कि उनके भाई और उप-सरपंच विनोद सोनी व राजेंद्र सोनी ने उनका आवास निरस्त कराया है। इसी प्रतिशोध की आग में जलते हुए दोनों भाइयों ने नरसंहार को अंजाम दिया।

खूनी तांडव-6 लोगों की निर्मम हत्या 

बताया गया कि फरियादी संतोष उर्फ गुड्डा सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने सबसे पहले राजेंद्र (रज्जन) सोनी और उनकी बेटी रानू पर हमला किया। हमला इतना बर्बर था कि दोनों की गर्दन और सिर पर गहरे घाव थे और लाशों पर मिर्ची पाउडर छिड़का गया था। इसके बाद दरिंदों ने छोटे भाई विनोद सोनी जो उप-सरपंच थे उनकी हत्या की। इसके साथ बाद मासूम बच्चें जिसमें ओम सोनी 8 वर्ष और श्रीयांश सोनी 6 वर्ष को भी नहीं बख्शा और उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके साथ ही राजेंद्र सोनी के समधी दिनेश सोनी की भी हत्या कर दी। बताया गया कि बीच-बचाव करने आए नितिन सोनी, प्रमोद सोनी, रिंकी सोनी, सानू तिवारी और सुनील तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पुलिस पर किया हमला, एक आरोपी की एनकाउंटर में मौत 

घटना के वक्त आरोपी हाथ में नंगी तलवार और कुल्हाड़ी लेकर गांव में खुलेआम घूम रहे थे। सूचना मिलते ही बीजाडांडी, निवास और टिकरिया थाने का बल मौके पर पहुंचा। जब पुलिस ने इन्हें पकडऩे की कोशिश की, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें एक आरोपी संतोष सोनी मौके पर ही मारा गया, जबकि हरीश सोनी के पैर में गोली लगी और उसे काबू में किया गया।

न्यायालय का सख्त फैसला 

न्यायाधीश प्रवीण कुमार सिन्हा ने अभियोजन पक्ष के तर्कों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हरीश सोनी को विभिन्न धाराओं में सजा सुनाई। प्रत्येक हत्या के लिए मृत्युदंड और और तीन हजार रुपये अर्थदंड। पांच हत्या के प्रयास में 5 बार आजीवन कारावास और 2500 रुपये अर्थदंड। इसके साथ ही 10 वर्ष सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड। आम्र्स एक्ट के तहत 2 वर्ष कारावास और 1000 रुपये अर्थदंड। कुल मिलाकर आरोपी पर 7000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

अदालत में गमगीन माहौल और गूूंज उठी तालियां 

जैसे ही यह खबर फैली कि आज फैसले का दिन है, न्यायालय परिसर छावनी में तब्दील हो गया। बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन और ग्रामीण कोर्ट पहुंचे। आरोपी को देखते ही परिजन रोने-बिलखने लगे और बार-बार पूछते रहे कि आखिर उन मासूम बच्चों का क्या कसूर था। जैसे ही न्यायाधीश ने सजा-ए-मौत का ऐलान किया, पूरा न्यायालय परिसर तालियों की गडग़ड़ाहट से गूँज उठा। लोगों ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब मिलेगी आत्मा को शांति 

मृतक परिवार के सदस्यों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे इस फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि साढ़े पांच साल से हम न्याय का इंतजार कर रहे थे। आज हमारे अपनों और उन दो मासूम बच्चों की आत्मा को शांति मिलेगी। हालांकि उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि सजा के क्रियान्वयन में देरी न की जाए और दरिंदे को जल्द से जल्द फांसी पर लटकाया जाए।

पुलिस प्रशासन रहा सतर्कता 

फैसले के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिला पुलिस लाइन की विशेष गार्ड और निवास थाना प्रभारी गोपाल घासले के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। अभियोजन की ओर से सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी उज्ज्वला उईके ने मामले की पैरवी की। इस सनसनीखेज मामले को सुलझाने और सजा दिलाने में तत्कालीन थाना प्रभारी सुदर्शन टोप्पो, एसएस उसराठे, उप निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा, शशांक शुक्ला और आरक्षक रोशनलाल सिंगरौरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


भीषण सड़क हादसा

NH-30 पर बोलेरो और बाइक की जोरदार भिड़ंत

  • युवक की मौके पर ही मौत
  • बिछिया के पास दर्दनाक हादसा
  • घर लौट रहे युवक को बोलेरो ने मारी टक्कर
  • खेत में जा घुसी गाड़ी

मंडला महावीर न्यूज 29.  नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार देर रात एक हृदय विदारक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गणेश पेट्रोल पंप के पास रात करीब 3 बजे की है, जहाँ एक तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।

टक्कर के बाद उड़े बाइक के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भिड़ंत के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खेत में जा उतरी। हादसे में मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई है।

मृतक की पहचान

मृतक की पहचान सिझोरा निवासी अभय जोगी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अभय बिछिया स्थित एक दुकान में काम करता था और रात के समय अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी वह इस हादसे का शिकार हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही बिछिया पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने आधिकारिक तौर पर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



NH-30 पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरा डंपर

चालक ने कूदकर बचाई जान

  • मंडला-जबलपुर मार्ग पर टला बड़ा हादसा: खाई में गिरा डंपर
  • ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा नेशनल हाईवे

मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर मंडला से जबलपुर मार्ग बीजाडांडी थाना क्षेत्र में एक डंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक सुरक्षित है। हादसे की जांच बीजाडांडी पुलिस कर रही है। बताया गया कि मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। टिकरिया थाना क्षेत्र में एक डम्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के वक्त डम्पर खाली था और वाहन में केवल चालक ही सवार था।गनीमत रही कि इस भयानक हादसे में चालक की जान बच गई और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डम्पर की गति और सड़क की स्थिति के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और सीधे खाई में उतर गया। स्थानीय लोग और पुलिस की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ड्राईवर ने कूदकर बचाई जान 

बताया गया कि हादसे के वक्त डंपर खाली था। हादसे के वक्त चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। इस दौरान उसे मामूली चोटें आई थी। बताया गया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि दुर्घटना चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खाई में गिरे हाईवे को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

एनएच बन रहा ब्लैक स्पॉट 

बताया गया कि मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 इन दिनों ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। इस मार्ग पर आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं ने राहगीरों और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी को इन हादसों का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया है।



 


अंजनियाँ में शैक्षणिक अव्यवस्थाओं के खिलाफ हुंकार

  • अभाविप ने तहसील कार्यालय का घेराव कर जड़ा प्रतीकात्मक ताला
  • महाविद्यालय भवन और सीएम राइज में अनियमितता को लेकर विद्यार्थी परिषद मुखर
  • कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

मंडला महावीर न्यूज 29.  क्षेत्र की शैक्षणिक अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इकाई अंजनियाँ ने उग्र प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर तहसील कार्यालय का घेराव किया और प्रतीकात्मक रूप से ताला जड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

महाविद्यालय भवन निर्माण में देरी पर नाराजगी

परिषद के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे शासकीय महाविद्यालय परिसर में एकत्रित हुए। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा महाविद्यालय के नए भवन निर्माण में हो रही अत्यधिक देरी रहा। ज्ञापन में बताया गया कि भवन अधूरा होने के कारण छात्र-छात्राओं को भारी असुविधा हो रही है।

आश्वासन: प्रदर्शन के दौरान निर्माण ठेकेदार भी मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी अप्रैल माह तक भवन हैंडओवर करने का लिखित आश्वासन दिया है।

सीएम राइज स्कूल में भ्रष्टाचार के आरोप

अभाविप ने अंजनियाँ स्थित सीएम राइज विद्यालय के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। परिषद का कहना है कि निर्माणाधीन भवन की दीवारों में अभी से दरारें आने लगी हैं, जो घटिया निर्माण सामग्री की ओर इशारा करती हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि:

  • निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की जाए।
  • दोषी ठेकेदार पर कठोर कार्रवाई हो।
  • गुणवत्ता परीक्षण करने वाले इंजीनियरों एवं तकनीकी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

ज्ञापन की अन्य प्रमुख मांगें

विद्यार्थी परिषद ने अपनी मांगों के दायरे को बढ़ाते हुए प्रशासन के सम्मुख निम्नलिखित बिंदु भी रखे:

  • सड़क निर्माण: नवीन महाविद्यालय से मुख्य सड़क तक डब्ल्यूबीएम (WBM) सड़क का निर्माण किया जाए।
  • परिसर विकास: कॉलेज परिसर में बाउंड्री वॉल और सांस्कृतिक मंच का निर्माण हो।
  • सुरक्षा एवं नियम: निजी शिक्षण संस्थानों में फायर एनओसी (Fire NOC) की जांच की जाए और अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों पर नकेल कसी जाए।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

एबीवीपी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मामला है। यदि प्रशासन ने समय रहते इन समस्याओं का निराकरण नहीं किया, तो आगामी समय में आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



मानवता की सेवा

लाइट ऑफ हयूमन वेलफेयर सोसायटी ने स्कूली बच्चों को बांटे बैग और स्नैक्स

  • लोधी टोला और शांति नगर में बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान
  • क्विज प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाया दम

मंडला महावीर न्यूज 29. जबलपुर की सामाजिक संस्था लाइट ऑफ हयूमन वेलफेयर सोसायटी द्वारा मंडला जिले के दो केंद्रों पर छात्र हितैषी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्था ने नवीन प्राथमिक शाला लोधी टोला एवं आंगनबाड़ी केंद्र शांति नगर में अध्ययनरत नन्हे छात्र-छात्राओं को स्कूली बैग और स्नैक्स वितरित किए। इस दौरान बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए एक विशेष क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सरपंच और शिक्षाविदों का हुआ सम्मान 

यह पूरा कार्यक्रम ग्राम पंचायत बिंझिया की सरपंच श्रीमती इंद्रा मरावी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के प्रतिनिधि संतोष कुमार परस्ते एवं गोपाल सिंह ठाकुर ने सरपंच, पंच श्रीमती भामा बाई जंघेला, शाला प्राचार्या श्रीमती सरिता पांडे और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती कांति ठाकुर को प्रतीक स्वरूप ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया।

सामाजिक उद्देश्यों पर की चर्चा 

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों और पालकों को सोसायटी के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था का मुख्य लक्ष्य शिक्षा के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित करना और सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाना है। स्थानीय नागरिकों और शिक्षकों ने संस्था के इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

इस अवसर पर पालक शिक्षक संघ की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका ठाकुर, आंगनबाड़ी सहायिका गंगोत्री ठाकुर, आलोक संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी बालसिंह ठाकुर, शारदा बर्मन, अनुसुइया ठाकुर, दीपा ठाकुर, सीमा बैरागी, सुशीला बैरागी, आनंद सिंह ठाकुर, प्रिंस, कु. खुशी ठाकुर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



होली, ईद और रामनवमी पर न बिगड़े शांति व्यवस्था

  • आगामी त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का लिया निर्णय
  • टिकरिया थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित
  • नियमों का उल्लंघन करने वालों पर रहेगी नजर

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी मार्च माह में आने वाले प्रमुख त्यौहारों के मद्देनजर गुरुवार दोपहर नारायणगंज के थाना टिकरिया में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में तहसीलदार एवं थाना प्रभारी ने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्ययोजना साझा की।बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि मार्च माह में होली, रंगपंचमी, ईद और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार पड़ रहे हैं। इन अवसरों पर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना सबकी साझा जिम्मेदारी है। प्रशासन ने अपील की कि सभी त्यौहारों को आपसी भाईचारे और परंपरागत रूप से मनाया जाए। एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और त्यौहार के उत्साह में किसी की भावनाओं को ठेस न पहुँचाएँ। नगर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रहे, इसके लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।

डीजे के प्रयोग पर विशेष हिदायत 

थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय एवं तहसीलदार ने सख्त लहजे में कहा कि कार्यक्रमों के दौरान डीजे के उपयोग पर विशेष सावधानी बरती जाए। ध्वनि प्रदूषण और उससे होने वाले दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार ही संचालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों के सुझावों और समस्याओं को सुनकर संबंधित कर्मचारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।

ये रहे उपस्थित 

शांति समिति की बैठक में मागन लाला सोनी, रतन ठाकुर, अविनाश शर्मा, दीपक सोनी, गया चक्रवर्ती, सुरेंद्र सोनी, सूरज सोनी, राजेश सोनी, बेनीलाल सिंगरौरे, गुड्डू भाईजान सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच-सचिव उपस्थित रहे। पुलिस विभाग से एसआई नारायण तराम, अभिषेक मिश्रा एवं अन्य स्टाफ ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी।


3 मार्च को भारत में दिखाई देगा खण्डग्रास चंद्र ग्रहण

  • ग्रहण के कारण बदला होली का गणित
  • 2 मार्च को होगा होलिका दहन
  • 4 मार्च को खेली जाएगी धुलेंडी

मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी 3 मार्च फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा मंगलवार को आकाश में खण्डग्रास चंद्र ग्रहण की खगोलीय घटना घटित होने जा रही है। वरदान आश्रम अंजनिया के संचालक नीलू महाराज ने बताया कि यह ग्रहण पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र और सिंह राशि में लगेगा। विशेष बात यह है कि यह ग्रहण भारत में दृश्य होगा, जिसके कारण इसका धार्मिक व शास्त्रीय महत्व बढ़ गया है।

सूतक काल और वर्जित कार्य 

पंडित नीलू महाराज ने बताया कि जबलपुर संभाग और मंडला सहित पूरे क्षेत्र में ग्रहण का सूतक सुबह 9 बजकर 14 मिनट से शुरू हो जाएगा। शास्त्रों के अनुसार सूतक काल से लेकर ग्रहण के मोक्ष तक मूर्ति स्पर्श, शयन और भोजन करना वर्जित माना गया है। हालांकि बालकों, वृद्धों और रोगियों के लिए भोजन का निषेध नहीं रहेगा। यह ग्रहण कुल 48 मिनट की अवधि का होगा। जिसकी शुरूआत सायंकाल 6.14 बजे से होगी और ग्रहण का मध्य सायंकाल 6.39 बजे होगा, इसके बाद ग्रहण का मोक्ष समाप्ति रात्रि 7.02 बजे होगा।

सिंह राशि वालों को विशेष सावधानी की जरूरत 

ज्योतिषीय गणना के अनुसार पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र और सिंह राशि में होने के कारण यह ग्रहण सिंह राशि के जातकों के लिए विशेष अनिष्टकारी हो सकता है। इसके साथ ही अशुभ फल मेष, वृष, कर्क, कन्या, धनु, मकर और कुंभ राशि पर रहेगा। वही इस ग्रहण का शुभ फल मिथुन, तुला, वृश्चिक और मीन राशि को मिलेगा।

ग्रहण का होली पर प्रभाव 

चंद्र ग्रहण के कारण इस वर्ष होली के त्यौहार की तिथियों में बदलाव हुआ है। नीलू महाराज ने बताया कि पूर्णिमा पूजन, होली पूजन और होलिका दहन 2 मार्च सोमवार को संपन्न होगा। 3 मार्च को ग्रहण के कारण धुलेंडी नहीं मनाई जाएगी। अब धुलेंडी का पर्व 4 मार्च बुधवार को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।


नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प

बिछिया में जन अभियान परिषद की सेक्टर स्तरीय बैठक संपन्न

  • राता में नशा मुक्ति अभियान पर दिया जोर
  • नवाचार के रूप में विकसित नर्सरी की अधिकारियों ने की सराहना

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार बिछिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत राता सेक्टर क्रमांक 3, आमाडोंगरी में सेक्टर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में नवंकुर संस्था जन सेवा समिति लफरा और क्षेत्र की चयनित ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।बैठक को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी ने नशा मुक्ति अभियान की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने समितियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि समाज को इस कुरीति से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। इसके लिए उन्होंने कुछ रणनीतियों पर जोर दिया। जिसमें जागरूकता रैलियों का आयोजन, सार्वजनिक स्थानों पर दीवार लेखन, ग्रामीणों के बीच चौपालों का आयोजन, जन-जन को जागरूक करने के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों और ग्रामीणों को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही समितियों को आगामी कार्ययोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नर्सरी निर्माण का किया अवलोकन 

बैठक के बाद अतिथियों और अधिकारियों ने प्रस्फुटन समिति राता के अध्यक्ष कुंजबिहारी धुर्वे द्वारा तैयार की जा रही नर्सरी का अवलोकन किया। समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे इस प्रयास की अधिकारियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

ये रहे उपस्थित 

इस कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक सूरज बर्मन निवास, शशिभूषण मंडला, अशोक साहू मवई, संतोष मवई, सरपंच श्रीमती निशा उइके, संजू मर्सकोले, सीएमसीएलडीपी छात्र मुकेश पटेल, सतीश शिसोदिया, राजकुमार वारीवा, मेंटर रश्मि पटेल, अनिल हरदहा और संतोष उइके सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।



सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए वरदान बनेगी “पीएम राहत” योजना, मिलेगा तत्काल कैशलैस उपचार

मंडला पुलिस की सक्रियता: 48 घंटे के भीतर होगा पुलिस सत्यापन, इलाज में नहीं आएगी रुकावट

  • हादसे के घायलों को राहत
  • पीएम राहत’ योजना से मंडला में शुरू हुआ कैशलैस इलाज
  • पुलिस करेगी 48 घंटे में सत्यापन
  • दुर्घटना पीड़ितों के लिए मंडला पुलिस की बड़ी पहल
  • पीएम राहत’ योजना की रियल टाइम मॉनिटरिंग शुरू
  • समय पर मिलेगा उपचार

मंडला महावीर न्यूज 29 | सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने और जनहानि को कम करने के लिए जिले में “पीएम राहत (PM RAHAT)” कैशलैस उपचार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में अब पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से पीड़ितों को बिना किसी वित्तीय बाधा के त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।

ई-डार (eDAR) पोर्टल से होगा त्वरित सत्यापन

योजना की प्रक्रिया के तहत स्वास्थ्य विभाग ट्रीटमेंट मैनेजमेंट सिस्टम (TMS) के माध्यम से प्रकरण तैयार कर ई-डार पोर्टल पर पुलिस सत्यापन के लिए भेजता है। एसपी ने जिले के समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि दुर्घटना स्थल से संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस 24 से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से सत्यापन कार्य पूर्ण करे। यदि दुर्घटना स्थल अन्य जिले का पाया जाता है, तो उसे 3 घंटे के भीतर संबंधित जिले को अग्रेषित करने का प्रावधान किया गया है।

रियल टाइम मॉनिटरिंग और समीक्षा

पुलिस सत्यापन में होने वाले विलंब को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्तर पर नामित अधिकारियों द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उच्च स्तर पर रियल टाइम डैशबोर्ड के माध्यम से लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी पीड़ित को उपचार से वंचित न होना पड़े।

नागरिकों से सहयोग की अपील

मंडला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाने में मदद करें। साथ ही, यातायात नियमों का पालन कर एक सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।




बैरकों की सघन तलाशी के साथ इमरजेंसी अलार्म का हुआ रिहर्सल, सुरक्षा मानकों पर पुलिस की पैनी नजर

मंडला जिला जेल में एसपी का औचक निरीक्षण

  • सुरक्षा व्यवस्था और रिस्पांस सिस्टम की हुई कड़ी जांच
  • जेल की सुरक्षा का शक्ति परीक्षण
  • एसपी के नेतृत्व में जिला जेल में सर्च ऑपरेशन

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व में मंडला पुलिस द्वारा जिला जेल का औचक निरीक्षण किया गया। इस औचक कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप की स्थिति रही। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में किसी भी आपातकालीन स्थिति या जेल अलार्म बजने की दशा में पुलिस बल की त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी समन्वय का बारीकी से परीक्षण करना था।निरीक्षण के दौरान एसपी रजत सकलेचा ने विशेष रूप से अलार्म रिस्पांस सिस्टम की जांच की। उन्होंने सुनिश्चित किया कि आपात स्थिति में पुलिस बल की तैनाती, अधिकारियों की जिम्मेदारी और कार्यवाही का क्रम पूरी तरह से पूर्व-निर्धारित और प्रभावी रहे। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित रिस्पांस के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और जिला जेल अधीक्षक संजय सहलाम की उपस्थिति में पुलिस बल ने जेल परिसर में विशेष सर्च अभियान चलाया।सर्च अभियान के दौरान कैदियों की व्यक्तिगत तलाशी ली गई। बैरकों और कैदियों के सामान की गहनता से जांच की गई। मादक पदार्थ, नशीली वस्तुओं या किसी भी प्रकार के घातक उपकरणों की मौजूदगी हेतु चप्पे-चप्पे को खंगाला गया।

सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का लिया जायजा 

सर्च अभियान के साथ पुलिस टीम ने कैदियों के कार्यस्थल, उनकी दैनिक गतिविधियों और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। अधिकारियों ने जेल के कंप्यूटर रूम और अन्य तकनीकी विभागों का भी निरीक्षण किया ताकि सुरक्षा मानकों में कोई कमी न रहे।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई के दौरान रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित जिले के कई थानों का पुलिस बल और जेल स्टाफ मौजूद रहा।



कलेक्टर की संवेदनशीलता

  • अब प्यासा नहीं रहेगा बिजौरा, पेयजल व्यवस्था हुई चाक-चौबंद
  • ग्रामीणों की शिकायत पर तत्काल एक्शन
  • 2 नए ट्यूबवेल, 186 नल कनेक्शन और सम्पवेल का निर्माण शुरू
  • ग्रीष्मकाल के लिए प्रशासन ने पहले ही कसी कमर

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी के ग्राम बिजौरा में पेयजल संकट की सुगबुगाहट पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लिया है। ग्रामीणों द्वारा व्यक्त की गई पेयजल संबंधी चिंताओं को देखते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के पालन में बुधवार को विभाग के अमले ने मौके पर पहुँचकर गांव की जल आपूर्ति को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।

युद्ध स्तर पर चल रहा बुनियादी ढांचा निर्माण 

ईईपीएचई मनोज भास्कर ने बताया कि जल स्रोतों को मजबूती देने के लिए गांव में 2 नए ट्यूबवेल का खनन कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। अगले दो दिनों के भीतर इनमें विद्युत मोटर स्थापित कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही, जल भंडारण के लिए 20 हजार लीटर क्षमता का सम्पवेल भी निर्माणाधीन है, जिससे पानी का वितरण अधिक प्रभावी होगा।

स्वच्छ पेयजल के लिए 186 नल कनेक्शन 

कलेक्टर के मार्गदर्शन में ग्राम बिजौरा में अब तक कई कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। जिसमें जल जीवन मिशन के तहत अब तक 186 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। अधिकांश आबादी को कवर करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी है। बताया गया कि बुधवार को पीएचई टीम ने ग्राम पंचायत के सहयोग से गांव के 6 पारंपरिक सार्वजनिक कुओं का क्लोरीनेशन किया, जिससे ग्रामीणों को संक्रमण मुक्त पानी मिले।

आगामी ग्रीष्मकाल के लिए तैयारी पूर्ण 

ग्रामीणों ने आगामी गर्मी के दिनों में जल स्तर गिरने की आशंका जताई थी। इस पर विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देशानुसार अतिरिक्त जल स्रोतों का निर्माण कर लिया गया है। वर्तमान में गांव में पानी की कोई किल्लत नहीं है और भविष्य की जरूरतों के लिए पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित कर लिए गए हैं।



नैनपुर ब्रिज की मरम्मत के लिए कलेक्टर के सख्त तेवर

  • 2 दिन में काम पूरा करने का अल्टीमेटम
  • लापरवाही बर्दाश्त नहीं
  • पीएमजीएसवाई की महाप्रबंधक ने ठेकेदारों को दिए कड़े निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर ब्रिज की जर्जर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मामले को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने तत्काल प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की महाप्रबंधक उषा चौधरी को ब्रिज का मरम्मत कार्य आगामी दो दिनों के भीतर पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।

मौके पर पहुँचकर महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण 

कलेक्टर के निर्देशों के तुरंत बाद महाप्रबंधक उषा चौधरी ने नैनपुर ब्रिज का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि मेंटेनेंस का कार्य निर्धारित समय सीमा यानी दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि रखरखाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

गुणवत्ता मानकों पर विशेष जोर 

प्रशासन ने न केवल कार्य की गति, बल्कि उसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान देने को कहा है। महाप्रबंधक ने निर्देश दिए हैं कि ब्रिज की मरम्मत के दौरान गुणवत्ता मानकों का विशेष ख्याल रखा जाए। इसके साथ ही कार्य पूरा होने के बाद एक विस्तृत प्रतिवेदन पुन: निरीक्षण कर प्रस्तुत करने को कहा गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से क्षेत्रवासियों को राहत मिली है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 48 घंटों में सुरक्षित आवागमन की सुविधा फिर से सुचारू हो जाएगी।



समग्र शिक्षा अभियान के तहत नारायणगंज बबलिया संकुल के छात्र राज्य स्तरीय संस्थानों के एक्सपोजर टूर पर रवाना

  • भविष्य की उड़ान, शैक्षिक भ्रमण पर निकले विद्यार्थी
  • उच्च संस्थानों और रोजगार के अवसरों से होंगे रूबरू

मंडला महावीर न्यूज 29. समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्ययोजना के पालन में विकासखंड नारायणगंज के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को शैक्षिक भ्रमण पर रवाना किया गया। इस विशेष भ्रमण का मुख्य उद्देश्य हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के छात्र-छात्राओं को राज्य के उच्च शैक्षणिक संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया, रोजगार की आधुनिक संस्कृति और वैज्ञानिक ज्ञानवर्धन से परिचित कराना है।

इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से इतर व्यावहारिक अनुभव और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भ्रमण दल में संकुल केंद्र बबलिया के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और छात्र शामिल हैं।छात्रों के मार्गदर्शन और सुरक्षा के लिए दल में हायर सेकेंडरी स्कूल बबलिया से श्रीमती दीपा चौबे, हायर सेकेंडरी स्कूल कापा से संजय कुमार वरकड़े, हाई स्कूल सुखराम से हरि लाल वरकडे और कन्या हाई स्कूल बबलिया से श्रीमती आमों मैडम शामिल हैं। पूरी यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए वाहन प्रभारी के रूप में विजय कुमार परस्ते कमान संभाल रहे हैं। यह भ्रमण विद्यार्थियों को भविष्य में करियर चयन और उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने में मील का पत्थर साबित होगा।


मुख्य बाजार में कचरे का अंबार, व्यापारियों का जीना मुहाल, कलेक्टर से गुहार

अस्थायी कचरा डंपिंग यार्ड बना मुसीबत: सांडों की लड़ाई से दुकानों में नुकसान, प्रशासन मौन

  • मुख्य बाजार में कचरे के ढेर से व्यापार ठप
  • सांडों की लड़ाई और बदबू ने बढ़ाई मुसीबत
  • व्यापारियों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
  • तहसील के पास अस्थायी डंपिंग यार्ड बना दुर्घटना का केंद्र
  • शिकायत के बाद भी नगर पालिका मौन
  • अब कलेक्टर करेंगे समाधान

मंडला महावीर न्यूज 29 | नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में तहसील के पास स्थित अस्थायी कचरा अड्डा स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। आलम यह है कि यहाँ चौबीसों घंटे फैलने वाली बदबू और गंदगी ने लोगों का पैदल चलना भी दूभर कर दिया है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंगलवार को व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

गंदगी और आवारा पशुओं का जमावड़ा

मुख्य मार्ग पर कचरा फेंके जाने के कारण न केवल नालियां चोक हो रही हैं, बल्कि यहाँ आवारा पशुओं का भी डेरा लगा रहता है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस कचरा अड्डे की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

दुकान में घुसा सांड: > व्यापारियों ने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए बताया कि बीती 26 जनवरी को कचरे के ढेर पर लड़ते हुए दो सांडों में से एक अनियंत्रित होकर पास की जनरल मर्चेंट शॉप में घुस गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकानदार का काफी कीमती माल नष्ट हो गया।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई शून्य, दबाव का आरोप

व्यापारियों का आरोप है कि इस संबंध में 27 जनवरी को जनसुनवाई और 30 जनवरी को सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उल्टे, नगर पालिका के कर्मचारियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस लेने के लिए व्यापारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

कलेक्टर ने दिया आश्वासन

मंगलवार को हुई जनसुनवाई में व्यापारियों ने कलेक्टर महोदय को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि मुख्य बाजार में व्यापारिक गतिविधियां संचालित करना अब चुनौतीपूर्ण हो गया है। कलेक्टर ने समस्या की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।

प्रमुख मांगें:

  • अस्थायी कचरा डंपिंग यार्ड को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
  • मुख्य मार्ग की नालियों की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित की जाए।
  • आवारा पशुओं के जमावड़े को रोकने के लिए ठोस प्रबंध किए जाएं।


पीएम श्री कन्या विद्यालय महाराजपुर में टीएलएम मेले का आयोजन

  • छात्राओं की सृजनशीलता ने जीता सबका दिल
  • कबाड़ से जुगाड़, उत्कृष्ट मॉडल हुए पुरस्कृत
  • महाराजपुर में शिक्षण सहायक सामग्री प्रदर्शनी संपन्न

मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजपुर में मंगलवार को शिक्षण सहायक सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शनी एवं मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने कठिन विषयों को सरल बनाने के लिए स्वनिर्मित मॉडलों और चार्ट्स का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से योजना अधिकारी एलएस मसराम एवं बिंझिया प्राचार्य मुकेश पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं द्वारा तैयार किए गए वर्णमाला चार्ट, वर्किंग मॉडल, वर्कबुक और स्वनिर्मित चार्ट्स का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने छात्राओं की कल्पना शक्ति, प्रस्तुतीकरण के आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच की जमकर प्रशंसा की।

सीखने-सिखाने की नवीन तकनीक 

प्रदर्शनी की मुख्य विशेषता यह रही कि छात्राओं ने न केवल विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई सामग्री का उपयोग किया, बल्कि कबाड़ से जुगाड़ के तहत अनुपयोगी वस्तुओं से भी बेहतरीन शिक्षण मॉडल तैयार किए। छात्राओं ने अतिथियों के तकनीकी प्रश्नों के सटीक उत्तर दिए और यह भी साझा किया कि ये सामग्रियां कक्षा में पाठ को समझने में कितनी मददगार साबित होती हैं।

प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत 

छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वचन दिए और भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।



मंडला में बच्चा चोरी की अफवाह से दहशत

मधुपुरी में पकड़े गए युवक निकले निर्दोष

  • पुलिस ने दी चेतावनी, अफवाहों पर न दें ध्यान
  • मधुपुरी की घटना पर पुलिस का खुलासा
  • कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29.  जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में इन दिनों सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी की झूठी खबरें और वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। इन अप्रमाणित संदेशों ने अभिभावकों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। हाल ही में हिरदेनगर चौकी के ग्राम मधुपुरी में इसी अफवाह के चलते दो युवकों को भीड़ ने पकड़ लिया था, जो जांच के बाद पूरी तरह निर्दोष पाए गए हैं।

जांच में भीख मांगने वाले निकले युवक

हिरदेनगर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ के चंगुल से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सघन पूछताछ में पता चला कि दोनों युवक मंडला कोतवाली क्षेत्र के बड़ी खैरी के निवासी हैं और गांव में भीख मांग रहे थे। पुलिस को उनके विरुद्ध कोई आपराधिक रिकॉर्ड या बच्चा चोरी से संबंधित प्रमाण नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी संगठित बच्चा चोरी गैंग की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है।

अफवाह फैलाना और मारपीट करना दंडनीय अपराध

जिला पुलिस प्रशासन ने आमजन को कड़ा संदेश दिया है कि:

  • अफवाहों के आधार पर किसी को बंधक बनाना या मारपीट करना गंभीर अपराध है।
  • कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
  • बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर फोटो या वीडियो साझा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है।

पुलिस की अपील: डायल 112 का करें उपयोग

पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल डायल 112 पर सूचना देने या नजदीकी थाने से संपर्क करने की अपील की है।

अधिकारी का कथन

“मधुपुरी की घटना की पूरी जांच की गई है और बच्चा चोरी की बात महज अफवाह निकली है। हम चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली हर भ्रामक जानकारी पर पुलिस की पैनी नजर है।” — पीयूष मिश्रा, एसडीओपी मंडला



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


टिकरिया पुलिस की बड़ी सफलता

दुष्कर्म का आरोपी एक माह बाद गिरफ्तार, सलाखों के पीछे पहुँचा

  • नारायणगंज अमदरा के इंदरटोला से दबोचा गया फरार आरोपी
  • एक महीने से चल रहा था फरार
  • एससी, एसटी एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज था मामला

मंडला महावीर न्यूज 29. टिकरिया थाना पुलिस ने महिला संबंधी अपराध के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए दुष्कर्म के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी घटना के बाद से लगभग एक महीने से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था, जिसे आखिरकार 24 फरवरी को हिरासत में ले लिया गया।

जानकारी अनुसार आरोपी संतोष दास बैरागी निवासी इंदरटोला, ग्राम अमदरा के विरुद्ध विगत 24 जनवरी को टिकरिया थाने में अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा और एससी, एसटी एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना आई काम 

एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में टिकरिया पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों साइबर सेल की मदद ली। पुख्ता सूचना मिलते ही घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा जेल में भेज दिया गया है।

पुलिस की अपील 

मामले की विस्तृत विवेचना एसडीओपी निवास कार्यालय द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्य संकलन का कार्य जारी है जिससे आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जा सके। इसके साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचित करें जिससे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।



मंडला पुलिस का डिजिटल सेवा अभियान

38 लाख के 253 गुम मोबाइल लौटाए, चेहरे पर लौटी मुस्कान

  • घर पहुंचकर दिए जा रहे गुम हुए मोबाइल
  • 2 साल में 4 करोड़ की रिकवरी

मंडला महावीर न्यूज 29. आमजन के खोए हुए कीमती मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए मंडला पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बरामद किए गए 253 मोबाइल फोन उनके वैध मालिकों को सुपुर्द किए गए। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख आंकी गई है।

अब पुलिस खुद पहुँच रही जनता के द्वार

मंडला पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए मोबाइल वितरण की प्रक्रिया को विकेंद्रीकृत कर दिया है। बताया गया कि पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी द्वारा कोतवाली एवं महाराजपुर क्षेत्र के 171 मोबाइल लौटाए गए। अन्य थानों में अनुविभागीय स्तर पर मोबाइल वापस किए गए।

सुदूर क्षेत्रों में होम डिलीवरी 

कान्हा नेशनल पार्क से लगे सुदूर वनांचल क्षेत्रों में माइक्रोबीट अधिकारी स्वयं फरियादियों के घर पहुँचकर मोबाइल लौटा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय आने की परेशानी न उठानी पड़े।

दो वर्षों में 4.15 करोड़ की बड़ी रिकवरी 

बताया गया कि मंडला पुलिस ने पिछले दो वर्षों में तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए कुल 2767 मोबाइल रिकवर किए हैं, जिनकी कीमत 4 करोड़ 15 लाख से अधिक है। यह सफलता सीईआईआर एवं एनसीआरपी पोर्टल के प्रभावी उपयोग और सक्रिय साइबर डेस्क के कारण संभव हो सकी है।

फरियादियों ने जताया आभार 

अपना गुम हुआ मोबाइल वापस पाकर हितग्राहियों ने मंडला पुलिस की कार्यप्रणाली की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। एसपी रजत सकलेचा ने इस दौरान आमजन को साइबर सुरक्षा और सीईआईआर पोर्टल के उपयोग के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

इनकी रही उपस्थिति 

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान, थाना प्रभारी महाराजपुर जय सिंह यादव, साइबर सेल की टीम, पत्रकार बंधु और बड़ी संख्या में मोबाइल धारक व उनके परिजन उपस्थित रहे।



 


अहमदपुर हत्याकांड

जघन्य अपराध के दोषी को उम्रकैद, कुल्हाड़ी से हमला करने वाले को न्यायालय ने सुनाई सजा

  • सनसनीखेज हत्या मामले में आरोपी को आजीवन कारावास
  • द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश का बड़ा फैसला

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के चर्चित और जघन्य सनसनीखेज हत्याकांड में माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ने त्वरित फैसला सुनाते हुए आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। ग्राम अहमदपुर (थाना महाराजपुर) के निवासी 48 वर्षीय आरोपी नैनसिंह नरते को धारा 103(1) बीएनएस के तहत दोषी पाते हुए उम्रकैद और ?1000 के अर्थदंड से दंडित किया गया है।

अभियोजन के अनुसार घटना 21 जुलाई 2025 की है। ग्राम अहमदपुर में पीडि़त अमरूलाल परते अपनी भैंस लेकर खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान राजाराम कोटवार के घर के पास खड़े आरोपी नैनसिंह ने अमरूलाल को अपशब्द कहे। जब अमरूलाल ने गाली देने से मना किया, तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखी कुल्हाड़ी के धार वाले हिस्से से अमरूलाल के सिर और कान पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

चश्मदीदों की गवाही पर हुई कार्रवाई 

घटना के समय मौके पर मौजूद स्वप्निल पाठक, शंकर पटेल, सुनील गौड़ और अन्य ग्रामीणों ने घायल अमरूलाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। स्वप्निल पाठक की रिपोर्ट पर थाना महाराजपुर में मामला दर्ज किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल अमरूलाल के सिर और कान में गहरी चोटें आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे चिन्हित एवं जघन्य सनसनीखेज प्रकरण की श्रेणी में रखा गया था।

न्यायालय का फैसला 

विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष ने मजबूत साक्ष्य और तर्क प्रस्तुत किए। माननीय न्यायालय ने प्रस्तुत सबूतों और चश्मदीदों के बयानों से सहमत होते हुए आरोपी नैनसिंह को हत्या का दोषी करार दिया। शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी विजय कुमार अहिरवार द्वारा प्रभावी ढंग से अभियोजन का संचालन किया गया। इस फैसले से समाज में कड़ा संदेश गया है कि जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी।


ईसाई मिशनरियों के प्रभाव से मुक्त होकर दो परिवारों ने की सनातन धर्म में घर वापसी

  • विहिप की पहल-प्रलोभन त्याग कर पुन: सनातनी हुए कोसमपानी के यादव परिवार
  • आश्रम में हुआ हवन, पूजन

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद क्षेत्र बिछिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसमपानी के दो परिवारों ने ईसाई मिशनरियों के प्रभाव को त्याग कर पुन: अपने मूल सनातन धर्म में वापसी की है। विश्व हिंदू परिषद प्रखंड बिछिया के तत्वावधान में आयोजित एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से इन परिवारों का शुद्धिकरण कर उन्हें सनातनी परंपरा में शामिल किया गया।बताया गया कि बंजारी धाम के आगे श्री हनुमानलला आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुन्ना लाल यादव, उनकी धर्मपत्नी भागवती बाई, पुत्र दिनेश यादव एवं पंजू लाल यादव, उनकी पत्नी फुलझर यादव और पुत्र सुरेंद्र व नरेश यादव ने भाग लिया। विहिप पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कराया। इसके बाद नारियल और गमछा भेंट कर सनातनी बंधुओं का आत्मीय स्वागत किया गया।

मिशनरियों के प्रलोभन का पर्दाफाश 

विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र के भोले-भाले जनजातीय और पिछड़े वर्ग के लोगों को मनोवैज्ञानिक रूप से गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पवित्र पानी के नाम पर दवाई मिश्रित जल, शिक्षा और उपचार का झूठा प्रलोभन दिया जाता है। लोगों को उनके कुलदेवता और ग्राम देवी-देवताओं की पूजा छोडऩे के लिए उकसाया जाता है। गैर-कानूनी तरीके से निजी मकानों या अवैध चर्चों में प्रार्थना सभाएं आयोजित कर धर्मांतरण का खेल खेला जा रहा है।

इतिहास और गौरव की रक्षा का दिलाया संकल्प 

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जनजातीय महापुरुषों बिरसा मुंडा, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह और रानी अवंती बाई के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व में ईसाई शासकों ने छल-कपट का सहारा लिया, आज वही कार्य मिशनरी पादरियों द्वारा जादू-टोना और मनोवैज्ञानिक दबाव के माध्यम से किया जा रहा है। विहिप ने संकल्प दोहराया कि जनजातीय सनातनी गौरव की रक्षा के लिए संगठन गांव-गांव जाकर सतत कार्य करता रहेगा।



नई परिवहन नीति के विरोध में बस ऑपरेटरों का हल्लाबोल

  • 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
  • पहिये थमने से चरमरा सकती है यातायात व्यवस्था
  • बस संचालकों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश सरकार की नई स्टेज कैरिज संचालन नीति के खिलाफ बस संचालकों ने अब आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है। मंडला जिले सहित प्रदेश भर के बस ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने परिवहन नीति का संशोधित प्रारूप वापस नहीं लिया, तो 2 मार्च से बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

राजपत्र में संशोधन से आक्रोश 

सोमवार को माहिष्मति बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के बैनर तले संचालकों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ऑपरेटरों का मुख्य विरोध 24 दिसंबर 2025 और 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधनों को लेकर है।
संचालकों का तर्क है कि नई नीति से वर्तमान परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी। बस संचालकों पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक दबाव बढ़ेगा। सागर में 22 फरवरी को हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में एकजुट होकर इस नीति के विरोध का निर्णय लिया गया है।

आमजन की बढ़ेगी मुश्किलें 

एसोसिएशन के अध्यक्ष लीलाधर बर्बे ने स्पष्ट किया कि 2 मार्च से जिले में बसों के पहिये अनिश्चितकाल के लिए थम जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस हड़ताल से आम जनता को होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में बस संचालक उपस्थित रहे।

यातायात पर गहराएगा संकट 

यदि यह हड़ताल प्रभावी होती है, तो मंडला जिले की परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने वाले यात्रियों, छात्रों और दैनिक कामगारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।


 


प्रोजेक्ट अमृत-स्वच्छ जल, स्वच्छ मन

  • संगम घाट पर निरंकारी मिशन के सेवादारों ने किया वृहद श्रमदान
  • महाराजपुर में उमड़ा आस्था और सेवा का संगम
  • जल संरक्षण का दिया संदेश

मंडला महावीर न्यूज 29. मानवता की सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा रविवार को महाराजपुर स्थित पावन संगम घाट पर प्रोजेक्ट अमृत के अंतर्गत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छ जल, स्वच्छ मन के नारे के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, 100 से अधिक सेवादारों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
महात्मा अनिल बानी के पावन सानिध्य में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है। मिशन के सदस्यों ने संगम घाट परिसर की सफाई की और जल को दूषित होने से बचाने का संकल्प लिया।

देशव्यापी अभियान का हिस्सा 

बाबा हरदेव सिंह महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित और सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशन में यह अभियान देशभर के 27 राज्यों में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। वर्ष 2023 में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से शुरू हुआ प्रोजेक्ट अमृत अब अपने चौथे चरण में प्रवेश कर चुका है, जो जल निकायों जैसे नदियों, तालाबों और कुओं को पुनर्जीवित करने के लिए समर्पित है।

भावी पीढ़ी को सुंदर धरती सौंपने का लक्ष्य 

अभियान के दौरान बताया गया कि सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज का सदैव यही संदेश रहता है कि हम इस धरती को आने वाली पीढिय़ों के लिए और भी अधिक सुंदर एवं स्वच्छ स्वरूप में छोड़कर जाएं। इसी प्रेरणा के साथ मिशन के स्वयंसेवकों ने घाट से कचरा और प्लास्टिक हटाकर संगम की मर्यादा और निर्मलता को बनाए रखने का प्रयास किया। इस सेवा कार्य में पुरुषों और महिलाओं के साथ-साथ नन्हे बच्चों की सक्रिय सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही, जिन्होंने खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण की महत्ता को समझा।



राज्य कर्मचारी संघ मंडला की नई कार्यकारिणी गठित

  • सुभाष चंद्र चतुर्वेदी बने निर्विरोध जिला अध्यक्ष
  • कर्मचारी हितों के लिए हुंकार
  • 25 फरवरी को पुरानी पेंशन सहित 31 सूत्रीय मांगों पर कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य कर्मचारी संघ जिला इकाई मंडला के निर्वाचन की प्रक्रिया रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हुए इस चुनाव में जिले की तहसील स्तरीय कार्यकारिणी और सदस्यों ने सर्वसम्मति से नई जिला कार्यकारिणी का चयन किया। निर्वाचन की यह प्रक्रिया प्रदेश महामंत्री रजनीश विश्वकर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष व महामंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में पूर्ण हुई।नई टीम में शिक्षा और प्रशासनिक अनुभव का समावेश करते हुए पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। जिसमें जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र चतुर्वेदी प्राचार्य, जनजातीय कार्य विभाग, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. एएच खान प्राचार्य, उपाध्यक्ष जावेद खान प्राचार्य, सचिव संजू कुशराम जनजातीय कार्य विभाग, कोषाध्यक्ष अशोक पांडे के साथ ही संगठन विस्तार के लिए 8 अन्य पदाधिकारियों का भी निर्वाचन किया गया।

पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष का संकल्प 

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सुभाष चंद्र चतुर्वेदी और उनकी टीम ने कार्यभार संभालते ही आगामी रणनीति स्पष्ट कर दी है। संगठन ने संकल्प लिया है कि पुरानी पेंशन योजना को लागू करवाना उनकी प्राथमिकता होगी। इसी कड़ी में 25 फरवरी को कर्मचारी संघ द्वारा 31 सूत्रीय मांगों को लेकर मंडला कलेक्टर को एक वृहद ज्ञापन सौंपा जाएगा।

एकजुटता का दिया संदेश 

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त एक सशक्त संगठन है। अब नई ऊर्जा के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। इस निर्वाचन से जिले के कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है और उन्होंने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का भरोसा दिलाया है।


 


मई में शुरू होगा मकानों का सूचीकरण

  • जनगणना 2027 की तैयारियाँ शुरू
  • अधिकारियों के लिए 23 और 24 फरवरी को आयोजित होगा विशेष प्रशिक्षण
  • जिला योजना भवन में मास्टर ट्रेनर सिखाएंगे जनगणना के तकनीकी गुर

मंडला महावीर न्यूज 29. देश की आगामी जनगणना 2027 को त्रुटिरहित और समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए मंडला जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर एवं मुख्य जनगणना अधिकारी सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के संबंधित अधिकारियों के लिए 23 एवं 24 फरवरी को दो दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जनगणना के प्रथम चरण, यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की तैयारियों के उपलक्ष्य में दिया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण का पहला सत्र 23 फरवरी को जिला योजना भवन के सभाकक्ष में और दूसरा सत्र 24 फरवरी को जिला पंचायत सभागार में आयोजित होगा। दोनों ही दिन प्रशिक्षण प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा।

मास्टर ट्रेनर देंगे तकनीकी जानकारी 

जनगणना निदेशालय भोपाल से आए सहायक निदेशक सुधीर कुमार एवं जिला प्रभारी संजय सोनी मास्टर ट्रेनर के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वे अधिकारियों को मकानों की नंबरिंग, तकनीकी बारीकियों और डिजिटल डेटा संकलन की प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित करेंगे।

अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश 

इस प्रशिक्षण में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, सभी तहसीलदार (चार्ज जनगणना अधिकारी), नायब तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा संबंधित लिपिकों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

मई में शुरू होगा मैदानी कार्य 

बताया गया कि मध्य प्रदेश राजपत्र में 23 जनवरी को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार, जनगणना के प्रथम चरण का मैदानी कार्य 1 मई से 30 मई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले के प्रत्येक मकान का सूचीकरण और गणना कार्य पूर्ण किया जाना है।


बिंदु से ब्रह्मांड तक का सफर, मंडला की माटी में रजा साहब को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

  • पेरिस की चकाचौंध के बाद मंडला को चुना विराम स्थल
  • जन्मदिवस पर कला प्रेमियों ने चढ़ाई चादर

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व के महानतम चित्रकारों में शुमार, पद्म विभूषण से सम्मानित मरहूम सैयद हैदर रज़ा को उनके जन्मदिवस पर मंडला की माटी ने बड़े ही सम्मान और आत्मीयता के साथ याद किया। बिंझिया स्थित कब्रिस्तान में रज़ा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रजा स्मृति कार्यक्रम में देश भर से आए कलाकारों और स्थानीय कलाप्रेमियों ने उनकी और उनके पिता की मजार पर चादर पेश कर पुष्पांजलि अर्पित की।रजा साहब का कलात्मक सफर मंडला के ककैया गाँव के एक प्राथमिक स्कूल से शुरू हुआ था, जहाँ उनके शिक्षक द्वारा एकाग्रता के लिए दिया गया एक बिंदु ही आगे चलकर उनकी चित्रकला का मुख्य आधार बना। पेरिस में 50 वर्ष व्यतीत करने के बावजूद मंडला के प्रति उनका प्रेम कभी कम नहीं हुआ। यही कारण था कि उनकी अंतिम इच्छानुसार उन्हें उनके पिता की कब्र के बगल में राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया था।

कला और संगीत की त्रिवेणी 

रजा फाउंडेशन के वरिष्ठ चित्रकार श्री अखिलेश ने बताया कि यह रज़ा साहब को श्रद्धांजलि देने का 10वां वर्ष है। इस उपलक्ष्य में मंडला में वॉटर कलर कैंप का आयोजन किया गया है, जिसमें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ ही टेराकोटा पेंटिंग और शाम को सरोद एवं तबला वादन के कार्यक्रमों ने जिले में एक नई सांस्कृतिक चेतना जागृत की है।

संदेश-अपनी जड़ों को न भूलें 

वरिष्ठ चित्रकार मनीष पुष्कले ने रजा साहब के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, यह सौभाग्य की बात है कि रज़ा साहब ने पूरे संसार का भ्रमण करने के बाद अपने विराम स्थल के रूप में अपने उद्गम बिंदु (मंडला) को ही चुना। यह युवाओं के लिए संदेश है कि वे दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी जड़ों को कभी न भूलें।

फ्रांस में मेमोरियल की उठी मांग 

दिल्ली से आए उनके प्रशंसक प्रियदर्शी ने रजा साहब के वैश्विक योगदान को याद करते हुए इच्छा जताई कि जिस तरह भारत में उन्हें सम्मान मिला, उसी तरह फ्रॉस सरकार को भी वहां उनका एक मेमोरियल (स्मारक) बनाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढिय़ां उनके कार्यों से प्रेरणा ले सकें। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और कलाकार उपस्थित रहे।



सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, घुघरी के गौरव में जुड़ा नया अध्याय

  • विधायक नारायण सिंह पट्टा ने सौंपी वीरांगना रानी दुर्गावती और त्यागी जी महाराज की प्रतिमाएं
  • विधायक निधि से घुघरी को मिलीं दो भव्य प्रतिमाएं
  • जल्द होगा भव्य अनावरण समारोह

मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्रीय विकास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने घुघरी वासियों को एक बड़ी सौगात दी है। विधायक निधि के माध्यम से तैयार की गई अदम्य साहस की प्रतीक अमर शहीद वीरांगना रानी दुर्गावती और आध्यात्मिक आस्था के केंद्र परम पूज्य त्यागी जी महाराज की भव्य प्रतिमाएं आज विधिवत रूप से ग्राम पंचायत एवं स्थानीय नागरिकों को सौंप दी गईं।

इन प्रतिमाओं को नगर के दो प्रमुख स्थानों पर स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। यहां वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो आने वाली पीढिय़ों को उनके शौर्य और बलिदान की याद दिलाती रहेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के पूज्य त्यागी जी महाराज की प्रतिमा विराजित होगी, जो आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनेगी।

भव्य अनावरण की तैयारी 

इन प्रतिमाओं के निर्माण में विधायक श्री पट्टा के विशेष प्रयासों के साथ ग्राम पंचायत और नगरवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है। प्रतिमाओं की कलात्मकता और मजबूती के लिए तकनीकी विशेषज्ञ विनय चौकसे के मार्गदर्शन में विशेष बारीकियों का ध्यान रखा गया है। प्रतिमाएं सौंपते हुए विधायक नारायण सिंह पट्टा ने बताया कि इन प्रतिमाओं के स्थापना स्थल पर भव्य मंच तैयार किए जा चुके हैं। जल्द ही शुभ मुहूर्त देखकर एक विशाल जन-समारोह के साथ इन प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा। इस सौगात से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है और उन्होंने इस कार्य के लिए विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामवासी उपस्थित रहे।


बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, लापरवाही पर गिरेगी गाज

  • कक्षा 9वीं एवं 11वीं की गोपनीय सामग्री का वितरण आज
  • सुरक्षा के कड़े इंतजाम
  • स्ट्रांग रूम में सीसीटीबी और गार्ड तैनात
  • जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए सख्त निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बोर्ड पैटर्न पर आयोजित होने वाली कक्षा 9वीं एवं 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए आज 23 फरवरी को प्रात: 11 बजे से समन्वयक संस्था शासकीय रानी अवंती बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से गोपनीय सामग्री का वितरण किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी बरकडे ने जिले के समस्त शासकीय हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि सामग्री प्राप्त करने के बाद इसे तत्काल विकासखंड मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाए। बोर्ड परीक्षा प्रभारी महेन्द्र श्रीवास ने बताया कि प्राचार्य स्वयं या उनके अधिकृत प्रतिनिधि पेटी, सील और चपरा के साथ सामग्री प्राप्त करेंगे।

सुरक्षा और निगरानी के सख्त नियम 

परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। जिसमें उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अभिरक्षा केंद्र प्रभारी होंगे। स्ट्रांग रूम के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। रात्रि के समय स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्र निकालते समय अभिरक्षा पंजी 01 एवं 02 में प्रविष्टि करना अनिवार्य होगा और सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित विषय का ही शील्ड बंद पैकेट निकाला जा रहा है।

होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई 

विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परीक्षा संचालन या गोपनीयता में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित होने या लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध परीक्षा अधिनियमों के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन भी शामिल है।


रामनगर में बाल विवाह के विरुद्ध शंखनाद

  • कार्यशाला में ग्रामीणों ने ली बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ
  • बाल विवाह कराने पर होगी 2 साल की जेल और भारी जुर्माना
  • प्रशासन ने दी चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए शासन द्वारा चलाए जा रहे 100 दिवसीय विशेष अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत रामनगर में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों से अवगत कराना था।

कड़े कानूनों की दी गई जानकारी 

वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी प्रशासक श्रीमती मधुलिका उपाध्याय ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। शासन के नियमानुसार विवाह के लिए लड़की की आयु 18 वर्ष और लड़के की आयु 21 वर्ष से कम होना दंडनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि बाल विवाह कराने, उसमें शामिल होने या सहयोग करने वालों को 2 वर्ष तक का कारावास और 1 लाख रुपये तक का जुर्माना भुगतना पड़ सकता है। इस दौरान उन्होंने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों पर भी विस्तृत प्रकाश डाला।

हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार 

कार्यक्रम में संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, जिनमें महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 इन नंबरों के माध्यम से ग्रामीण किसी भी संदिग्ध बाल विवाह की सूचना गुप्त रूप से प्रशासन को दे सकते हैं।

उपस्थित प्रतिभागियों को दिलाई शपथ 

कार्यशाला के अंत में सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने बाल विवाह न करने और अपने क्षेत्र में न होने देने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम में आईईसी सामग्री का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता आरती वरकड़े सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


नारायणगंज में भक्ति का महाकुंभ, रामधुन से गूंजा पटेहरा

  • सीताराम संकीर्तन समिति की 21वीं वर्षगांठ पर हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
  • 17 संकीर्तन समितियों के संगम और भव्य प्रभात फेरी महोत्सव में उमड़ा जनसैलाब
  • आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनी प्रभात फेरी

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड के ग्राम पटेहरा में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। यहाँ पिछले 21 वर्षों से अनवरत संचालित हो रही सीताराम संकीर्तन समिति ने अपनी 21वीं वर्षगांठ को एक महोत्सव के रूप में मनाया। इस अवसर पर नवनिर्मित हनुमान मंदिर में विधिवत प्राण प्रतिष्ठा और भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।सीताराम संकीर्तन समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्राम में प्रतिदिन निकलने वाली यह प्रभात फेरी न केवल धार्मिक परंपरा को जीवित रखे हुए है, बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और संस्कारों में भी सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। ग्राम पटेहरा की इस पहल से प्रेरित होकर अब आसपास के कई गांवों में भी रामधुन की गूँज सुनाई देने लगी है।

17 समितियों का भव्य समागम 

महोत्सव का शुभारंभ प्रात: 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद दोपहर 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस उत्सव में शामिल होने के लिए चौकी, सिंघानपुरी, पड़रिया, टोला तिलगांव और बरेला सहित कुल 17 ग्रामों की संकीर्तन समितियाँ पहुँचीं, जिनका समिति द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।

प्रतिभाओं और संतों का सम्मान 

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के संतों का वंदन किया गया। इसके साथ ही समाज सेवा में अग्रणी कार्यकर्ताओं और रामधुन के माध्यम से संस्कृति को बढ़ावा दे रहे मेधावी छात्र-छात्राओं को गौरव प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। आयोजन में सरपंच कालिचरण मार्को, समाजसेवी बेनी लाल सिंगरोरे, सचिव दिवेंद्र श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

भंडारे के साथ हुआ समापन 

महोत्सव का समापन कन्या भोज और विशाल भंडारे के साथ हुआ, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि आपसी भाईचारे और सेवा भाव का भी संदेश दिया।



 


करोड़ों का खर्च, फिर भी प्यासे बच्चे

  • नारायणगंज में शो-पीस बनीं स्कूलों और आंगनवाडिय़ों की पानी टंकियां
  • जल जीवन मिशन में लीपापोती
  • कागजों पर दौड़ रही योजना
  • जमीनी हकीकत में न रखरखाव का पता न बजट का लेखा-जोखा

मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र शासन की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत हर स्कूल और आंगनवाड़ी तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने के दावे नारायणगंज विकासखंड के बबलिया क्षेत्र में खोखले साबित हो रहे हैं। करोड़ों रुपए खर्च करने के बाद भी शासकीय भवनों में नल-जल योजना केवल दिखावे की वस्तु बनकर रह गई है।बताया गया कि नारायणगंज ब्लाक के स्कूलों और आंगनवाडिय़ों में पानी की टंकियां तो रख दी गई हैं, लेकिन उनका संचालन और रखरखाव कौन करेगा, इसकी जानकारी न तो शिक्षकों को है और न ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को। आरोप है कि बिना कार्य पूर्णता और उपयोगिता प्रमाण पत्र के ही नारायणगंज जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से फाइलों को ओके कर दिया गया, जबकि धरातल पर योजना ठप पड़ी है।

शो-पीस बनकर रह गई योजना 

प्राथमिक शाला जराहडीह के शिक्षक राजाराम ने बताया कि उनके यहाँ पानी की टंकी हवा में उड़ गई है और योजना बंद है। इसी प्रकार प्राथमिक शाला केवलारी, कापा टोला, एकीकृत हाईस्कूल मल्ठार, बंजर टोला, कॉलोनी टोला और शाला खिन्हा के शिक्षक कौशल किशोर रिजोरिया, सुफाल सिंह मरावी, शिवराज सिंह सैयाम और अन्य ने एक सुर में कहा कि बोर और टंकी तो लगा दिए गए, लेकिन इनका संचालन अधिकार और बजट किसी को नहीं पता। आंगनवाड़ी केंद्र भिलवाटोला की स्थिति भी ऐसी ही है।

अधिकारियों और ठेकेदारों की जुगलबंदी पर सवाल 

क्षेत्रीय जनता का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से शासन की योजनाओं को चूना लगाया जा रहा है। कई स्थानों पर काम अधूरा छोड़ दिया गया है, तो कहीं घटिया निर्माण के कारण उपकरण खराब हो रहे हैं। स्कूलों में पेयजल की अव्यवस्था बनी हुई है और बच्चे आज भी पानी के लिए भटकने को मजबूर हैं।

विधिवत जांच की मांग 

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषियों को दंडित कर हर शासकीय भवन तक सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में चर्चा है कि यदि प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो शासन की करोड़ों की यह योजना पूरी तरह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगी।

इनका कहना है

जल जीवन मिशन के तहत चार आंगनबाडिय़ों में बिजली मीटर लगा दिए गए हैं, जिनका वर्तमान में कोई उपयोग नहीं हो रहा है। इसके बावजूद, नैझर, पौड़ी, पंडरी तलाई और चिमका टोला की आंगनबाडिय़ों में 13 से 14 हजार रुपये तक का बिल आ गया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि नल-जल योजना और पानी टंकी बंद होने के बाद भी इतना भारी बिल आ रहा है, जिसे भरने के लिए उनके पास कोई साधन नहीं है।
राम चरण मसराम, सरपंच, नैझर




स्मृति सुमन शिविर: 7 परिवारों को मिली अनुकंपा नियुक्ति की सौगात

  • मंत्री श्रीमती उइके ने सौंपे पत्र
  • परिजनों जैसी निष्ठा से करें सेवा
  • अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में भावुक हुईं पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला योजना भवन में आयोजित ‘स्मृति सुमन शिविर’ के दौरान उन परिवारों के चेहरों पर राहत की मुस्कान लौटी, जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने पूरी पारदर्शिता के साथ चयनित 7 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र वितरित किए।

एक ही छत के नीचे मिलीं सुविधाएँ

मंत्री श्रीमती उइके ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को दस्तावेजों के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए प्रशासन ने एक ही छत के नीचे सारी औपचारिकताएं पूर्ण की हैं। उन्होंने बताया कि यह इस वर्ष का पहला शिविर है, जबकि पिछले वर्ष आयोजित तीन शिविरों के माध्यम से 100 से अधिक पात्र परिवारों को नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है।

समर्पण और उज्ज्वल भविष्य का आह्वान

नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मंत्री ने भावुक संबोधन में कहा, “परिजनों के जाने के दुःख को शब्दों में नहीं बांधा जा सकता, लेकिन शासन की यह पहल परिवार को संबल देने का प्रयास है।” उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दिवंगत परिजनों की तरह ही निष्ठा और विश्वास के साथ शासकीय सेवा करें और अपनी क्षमता के बल पर भविष्य में और भी ऊंचे पदों तक पहुँचें।

प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

इस गरिमामयी अवसर पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना और एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले परिवारों ने शासन की इस त्वरित और पारदर्शी प्रक्रिया के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।



रंगों में सजी रजा की याद

3 दिवसीय रजा उत्सव से कला प्रेमियों में उत्साह

मंडला महावीर न्यूज 29. तीन दिवसीय रजा उत्सव का शुभारंभ सैयद हैदर रजा मार्ग स्थित रजा कला वीथिका में हुआ। 22 फरवरी तक रजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित रजा उत्सव 2026 में विशेष रूप से जलरंग कार्यशाला आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक बड़ी संख्या में कला प्रेमी चित्रकारी कर देश के प्रख्यात चित्रकार सैयद हैदर रजा को उनकी जन्म जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।उत्सव के दूसरे प्रमुख क्षण में प्रदेश की पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके रजा कला वीथिका पहुँचीं। उन्होंने कलाकारों से संवाद किया, उनकी कलाकृतियों को सराहा तथा गमले पर रंग उकेर कर अपनी सहभागिता दर्ज की। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि रजा उत्सव जैसे आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि मंडला की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त बनाते हैं। उनके आगमन से कलाकारों और उपस्थित कला प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा गया।

उत्सव में वॉटर कलर माध्यम से कलाकार यश भोपटे, अनुज आर्य, आरिफ खान, अभिनाश यादव, दीपक जूरी, दिया डोंगल, दियाशु देवांगन, प्रेम प्रजापति, राशिका चौहान, श्रीयंश विश्वकर्मा एवं विजय गहवार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलाकार मंडला की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक झलकियों को कैनवास पर जीवंत रूप दे रहे हैं।चित्रकला कार्यशाला में आशीष कछवाहा, गरिमा ताम्रकार और अशोक सोनवानी प्रतिभागियों को चित्रकारी की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। वहीं माटी पर रंग कार्यशाला के अंतर्गत धनेश्वर प्रजापति पारंपरिक माटी के चाक पर मिट्टी के दीये, गमले, सुराही, गुल्लक और बॉटल आदि बनाना सिखा रहे हैं। प्रतिभागी स्वयं मिट्टी की वस्तुएँ तैयार कर उन पर रंग सज्जा कर उन्हें यादगार के रूप में साथ ले जा रहे हैं।रजा उत्सव के संयोजक योगेन्द्र त्रिपाठी ने जिले के समस्त कला प्रेमियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, वरिष्ठ कलाकार अखिलेश, जावेद अली भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


गायत्री परिवार की जिला स्तरीय बैठक संपन्न

  • संगठन को मजबूती देने तहसील समिति का हुआ गठन
  • विचार क्रांति अभियान में आएगी तेजी
  • हर प्रज्ञा पीठ और शक्तिपीठ में अनिवार्य रूप से होगी मासिक बैठक

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड में अखिल विश्व गायत्री परिवार की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला और तहसील स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शिरकत की, जिसका मुख्य उद्देश्य मिशन की गतिविधियों का विस्तार करना और संगठन को निचले स्तर तक सक्रिय बनाना था।बैठक में मंडला जिला संयोजक हरिकेश दुबे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के सिद्धांतों और विचार क्रांति अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्यकर्ताओं का सक्रिय होना अनिवार्य है। इसी क्रम में तहसील समिति का गठन किया गया और नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई।

नियमित बैठक का लिया निर्णय 

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में संगठन की कार्यप्रणाली को सुचारु रखने के लिए हर प्रज्ञा पीठ और शक्तिपीठ में अनिवार्य रूप से मासिक बैठक आयोजित की जाएगी। इससे स्थानीय स्तर की समस्याओं का निराकरण होगा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में सुगमता होगी।

वरिष्ठजनों ने साझा किये विचार 

बैठक के दौरान गायत्री शक्ति मंडल से संदीप साहू, सहायक मुख्य प्रबंध ट्रस्टी एस मरकाम, पूर्व मुख्य प्रबंध ट्रस्टी (मंडला) रामजी चंदेल, जयंत वर्मा, रजत और उत्तम चंद्रमा काले सहित अन्य वरिष्ठ जनों ने अपने विचार साझा किए। सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से समाज उत्थान और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संकल्प दोहराया। कार्यकारिणी के नवनियुक्त सदस्यों ने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा के साथ गायत्री परिवार के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।


22 फरवरी को महान चित्रकार सैयद हैदर रजा का जन्म दिवस

  • रजा साहब और उनके पिता की कब्र पर चढ़ाई जाएगी चादर

मंडला महावीर न्यूज 29. रविवार को पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित विश्व के महान चित्रकारों में शुमार मरहूम सैयद हैदर रजा के जन्म दिवस पर उनके चाहने वाले उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। स्थानीय बिंझिया स्थित कब्रिस्तान में उनकी कब्र पर पहुंचकर रजा उत्सव में शामिल कलाकार व रज़ा साहब के चाहने वाले उन्हें पुष्पांजलि देंगे। रजा उत्सव के संयोजक योगेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि 22 फरवरी को रजा साहब का जन्म दिवस है।


इस मौके पर रजा फाउंडेशन द्वारा रजा साहब व उनके पिता की कब्र पर चादर चढ़ाई जायेगी। प्रति वर्ष रज़ा साहब के जन्म दिवस और पुण्य तिथि पर रजा फाउंडेशन द्वारा रजा साहब व् उनके पिता की कब्र पर चादर चढ़ाई जाती है , इस वर्ष भी बड़ी संख्या में कला प्रेमी आज 22 फरवरी रविवार की सुबह 10 बजे कब्रिस्तान पहुंचकर अपने चाहते कलाकार को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।


टिकरिया पुलिस की माइक्रोबीट चौपाल

  • ग्राम चिरी में ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा और साइबर सावधानी के गुर
  • सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट लगाने की अपील
  • ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए पुलिस ने दी ओटीपी की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना टिकरिया पुलिस द्वारा मेरा गांव, मेरी बीट’अभियान के अंतर्गत ग्राम चिरी में माइक्रोबीट चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस ने ग्रामीणों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों और सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक किया।थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की सलाह देते हुए पुलिस ने कहा कि सुरक्षा उपकरण केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन बचाने के लिए हैं। साथ ही, युवाओं को नशे के जाल से दूर रहने और नशा मुक्त समाज बनाने में योगदान देने की अपील की गई।

फ्रॉड से बचने दिए टिप्स 

बताया गया कि लगातार बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को विशेष टिप्स दिए। पुलिस अधिकारियों ने सख्त हिदायत दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें। संदिग्ध लुभावने विज्ञापनों या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी होने की स्थिति में बिना देर किए पुलिस को सूचित करें।

महिला सुरक्षा की दी जानकारी 

चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को तुरंत दें, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। ग्राम चिरी के निवासियों ने पुलिस की इस माइक्रोबीट प्रणाली की सराहना करते हुए गाँव को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने में अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।



मझगांव में भक्ति का सैलाब

  • भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
  • बैंड-बाजों और आतिशबाजी के बीच निकली कलश यात्रा

मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील मुख्यालय निवास के समीपवर्ती ग्राम मझगांव में शनिवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन के पहले दिन ग्राम में विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा गांव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।कथा के प्रथम दिन आयोजित कलश यात्रा में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें सिर पर मंगल कलश धारण कर सम्मिलित हुईं। बैंड-बाजों की मधुर धुन और जयकारों के बीच निकाली गई इस यात्रा में युवाओं ने आतिशबाजी कर उत्साह प्रकट किया। कलश यात्रा कथा स्थल से प्रारंभ होकर ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए प्रसिद्ध खेरमाई मंदिर परिसर पहुंची। यहाँ माता रानी के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कथा के निर्विघ्न संपन्न होने हेतु आवाहन किया गया।

28 फरवरी को होगा भंडारा 

संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित उदय प्रकाश पांडे शास्त्री (नदावन वाले) के मुखारविंद से किया जा रहा है। उन्होंने प्रथम दिन भागवत महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति मार्ग से जुडऩे की प्रेरणा दी। आयोजन समिति ने बताया कि यह कथा आगामी सात दिनों तक निरंतर चलेगी। कथा का विधिवत समापन 28 फरवरी को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। ग्राम मझगांव और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने इस धर्म लाभ को प्राप्त करने के लिए कथा स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।



विजयवर्गीय के बिगड़े बोल के खिलाफ नैनपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से हुई झूमाझटकी

  • मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के औकात वाले बयान पर बवाल
  • कांग्रेस ने रेस्ट हाउस के सामने फूंका पुतला
  • सदन की मर्यादा पर सियासत

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्य प्रदेश विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुई तीखी नोकझोंक की गूंज अब सड़कों पर सुनाई दे रही है। प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में आज नैनपुर में कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। नगर, ब्लॉक और युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वाधान में रेस्ट हाउस के सामने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला दहन किया गया।पुतला दहन के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, पुलिस प्रशासन ने नगर पालिका के दमकल वाहन से पानी की बौछार कर पुतले को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक झूमाझटकी होती रही, जिसके बाद पुलिस ने अधजले पुतले को अपने संरक्षण में ले लिया।

मुख्यमंत्री ने सदन में मांगी माफी 

बताया गया कि विधानसभा सत्र के दौरान बहस के समय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को औकात में रहो कह दिया था। इस पर पलटवार करते हुए सिंघार ने कहा था कि मेरी औकात प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता के सवालों को अहंकारी सत्ता के सामने मुखरता से रखने की है। हालांकि विवाद बढऩे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सदन में माफी मांगी और विजयवर्गीय ने भी अपने व्यवहार पर खेद जताते हुए सिंघार को छोटे भाई जैसा बताया, लेकिन कांग्रेस इस अपमान को लेकर अब भी हमलावर है।

अहंकारी सत्ता को चेतावनी 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर मंत्री भाषाई मर्यादा भूल चुके हैं। एक आदिवासी नेता और नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ ऐसी भाषा का प्रयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



नैनपुर को पुन: विधानसभा बनाने का शंखनाद

  • अस्तित्व की रक्षा के लिए अब होगा जन आंदोलन
  • परिसीमन की आहट के बीच नैनपुर में जुटी सर्वदलीय शक्ति
  • विधानसभा बहाली के लिए लामबंद हुए सभी समाज और दल

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर विधानसभा के अस्तित्व को मिटाए जाने का मलाल अब एक बड़े जन आंदोलन की शक्ल ले रहा है। आगामी परिसीमन में नैनपुर को पुन: विधानसभा क्षेत्र घोषित कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अधिवक्ता, व्यापारी और मीडिया जगत के लोग लामबंद हो गए हैं। नगर पालिका परिसर में आयोजित नैनपुर सर्वांगीण विकास परिषद की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया गया कि अब चुप बैठने का समय निकल चुका है, अब हक की लड़ाई सड़क पर लड़ी जाएगी।

परिषद के अध्यक्ष विमलेश सोनी ने नैनपुर विधानसभा की रूपरेखा रखते हुए बताया कि 2011 में ही नैनपुर तहसील की जनसंख्या 1.57 लाख थी, जो अब बढ़कर 2 लाख के पार पहुँच चुकी है। मप्र में इससे कम जनसंख्या वाली भी विधानसभाएं हैं। ब्रॉडगेज जंक्शन होने के नाते नैनपुर की कनेक्टिविटी पूरे देश से है, ऐसे में विधानसभा बहाली विकास का पहिया घुमाने के लिए अनिवार्य है।

पूर्व विधायकों और नेताओं ने भरी हुंकार 

पूर्व विधायक डॉ. शिवराज सिंह ने कहा कि मोचा, नारा, दिवारा जैसे ग्राम जो पुरानी विधानसभा का हिस्सा थे, वे आज भी नैनपुर के साथ जुडऩा चाहते हैं। इसके लिए ग्राम और जनपद स्तर पर प्रस्ताव पारित किए जाने चाहिए। पूर्व विधायक संजीव उईके ने नैनपुर के गौरव की बात करते हुए कहा कि जंक्शन की महत्ता के आधार पर विधानसभा का पुनर्जीवित होना जरूरी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी कमलेश सिंह ने कहा कि पार्टी इस हक की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है।

साजिश के तहत अस्तित्व मिटाने का आरोप 

पार्षद मोहित कांत झरिया ने इसे एक राजनीतिक साजिश बताया। वहीं बीएसपी के इंदर सिंह ने कहा कि विधानसभा न होने से आदिवासी क्षेत्र का विकास रुक गया है। वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश शुक्ला ने स्पष्ट किया कि नैनपुर अब अपना विघटन बर्दाश्त नहीं करेगा।

समाज के हर वर्ग का मिला समर्थन 

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने किसी भी कानूनी लड़ाई के लिए वकीलों के पूर्ण सहयोग का वादा किया। व्यापारी व सिंधी समाज के अध्यक्ष चंद्र कुमार नागपाल ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के रोजगार और नैनपुर के विकास के लिए व्यापारी संगठन तन-मन-धन से साथ हैं। पत्रकार संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने कहा कि अब कदम आगे बढ़ चुके हैं, पीछे हटना संभव नहीं है।

आंदोलन करने का लिया निर्णय 

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि नैनपुर विधानसभा को पुनर्जीवित करने के लिए जन-जन तक पहुंचा जाएगा। यदि सरकार इस न्यायोचित मांग को अनसुना करती है, तो पूरा क्षेत्र जन आंदोलन की राह पकड़ेगा। बैठक में सरजू तिवारी, धर्मेश तिवारी, डॉ. सुरेंद्र बरकड़े, नितिन ठाकुर सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।



नारायणगंज में चोरों के हौसले बुलंद

  • थाने के सामने घर के आंगन से बाइक पार
  • सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
  • पुलिस को चुनौती, नारायणगंज में फिर हुई चोरी

मंडला महावीर न्यूज 29. नगर में बेलगाम होते जा रहे चोरों ने अब पुलिस की मुस्तैदी पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत थाने के बिल्कुल सामने स्थित एक घर के आंगन से अज्ञात चोर ने बीती रात मोटरसाइकिल पार कर दी। चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी अनुसार घटना 19 फरवरी की रात लगभग 12 बजे की है। अज्ञात चोर फरियादी के घर के आंगन में घुसा और वहां खड़ी मोटरसाइकिल वाहन क्रमांक टीएस 13 ईजेड 3572 लेकर रफूचक्कर हो गया। पीडि़त ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी की घटना बताई है। बताया गया कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध चोर की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक आरोपी का सुराग लगाने में नाकाम रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब थाने के सामने ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य वार्डों की स्थिति क्या होगी।

नगरवासियों में बढ़ता आक्रोश 

नारायणगंज क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। पूर्व में हुई कई चोरियों के मामलों में भी अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस की इस सुस्त कार्यप्रणाली से नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर बाइक बरामद की जाए। पुलिस ने फिलहाल आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन बढ़ते अपराधों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।



मंडला में ‘पीएमश्री एयर एम्बुलेंस’ सेवा का शंखनाद

गंभीर बीमारी से पीड़ित रितिका एयर एम्बुलेंस से चंडीगढ़ रवाना

  • फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रही रितिका को एयरलिफ्ट कर भेजा गया चंडीगढ़
  • संकट में सहारा बनी सरकार
  • विधायक की पहल और कलेक्टर की तत्परता से बेसहारा बिटिया को मिला नया जीवन
  • PGI में होगा निःशुल्क उपचार

मंडला महावीर न्यूज 29.  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश में शुरू की गई ‘पीएमश्री एयर एम्बुलेंस’ सेवा मंडला जिले के लिए संजीवनी साबित हुई है। जिले के ग्राम घुटास की 16 वर्षीय रितिका यादव, जो फेफड़ों की गंभीर बीमारी (फाइब्रोसिस एवं पल्मनरी आर्टरीज हाइपरटेंशन) से जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही थीं, उन्हें बेहतर उपचार के लिए शुक्रवार को एयरलिफ्ट कर पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। रितिका इस सेवा का लाभ लेने वाली जिले की पहली हितग्राही बनी हैं।

विधायक और प्रशासन का समन्वित प्रयास

रितिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा ने मुख्यमंत्री से दूरभाष पर चर्चा कर हवाई एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का विशेष अनुरोध किया था। विधायक की इस मानवीय पहल पर जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए न केवल एयर एम्बुलेंस की कागजी कार्रवाई पूरी कराई, बल्कि पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञों से समन्वय स्थापित कर रितिका का निःशुल्क उपचार भी सुनिश्चित कराया।

पिता का साया नहीं, आयुष्मान बना ढाल

उल्लेखनीय है कि रितिका के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है और उनकी माता श्रीमती तरेसा यादव ही उनका एकमात्र सहारा हैं। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार के लिए आयुष्मान भारत योजना वरदान साबित हुई। आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण रितिका को लाखों रुपए खर्च वाली एयर एम्बुलेंस सुविधा और चंडीगढ़ में होने वाला जटिल उपचार पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

जबलपुर से चंडीगढ़ का सफर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि रितिका को शुक्रवार प्रातः मण्डला से जबलपुर एयरपोर्ट ले जाया गया, जहाँ से सुबह 8:30 बजे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें चंडीगढ़ रवाना किया गया। वर्तमान में रितिका चंडीगढ़ पीजीआई में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उच्च स्तरीय निगरानी में भर्ती हैं और उनका उपचार प्रारंभ हो चुका है।

प्रशासन ने दी आर्थिक मदद

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में रितिका की माता को शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि भी प्रदान की गई है, ताकि यात्रा और उपचार के दौरान उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के इस समन्वित प्रयास की पूरे जिले में सराहना हो रही है।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


ककैया खदान विवाद

ग्रामीणों के समर्थन में उतरी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, उग्र आंदोलन की चेतावनी

  • पत्रकारों पर हमले को गोंगापा ने बताया लोकतंत्र की हत्या
  • प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने संभाला मोर्चा
  • बाहुबल और अवैध ब्लास्टिंग से थर्राया बीजेगांव

मंडला महावीर न्यूज 29.  तहसील बिछिया के अंतर्गत ककैया डोलामाइट खदान में कवरेज करने गए पत्रकारों के साथ हुई अभद्रता और बंधक बनाए जाने की घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगापा) के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने अपने समर्थकों के साथ प्रभावित क्षेत्र बीजेगांव का दौरा किया। उन्होंने स्कूल भवनों में आई दरारों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से संवाद कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।

पत्रकारों पर हमला और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

कमलेश तेकाम ने कहा कि पत्रकारों पर हमला करना लोकतंत्र का गला घोंटने के समान है। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी जिला जनसंपर्क अधिकारी और स्थानीय विधायक खामोश हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खदान संचालक को सत्ता और विपक्ष दोनों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण खनिज विभाग जांच के नाम पर केवल खानापूर्ति कर रहा है।

अवैध ब्लास्टिंग से सरकारी संपत्ति को नुकसान

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मैसर्स विनोद कुमार अग्रवाल की खदान (खसरा नं. 1472) में हो रही हैवी ब्लास्टिंग के कारण बीजेगांव के शासकीय स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि खदान माफिया के डर से वे अपनी आवाज नहीं उठा पा रहे हैं। चांदी के सिक्कों के दम पर पूरा प्रशासनिक अमला बिका हुआ नजर आ रहा है।

दोबारा कवरेज करने पहुँचे दल से फिर अभद्रता

हैरानी की बात यह है कि शुक्रवार को जब पत्रकारों का एक दूसरा दल वस्तुस्थिति जानने खदान स्थल पहुँचा, तो सुरक्षा की मांग के बावजूद उनके साथ फिर से अभद्रता की कोशिश की गई। सूत्रों का दावा है कि इस क्षेत्र में बंद पड़ी खदानों की रॉयल्टी का अवैध उपयोग किया जा रहा है और ओवरलोड वाहनों ने सरकारी सड़कों को पूरी तरह तबाह कर दिया है।

कलेक्टर की छवि धूमिल करने का प्रयास

चर्चा है कि जिले के कलेक्टर सोमेश मिश्रा की छवि को खनिज विभाग के कुछ अधिकारी अपनी मिलीभगत से धूमिल कर रहे हैं। हालांकि, बिछिया एसडीएम सोनाली देव ने मामले की जांच की बात कही है और खनिज विभाग का दल भी मौके पर पहुँचा था, लेकिन अब तक जांच के परिणाम सार्वजनिक नहीं हुए हैं।

आंदोलन की चेतावनी

गोंगापा अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने स्पष्ट किया है कि वे इस लड़ाई में पत्रकारों और ग्रामीणों के साथ हैं। यदि खदान संचालक पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई और अवैध ब्लास्टिंग नहीं रुकी, तो जिला प्रशासन के विरुद्ध बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस घटना को लेकर अब पूरे प्रदेश के पत्रकार लामबंद हो रहे हैं।



कछवाहा समाज विवाद

कछवाहा समाज अध्यक्ष की छवि धूमिल करने की रची जा रही साजिश

  • अध्यक्ष रंजीत कछवाहा ने आरोपों को बताया निराधार
  • श्रीराम मंदिर ट्रस्ट विवाद, चुनाव से पहले वित्तीय अनियमितता के आरोप राजनीति से प्रेरित
  • रंजीत कछवाहा ने प्रेस वार्ता में रखा अपना पक्ष

मंडला महावीर न्यूज 29. श्रीराम मंदिर ट्रस्ट कछवाहा समाज मंडला के अध्यक्ष रंजीत कछवाहा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर अपने ऊपर लगे आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में उनके विरुद्ध की गई शिकायत पूरी तरह झूठी और उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से की गई है।
रंजीत कछवाहा ने बताया कि शिकायतकर्ता शिवराज कछवाहा और कोमल कछवाहा आदतन विवादित व्यक्ति हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी समाज या ट्रस्ट के चुनाव नजदीक आते हैं, ये लोग नेतृत्व करने वाले व्यक्तियों पर वित्तीय अनियमितता और गाली-गलौज जैसे झूठे आरोप लगाकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान करते हैं। पूर्व में भी ये लोग समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और सीए के साथ इसी तरह का र्दुव्यवहार कर चुके हैं।

चुनाव और मनोनयन पर विवाद 

अध्यक्ष ने बताया कि आगामी समय में ट्रस्ट के चुनाव होने हैं। पूर्व में भी इन व्यक्तियों ने मतदान प्रक्रिया का विरोध कर स्वयं को नियम विरुद्ध मनोनीत करा लिया था, जिसे बाद में समाज ने रद्द कर दिया था। रंजीत कछवाहा ने बताया कि इन विवादों के कारण ही समाज के प्रतिष्ठित लोग अब पदों की जिम्मेदारी लेने से कतराने लगे हैं।

दस्तावेजों को लेकर घेरा 

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महत्वपूर्ण दस्तावेज शिकायतकर्ताओं के पास हैं, जिन्हें वे कई बार मांगने के बावजूद वापस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ऑडिट रिपोर्ट को गलत बताए जाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि समाज के नियमों को ताक पर रखकर ईष्र्या वश केवल उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा है।

प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग 

रंजीत कछवाहा ने प्रशासन पर विश्वास जताते हुए कहा कि चूंकि मामला जनसुनवाई में पहुँचा है, इसलिए मैं जिला प्रशासन के हर आदेश का पालन करूँगा और निष्पक्ष जांच में सहयोग दूँगा। उन्होंने निवेदन किया कि श्रीराम मंदिर ट्रस्ट मध्य प्रदेश न्यास अधिनियम 1962 के तहत पंजीकृत है, अत: इसका संचालन नियमानुसार ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने वर्तमान में ट्रस्ट के कार्यालय में जबरन ताला लगाकर नियम विरुद्ध कब्जा कर रखा है, जिस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।



कला और माटी का संगम, कैनवास पर उतरी मंडला की सुंदरता

3 दिवसीय रजा उत्सव का आगाज, रंगों के माध्यम से दी जा रही सैयद हैदर रजा को श्रद्धांजलि

  • रजा कला वीथिका में जल रंग कार्यशाला शुरू
  • पारंपरिक चाक पर मिट्टी की कलाकृतियां गढ़ रहे कलाकार

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय रजा उत्सव 2026 का शुक्रवार को शुभारम्भ हुआ। जिला एवं सत्र न्यायालय के समीप स्थित रजा कला वीथिका में 22 फरवरी तक चलने वाले इस उत्सव में कला प्रेमी अपनी रचनात्मकता के जरिए पसंदीदा कलाकार को याद कर रहे हैं।रजा फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस उत्सव के प्रथम दिन विशेष रूप से जल रंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें यश भोपटे, अनुज आर्य, आरिफ खान, अभिनाश यादव और दीपक जूरी सहित अनेक युवा कलाकार अपने कैनवास पर मंडला की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को पेंट कर रहे हैं। सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली इस कार्यशाला में कला के शौकीन बड़ी संख्या में पहुँच रहे हैं।

बारीकियों से रूबरू हो रहे कला प्रेमी 

कार्यक्रम में वरिष्ठ कलाकार आशीष कछवाहा, गरिमा ताम्रकार और अशोक सोनवानी मौजूद रहकर चित्रकारी सीखने वाले लोगों को कला की बारीकियों और तकनीकों से अवगत करा रहे हैं। इसके साथ ही, उत्सव में वरिष्ठ कलाकार श्री अखिलेश की विशेष उपस्थिति ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

माटी पर रंग और परंपरा का संरक्षण 

उत्सव का एक मुख्य आकर्षण माटी पर रंग कार्यशाला है। यहाँ धनेश्वर प्रजापति पारंपरिक चाक पर मिट्टी के दीये, गमले, सुराही और गुल्लक बनाना सिखा रहे हैं। लोग स्वयं अपने हाथों से मिट्टी की वस्तुएं तैयार कर रहे हैं और उन पर चित्रकारी कर उन्हें यादगार स्वरूप अपने साथ ले जा रहे हैं।

संयोजक की अपील 

रजा उत्सव के संयोजक योगेन्द्र त्रिपाठी ने जिले के समस्त कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय आयोजन में सम्मिलित होकर मंडला की इस कलात्मक विरासत को सफल बनाएं। कला प्रेमी ड्राइंग शीट, कैनवास और मिट्टी के पात्रों पर चित्रकारी कर सैयद हैदर रजा के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं।



सरकारी बजट से हुए निर्माण कार्यों पर नाम चमकाने की होड़

  • 15वें वित्त की राशि पर सियासत हावी
  • जनता के पैसे से नेताओं की वाहवाही
  • लाइट टावरों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के नाम देख भड़के ग्रामीण
  • चर्चाओं का बाजार गर्म

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज इन दिनों अपनी कार्यशैली से ज्यादा राजनीतिक श्रेय लेने की होड़ को लेकर सवालों के घेरे में है। सरकारी खजाने से होने वाले जनहित के कार्यों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा अपना नाम लिखवाकर निजी श्रेय लेने का मामला तूल पकड़ रहा है।जानकारी अनुसार नारायणगंज जनपद के अंतर्गत शासन द्वारा विभिन्न निर्माण कार्य और लाइट टावर लगाए जा रहे हैं। बताया गया कि नियमानुसार ये कार्य सार्वजनिक धन 15वें वित्त आयोग की राशि से स्वीकृत किए गए हैं। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि टिकरिया, पटेहरा और नारायणगंज में लगे हाई-मास्ट लाइट टावरों पर अब जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम बड़े-बड़े अक्षरों में छपने लगे हैं।

क्षेत्र में चर्चा और विरोध का विषय 

क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यह जनता के पैसे का दुरुपयोग कर राजनीतिक रोटियां सेंकने जैसा है। सरकारी राशि से हुए कार्यों पर अपना नाम लिखवाकर वाहवाही बटोरना नैतिक रूप से गलत है। सोशल मीडिया और ग्रामीण अंचलों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब राशि शासन की है, तो श्रेय केवल चुनिंदा नेता क्यों ले रहे हैं।

गुणवत्ता पर उठे सवाल 

नाम चमकाने की इस राजनीति के बीच ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि नेताओं को नाम लिखवाने से ज्यादा इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि ये निर्माण कितने समय तक टिक पाएंगे। फिलहाल जनपद की इस नेम प्लेट राजनीति ने प्रशासन की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि क्या वरिष्ठ अधिकारी इस मामले में हस्तक्षेप कर सरकारी संपत्तियों से राजनैतिक नामों को हटाने का निर्देश देते हैं।



सड़क मरम्मत के नाम पर लीपापोती

बबलिया क्षेत्र के सरपंचों ने खोला मोर्चा, डामलीकरण की उठी मांग

  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सड़कों की बदहाली
  • गड्ढों में तब्दील हुए मार्ग
  • सरपंचों ने प्रशासन से की साइड पटरी और डामलीकरण की शिकायत

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखंड के अंतर्गत बबलिया क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनवाई गई सड़कों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। मरम्मत के नाम पर विभाग द्वारा की जा रही खानापूर्ति से नाराज होकर क्षेत्र के दर्जनों सरपंचों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।

क्षेत्रीय सरपंचों का आरोप है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत पिछले कई वर्षों से मरम्मत के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है। सड़कों के किनारों पर लगे पत्थरों और बोर्डों पर रंग-रोगन कर इतिश्री कर दी जाती है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां करती है। सड़कों के किनारे न तो झाडिय़ों की सफाई कराई गई है और न ही साइड पटरी की भराई हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।

गिट्टी और जले तेल से भरा जा रहा गड्ढा

जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया और सरपंच रूपसिंह सैयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बताया कि सड़कों के गड्ढे भरने के लिए मानक डामर के बजाय जले हुए ऑयल और गिट्टी का उपयोग किया जा रहा है। यह गिट्टी कुछ ही दिनों में निकल जाती है, जिससे सड़क फिर से गड्ढों में तब्दील हो जाती है।

इन मार्गों पर बुरा हाल 

ग्रामीणों ने बताया कि रिपटा जेवरा चौराहा से मल्ठार, जराहडीह, पथर्री केवलारी, चकदेही से कापा, खम्हरिया से फड़की सिवनी, मुरलापानी से नैझर, पडरीतलाई, देवरी कला, नारायणगंज-बबलिया मुख्य मार्ग से घुघरी, छांटाटोला, तरवानी, सालेहपानी, रमपुरी धनगांव, पीपरपानी, सिमरिया और मुकास पौंडी जैसे दर्जनों पहुँच मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं।

प्रशासन से डामलीकरण की मांग 

सरपंच सतीष सोयाम, कमलसिंह मरावी, जगदीश धुर्वे, रामचरण मसराम, गणेश धुर्वे, चंद्रसिंह कुलस्ते, कलीराम और हनमत सोयाम सहित अन्य सरपंचों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इन समस्त सड़कों पर केवल पैच वर्क न कर पूर्ण डामलीकरण किया जाए और साइड पट्टी का निर्माण कराया जाए। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं हुआ, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



मुस्कान की वापसी

मंडला एनआरसी में 21 दिनों के विशेष उपचार से स्वस्थ हुई डेढ़ माह की मासूम कुसुम

  • अति कुपोषण और सांस की बीमारी को दी मात
  • जिला अस्पताल की टीम ने कंगारू मदर केयर से बचाई मासूम की जान

मंडला महावीर न्यूज 29. जिला चिकित्सालय मंडला के पोषण पुनर्वास केन्द्र से एक सुखद खबर सामने आई है। यहाँ भर्ती एक माह 23 दिन की मासूम बालिका कुसुम मरकाम ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की 21 दिनों की कड़ी मेहनत और सतत निगरानी के बाद अति कुपोषण और गंभीर बीमारी को मात देकर नया जीवन प्राप्त किया है।सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि नैनपुर तहसील के ग्राम पचलू टोला गौराछापर निवासी सुकचैन मरकाम की सुपुत्री कुसुम को 29 जनवरी 2026 को जिला अस्पताल लाया गया था। उस समय बच्ची को सांस लेने में भारी तकलीफ थी और वह स्तनपान भी नहीं कर पा रही थी। नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल पीआईसीयू में भर्ती किया गया।

1.700 किग्रा से 2.285 किग्रा तक का सफर 

12 दिनों तक पीआईसीयू में रहने के बाद जब बच्ची की स्थिति में सुधार हुआ, तो उसे एनआरसी में स्थानांतरित किया गया। उस समय बच्ची का वजन मात्र 1.700 किलोग्राम था और वह अति कुपोषण की श्रेणी में थी। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश ठाकुर की देखरेख में एनआरसी गाइडलाइन के अनुसार उपचार शुरू किया गया।

विशेष देखभाल और स्तनपान पर दिया जोर 

भर्ती के दौरान फीडिंग डेमोंस्ट्रेटर रश्मि वर्मा ने मां को स्तनपान और पोषण आहार के बारे में प्रशिक्षित किया। बच्ची को कंगारू मदर केयर के माध्यम से गर्म रखा गया और स्टाफ की निगरानी में नियमित स्तनपान कराया गया। 21 दिनों के सफल उपचार के बाद जब बच्ची डिस्चार्ज हुई, तो उसका वजन बढ़कर 2.285 किलोग्राम हो गया।

परिजनों ने जताया आभार 

सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में बच्ची को पूर्णत: स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी गई। बच्ची की मां राजदुलारी मरकाम ने भावुक होकर कहा कि मेरी बच्ची का वजन लगातार गिर रहा था, लेकिन यहाँ की टीम ने उसे नया जीवन दिया है। मैं शासन और अस्पताल प्रशासन का हृदय से धन्यवाद करती हूँ।

टीम का रहा योगदान 

इस सफल उपचार में नर्सिंग स्टाफ इंदु जंघेला, रोशनी मेरावी, प्रियंका पटेल, शिल्पा पटेल, दुर्गा जंघेला और सपोर्ट स्टाफ संजना चौरसिया, रामबाबू, धानीराम व महेश्वरी का विशेष योगदान रहा।



आरक्षक कीर्ति नागपुरे को दी गई भावभीनी विदाई

मंडला से बालाघाट हुआ स्थानांतरण

  • 4 वर्ष से अधिक की सेवाओं के बाद अंजनिया चौकी से विदा हुए कीर्ति नागपुरे

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस चौकी अंजनिया में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले आरक्षक कीर्ति नागपुरे का स्थानांतरण मंडला जिले से बालाघाट जिले के लिए हो गया है। स्थानांतरण आदेश के परिपालन में उन्हें चौकी स्टाफ द्वारा गरिमामय विदाई दी गई।

कीर्ति नागपुरे पिछले 4 वर्ष 5 माह से अंजनिया चौकी में पदस्थ थे। अपने इस लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभागीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। मिलनसार स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण के कारण क्षेत्र के नागरिकों और विभागीय सहकर्मियों के बीच उनकी कार्यशैली की सदैव सराहना की जाती रही।

उज्ज्वल भविष्य की कामना 

स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद चौकी परिसर में एक सादा विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित स्टाफ ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर नई पदस्थापना स्थल के लिए शुभकामनाएं दीं। सहकर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे बालाघाट जिले में भी इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देंगे। विदाई के क्षणों में सभी स्टाफ सदस्य भावुक नजर आए।]


रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


ग्राम सिकोसी में मेरा गांव, मेरी बीट अभियान आयोजित

  • ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के मंत्र
  • बताए सड़क सुरक्षा और साइबर की सावधानी
  • पुलिस ने ग्रामीणों से की हेलमेट पहनने और ओटीपी शेयर न करने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना टिकरिया पुलिस द्वारा ग्राम सिकोसी में मेरा गांव, मेरी बीट अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। माइक्रोबीट प्रणाली पर आधारित इस जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी। दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर देते हुए पुलिस ने बताया कि लापरवाही जानलेवा हो सकती है। इसके साथ ही, ग्रामीणों से नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सहयोग मांगा गया और नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।

साइबर ठगी से बचने के बताए गुर 

बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस ने साइबर सुरक्षा पर विशेष सत्र लिया। ग्रामीणों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी साझा न करें। संदिग्ध कॉल या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना डरे पुलिस को दें 

कार्यक्रम के दौरान महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर भी चर्चा की गई। पुलिस ने बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना डरे पुलिस को दें। ग्राम सिकोसी के ग्रामीणों ने पुलिस की इस नई माइक्रोबीट कार्यप्रणाली की सराहना की और एक सुरक्षित गांव बनाने में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।



पशु तस्करी की कोशिश नाकाम

आरटीओ बैरियर के पास मवेशियों से भरा ट्रक छोड़ भागे तस्कर

  • महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई
  • ट्रक में क्रूरतापूर्वक ठूंसे गए थे 22 मवेशी
  • गौशाला भेजे गए सुरक्षित

मंडला महावीर न्यूज 29.  थाना महाराजपुर पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध तत्परता दिखाते हुए मवेशियों से भरा एक ट्रक जब्त किया है। तस्करों द्वारा ट्रक में 22 मवेशियों को बेहद क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था, लेकिन वाहन खराब होने के कारण आरोपी उसे बीच रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए।

पुल पर ट्रक खराब होते ही मची खलबली

जानकारी अनुसार ट्रक पुरवा से महाराजपुर की ओर आ रहा था। तभी आरटीओ कार्यालय के पास बंजर नदी पुल पर ट्रक में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच रास्ते में खड़ा हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की पकड़ में आने के डर से आरोपी वाहन को संदिग्ध अवस्था में छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए।

ग्रामीणों की सतर्कता से खुली पोल

पुल पर खड़े संदिग्ध ट्रक को देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तत्काल महाराजपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने जब ट्रक की तलाशी ली, तो भीतर का नजारा देख दंग रह गई। ट्रक के अंदर क्षमता से अधिक मवेशियों को ठूँस-ठूँस कर भरा गया था।

सुरक्षित पहुँचाए गए आमानाला गौशाला

पुलिस ने बिना देर किए ट्रक को अपने कब्जे में लिया और सभी 22 मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया। इन मवेशियों को चारे और पानी की व्यवस्था हेतु आमानाला गौशाला पहुँचा दिया गया है।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने अज्ञात तस्करों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम और अवैध परिवहन के तहत मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक के नंबर और इंजन चेसिस के आधार पर वाहन मालिक और फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में पशु तस्करी रोकने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।




कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ से संघर्ष में नर तेंदुए की मौत

सिर पर मिले बाघ के दांतों के निशान

  • कान्हा नेशनल पार्क के किसली परिक्षेत्र में मिला तेंदुए का शव
  • पोस्टमार्टम के बाद अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ अंतिम संस्कार

मंडला महावीर न्यूज 29.  कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत किसली परिक्षेत्र में एक नर तेंदुए की मौत की घटना सामने आई है घटना की जानकारी 19 फरवरी 2026 को वन विभाग को प्राप्त हुई तेंदुए का शव किसली वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बीट लांघादादर के कक्ष क्रमांक 632 (16) में जरियावारे पगडंडी के पास पाया गया

बाघ की उपस्थिति के मिले साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही एनटीसीए (NTCA) और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुसार क्षेत्र को सुरक्षित किया गया डॉग स्क्वाड की मदद से की गई छानबीन के दौरान मौके पर बाघ की उपस्थिति के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत तेंदुए के सिर पर बाघ के दांतों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि तेंदुए की मौत बाघ के साथ हुए संघर्ष के कारण हुई है

सभी अंग सुरक्षित, किया अंतिम संस्कार

तेंदुए का पोस्टमार्टम कान्हा टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल, बिछिया पशु चिकित्सक डॉ. दीपाली परते और मण्डला के पशु चिकित्सक डॉ. सुरेन्द्र टेकाम द्वारा किया गया जांच के दौरान तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए.निर्धारित नियमों के तहत क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा, सहायक संचालक सूरज सिंह सेन्द्राम और अन्य अधिकारियों व ग्रामीणों की उपस्थिति में मृत तेंदुए का अंतिम संस्कार (शवदाह) किया गया इस पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है



कलेक्टर की संवेदनशीलता

सिस्टिक फाइब्रोसिस से जंग लड़ रही रीतिका को प्रशासन ने दिया सहारा

एयरलिफ्ट कर भेजी जाएगी चंडीगढ़

  • मंडला की बेटी के लिए देवदूत बने कलेक्टर सोमेश मिश्रा
  • तत्काल स्वीकृत की आर्थिक मदद
  • एयर एंबुलेंस से होगा उच्च स्तरीय उपचार

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में मानवीय संवेदनाओं और प्रशासनिक तत्परता का एक अनूठा उदाहरण सामने आया है। गंभीर बीमारी ‘सिस्टिक फाइब्रोसिस’ से जूझ रही मासूम रीतिका यादव के जीवन की रक्षा के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने तत्काल कदम उठाते हुए उसे एयरलिफ्ट कर पीजीआई मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़ भेजने के निर्देश दिए हैं।

माता की गुहार पर त्वरित निर्णय

ग्राम घुटास निवासी श्रीमती तरेसा यादव ने अपनी पुत्री रीतिका की गंभीर स्थिति से कलेक्टर श्री मिश्रा को अवगत कराया था। चिकित्सकों ने सलाह दी थी कि रीतिका का उन्नत और विशेष उपचार केवल चंडीगढ़ के विशेषज्ञ अस्पताल में ही संभव है। परिजनों की कमजोर आर्थिक स्थिति इलाज में बड़ी बाधा बनी हुई थी।

आर्थिक सहायता और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया। उन्होंने तत्काल रेड क्रॉस से 10 हजार रुपए की प्राथमिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसके साथ ही, रीतिका को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए प्रशासन द्वारा एयर एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था कराई गई है।

इलाज का रूट चार्ट

योजना के अनुसार, रीतिका को शुक्रवार को मण्डला से सड़क मार्ग द्वारा जबलपुर भेजा जाएगा। जबलपुर पहुँचने के बाद, उन्हें वहां से एयर एंबुलेंस के माध्यम से सीधे चंडीगढ़ के लिए एयरलिफ्ट किया जाएगा।

परिजनों ने जताया आभार

समय पर मिली इस बड़ी मदद से रीतिका के परिजनों की उम्मीदें जाग उठी हैं। जिला प्रशासन और विशेषकर कलेक्टर की इस संवेदनशीलता से भावुक होकर परिजनों ने हृदय से आभार व्यक्त किया है। प्रशासन के इस कदम की पूरे जिले में सराहना हो रही है।


राज्य स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता

जबलपुर संभाग की महिलाओं ने इंदौर को हराकर जीता खिताब, पुरुष टीम रही उपविजेता

  • बैतूल में जबलपुर संभाग का जलवा
  • महिला पिट्टू टीम बनी प्रदेश चैंपियन
  • सुमन मरावी और जितेंद्र सैयाम के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन

मंडला महावीर न्यूज 29. राज्य स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के खिलाडिय़ों ने अपना परचम लहराया है। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की 12 संभागों की टीमों ने हिस्सा लिया था।

जबलपुर संभाग की महिला टीम ने प्रतियोगिता के दौरान असाधारण खेल कौशल का परिचय दिया। सेमीफाइनल में सागर संभाग को करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश करने वाली इस टीम का मुकाबला इंदौर संभाग से हुआ। फाइनल में जबलपुर की बेटियों ने इंदौर को हराकर स्वर्ण पदक जीता और लगातार दूसरी बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया। टीम का नेतृत्व कप्तान सुमन मरावी ने किया।

पुरुष वर्ग में कड़ा मुकाबला 

पुरुष वर्ग में भी जबलपुर संभाग का प्रदर्शन सराहनीय रहा। सेमीफाइनल में उज्जैन को हराकर फाइनल में पहुंची जबलपुर की टीम का सामना इंदौर से हुआ। फाइनल मुकाबला अत्यंत संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें मामूली अंतर से हारकर जबलपुर की टीम को उपविजेता (रजत पदक) से संतोष करना पड़ा। पुरुष टीम की कमान कप्तान जितेन्द्र सैयाम के हाथों में थी।
राज्य स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के विजेता खिलाडिय़ों में महिला टीम से सुमन मरावी (कप्तान), दीपलता कूड़ापे, अंजलि, असमी परस्ते, गरिमा, अंकेश्वरी, पूजा कुलस्ते, अंजनी और साधना धुर्वे शामिल है। वहीं पुरुष टीम में जितेन्द्र सैयाम (कप्तान), उज्जैन, सतीश, हेमंत, संजू, रवि प्रकाश, पुरोहित मुकेश और प्रभात शामिल है।

जिले में हर्ष का माहौल 

खिलाडिय़ों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता, जिले के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल और संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने खुशी जाहिर की है। टीम के मुख्य कोच डॉ. गुलबहार खान सहित डॉ. आशीष चतुर्वेदी, डॉ. अनूप परिहार, डॉ. नीलेश चौरे और डॉ. प्रशांत यादव की मेहनत को इस सफलता का श्रेय दिया गया है। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापकों ने सभी खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



पासपोर्ट सत्यापन में मंडला पुलिस का दबदबा

शत-प्रतिशत प्रकरणों का समय पर निराकरण कर प्रदेश में पेश की मिसाल

  • पुलिस अधीक्षक ने थपथपाई टीम की पीठ
  • पासपोर्ट कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए पुरस्कृत

मंडला महावीर न्यूज 29. पासपोर्ट सत्यापन के क्षेत्र में मंडला पुलिस ने प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल की विशेष शाखा द्वारा अक्टूबर से दिसंबर 2025 की त्रैमासिक समीक्षा के दौरान जिला मंडला का प्रदर्शन उत्कृष्ट एवं शत-प्रतिशत पाया गया है।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में मंडला पुलिस ने पासपोर्ट ऑनलाइन कार्य में तेजी दिखाते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। त्रैमासिक अवधि के दौरान जिले को कुल 441 पासपोर्ट सत्यापन प्रकरण प्राप्त हुए थे, जिनमें से 440 प्रकरणों का औसतन मात्र 08 दिवस के भीतर निराकरण कर दिया गया। निर्धारित समय-सीमा के भीतर इतनी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के लिए मंडला पुलिस को प्रदेश स्तर पर सराहना मिली है।

अधिकारी और कर्मचारी हुए सम्मानित 

सराहनीय कार्य निष्पादन से प्रसन्न होकर पुलिस अधीक्षक ने जिला विशेष शाखा और थाना स्तर पर पासपोर्ट कार्य में जुटे समस्त थाना प्रभारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया है। पासपोर्ट सत्यापन कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने में जिला विशेष शाखा मंडला की टीम ने मुख्य भूमिका निभाई। जिसमें निरीक्षक योगिता उइके प्रभारी, जिला विशेष शाखा, प्रधान आरक्षक संजय बाजपेयी, महिला आरक्षक वर्षा चौरसिया शामिल है।

आमजन को मिली बड़ी राहत 

पुलिस की इस सक्रियता का सीधा लाभ जिले के उन नागरिकों को मिला है जो विदेश यात्रा या रोजगार के लिए पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं। औसतन 8 दिनों में पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने से पासपोर्ट बनने में लगने वाले समय में भारी गिरावट आई है। पुलिस अधीक्षक ने भविष्य में भी इसी समर्पण और तत्परता के साथ कार्य करने के लिए टीम का उत्साहवर्धन किया।


नैनपुर से रामेश्वरम के लिए रवाना हुई ‘भक्ति एक्सप्रेस’

250 तीर्थयात्रियों के साथ गूंजा जय श्री राम का उद्घोष

  • मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना
  • अपनों को विदा करते हुए भावुक हुए परिजन
  • ढोल-धमाकों के साथ स्टेशन से रवाना हुए बुजुर्ग

मंडला महावीर न्यूज 29. आस्था और उत्साह के संगम के बीच नैनपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत विशेष ट्रेन को रामेश्वरम के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मण्डला जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 250 बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के चेहरे पर इस यात्रा को लेकर एक अलग ही चमक और खुशी दिखाई दी।

पुष्पवर्षा और तिलक से हुआ अभिनंदन

स्टेशन परिसर को किसी उत्सव की तरह सजाया गया था। यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा पुष्पमालाएं पहनाकर और तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। नैनपुर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, एसडीएम श्री आशुतोष ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। उपस्थित अतिथियों ने सभी यात्रियों के सुखद एवं मंगलमय सफर की कामना की।

निःशुल्क यात्रा में मिलेंगी समस्त सुविधाएं

दक्षिण भारत के पवित्र धाम रामेश्वरम जा रहे इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहे इस निःशुल्क अवसर ने समाज में सकारात्मक संदेश दिया है।

अपनों को विदा करने उमड़ा जनसैलाब

स्टेशन पर केवल तीर्थयात्री ही नहीं, बल्कि उन्हें विदा करने आए उनके परिजनों की भी भारी भीड़ रही। ढोल-धमाकों और भजनों के बीच जब ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई, तो माहौल काफी भावुक और भक्तिमय हो गया। बुजुर्गों ने हाथ हिलाकर प्रशासन और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

प्रशासनिक व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद

पूरे आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए नैनपुर प्रशासन और रेलवे विभाग ने सुरक्षा, स्वच्छता और यात्रियों की सहायता हेतु विशेष टीमें तैनात की थीं। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि मण्डला जिले के लिए सांस्कृतिक एकता और गौरव का अवसर भी साबित हुआ।



अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार

कातामाल में पोकलेन मशीन और दो डंपर जब्त

  • खनिज माफियाओं में हड़कंप
  • कलेक्टर के निर्देश पर बिछिया में बड़ी कार्रवाई
  • 351 घनमीटर अवैध रेत का प्रकरण दर्ज

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग के सख्त निर्देशों के बाद, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध उत्खनन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बिछिया तहसील के ग्राम कातामाल में दबिश दी गई।

मौके से भारी मशीनरी जब्त

18 फरवरी 2026 को मिली गुप्त शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने कातामाल क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर लगभग 351 घनमीटर अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी एक पोकलेन मशीन और दो डंपर (क्रमांक CG 13 FU 6676 एवं CG 12 BG 1567) को रंगे हाथों जब्त कर लिया।

कलेक्टर न्यायालय में पेश होगा मामला

जब्त किए गए वाहनों और मशीनरी को शासकीय अभिरक्षा में लेकर थाना बम्हनी पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इस पूरे मामले में ‘म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022’ के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है, जिसे आगामी कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

संयुक्त टीम की सक्रियता

इस बड़ी कार्रवाई में खनिज निरीक्षक, नायब तहसीलदार, हल्का पटवारी और खनिज अमले की संयुक्त टीम शामिल रही। गौरतलब है कि कातामाल क्षेत्र में पूर्व में भी अवैध रेत उत्खनन के कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



बबलिया उपतहसील भवन निर्माण में भारी लापरवाही

गुणवत्ताविहीन कार्य से ग्रामीणों में रोष

  • भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा उपतहसील भवन
  • घटिया निर्माण और कछुआ चाल से परेशान किसानों ने की तहसीलदार बैठाने की मांग
  • इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय देवरी कला बबलिया में निर्माणाधीन उपतहसील भवन भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। पिछले एक वर्ष से कछुए की चाल से चल रहा यह निर्माण कार्य न केवल धीमी गति से हो रहा है, बल्कि इसकी गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष संदेश जायसवाल और महामंत्री संतोष बर्मन सहित क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द तहसीलदार कार्यालय शुरू करने की मांग की है।भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि पीआईयू के सब इंजीनियर और एसडीओ की ठेकेदार के साथ कथित मिलीभगत के चलते लीपापोती का कार्य किया जा रहा है। निर्माण में तकनीकी मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कॉलम और बीम की सेटिंग एक साथ नहीं लगाई गई है, जिससे वे एक लेवल में नहीं दिख रहे हैं। गिट्टी, रेत और सीमेंट का मसाला गुणवत्ताविहीन है और लोहे का उपयोग भी निर्धारित मात्रा में नहीं किया गया है। वाइब्रेटर का प्रयोग न करने से बीम कमजोर हैं और गड्ढों की गहराई भी पर्याप्त नहीं रखी गई है, जिससे भविष्य में भवन में दरारें आने का खतरा बढ़ गया है।

किसानों की बढ़ती मुश्किलें 

ग्रामीणों का कहना है कि उपतहसील घोषित हुए वर्षों बीत चुके हैं, लेकिन मुख्यालय में तहसीलदार के न बैठने के कारण किसानों को छोटे-छोटे कार्यों जैसे फौतीनामा, बंटवारा और सीमांकन के लिए तहसील मुख्यालय निवास के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं, जबकि कई राजस्व प्रकरण न्यायालय में लंबे समय से लंबित पड़े हैं।

ग्रामीणों ने की मांग 

मंडल अध्यक्ष एवं समस्त ग्रामीण जनों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भवन निर्माण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण कर तत्काल तहसीलदार कार्यालय का शुभारंभ किया जाए। किसानों की सुविधा के लिए राजस्व प्रकरणों का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण सुनिश्चित हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण में सुधार और कार्यालय शुरू नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।



ग्राम बोरिया में ग्रामीणों को सुरक्षा और साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक

  • थाना टिकरिया की पहल, हेलमेट पहनने की अपील
  • माइक्रोबीट प्रणाली के तहत ग्रामीणों को सिखाए साइबर ठगी से बचने के गुर

मंडला महावीर न्यूज 29. मेरा गांव, मेरी बीट अभियान के अंतर्गत थाना टिकरिया पुलिस द्वारा ग्राम बोरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माइक्रोबीट प्रणाली पर आधारित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों को अपराधों के प्रति सचेत करना था।थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर देते हुए बताया गया कि यह जीवन रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसके साथ ही समाज को खोखला कर रहे नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों से नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील की गई।

साइबर ठगी से बचाव के बताए मंत्र 

बढ़ते ऑनलाइन अपराधों को देखते हुए पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के विशेष टिप्स दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी साझा न करें। संदिग्ध कॉल या अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें।

ग्रामीण करेंगे पुलिस प्रशासन का सहयोग 

महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम पर चर्चा करते हुए पुलिस ने बालिकाओं और महिलाओं की सुरक्षा हेतु किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना बिना डरे पुलिस को देने की बात कही। ग्रामीणों ने पुलिस की इस माइक्रोबीट कार्यप्रणाली की सराहना की और विश्वास दिलाया कि वे एक सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने जागरूकता विषयों को गंभीरता से सुना और पुलिस की इस पहल को सराहा।



397 बच्चों को स्पॉन्सरशिप और 10 लाख की पीएम केयर्स सहायता का लाभ

  • कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक संपन्न
  • बच्चों के पुनर्वास और शिक्षा पर जोर
  • बाल कल्याण में मंडला की बड़ी उपलब्धि

मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले के बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक रोहित बड़कुल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में बच्चों की वल्नेरेबिलिटी मैपिंग की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। साथ ही बालगृह में निवासरत बच्चों को खेल विभाग के समन्वय से ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने पाक्सो प्रकरणों में सपोर्ट पर्सन की नियुक्ति प्रक्रिया और महिलाओं के संरक्षण के लिए उपलब्ध विभागीय सुविधाओं की जानकारी ली। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता ने जेजे एक्ट के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए एक संयुक्त जिला कार्ययोजना बनाने और बालिका गृह के अभाव में फिट फैसिलिटी के सुचारू संचालन पर जोर दिया।समिति अध्यक्ष ने बताया कि मंडला जिले में संस्थागत और गैर-संस्थागत देखरेख के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहा है। योजना के तहत लाभान्वित बच्चों को सहायता राशि मिल रही है। जिसमें स्पॉन्सरशिप योजना में 397 बच्चों को चार हजार रूपए प्रतिमाह, मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में चार बच्चों को चार हजार रूपए प्रतिमाह 18 वर्ष बाद 5 हजार 500 स्टाइपेंड मिलेगा। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना में 09 बच्चों को 10 लाख रूपए और आयुष्मान कार्ड का लाभ 23 वर्ष की आयु पर मिलेगा। मुख्यमंत्री कोविड 19 योजना के तहत 15 बच्चों को पांच हजार रूपए प्रतिमाह दिया जा रहा है।

पुनर्वास के सफल प्रयास 

वर्तमान में मंडला में 50 सीटों की क्षमता वाला बालगृह संचालित है, जहाँ 10 बच्चे निवासरत हैं। समिति के प्रयासों से एक बालक को फॉस्टर केयर के तहत पोषक माता-पिता के पास सुरक्षित रूप से प्रतिस्थापित किया गया है। बैठक में भिक्षावृत्ति की रोकथाम और स्ट्रीट चिल्ड्रन के पुनर्वास पर भी चर्चा की गई। बैठक में जेजे बोर्ड सदस्य डॉ. रेखा चौरसिया, जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, सीएमओ गजानन नाफडे, बाल कल्याण समिति के सदस्य श्रीमती तृप्ति शुक्ला, रंजीत कछवाहा, शशि पटेल, संतोष कुमार यादव सहित पुलिस और महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


 


शोर करने वाले वाहनों पर शिकंजा

  • मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जप्त
  • 30 हजार रुपये का लगाया जुर्माना
  • अब सीसीटीबी कैमरों की मदद से चिन्हित किए जा रहे हुड़दंगी वाहन

मंडला महावीर न्यूज 29. शहर की सड़कों पर अमानक साइलेंसर और कान फोड़ू प्रेशर हॉर्न का उपयोग कर आमजन को परेशान करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मंडला पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में यातायात थाना मंडला द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और अनधिकृत प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की गई है।बताया गया कि यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाकर तेज शोर करने वाले दोपहिया वाहनों को चिन्हित किया। विशेष रूप से उन मोटरसाइकिलों को ज़ब्त किया गया जिनमें कंपनी द्वारा दिए गए साइलेंसर को बदलकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। पुलिस ने इन वाहनों को जब्त कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहाँ नियमों के उल्लंघन पर संबंधित वाहन चालकों पर 30 हजार का भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया। पुलिस ने वाहनों से अमानक साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न भी निकलवाकर जप्त कर लिए हैं।

सीसीटीबी की निगरानी में नियम तोडऩे वाले 

अब शहर के भीतर हुड़दंग मचाने वाले चालकों की खैर नहीं होगी। यातायात पुलिस अब सीसीटीबी कैमरों का सहारा ले रही है। अनधिकृत हॉर्न एवं शोर करने वाले साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहनों की पहचान कैमरों के माध्यम से की जा रही है। फुटेज के आधार पर वाहन नंबर प्राप्त कर संबंधित चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई और कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है।

आमजन को मिलेगी राहत 

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए भी घातक है। पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा जिससे शहर में शांति और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।



घर में घुसकर हत्या करने वाले मां-बेटे को उम्रकैद

  • अदालत ने सुनाया फैसला
  • महाराजपुर पुलिस की पुख्ता विवेचना से आरोपियों को मिली सजा
  • आजीवन कारावास के साथ अर्थदंड

मंडला महावीर न्यूज 29. माननीय प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश मंडला के न्यायालय द्वारा हत्या के एक गंभीर मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने ग्राम पलेहरा निवासी मां और बेटे को घर में घुसकर हत्या करने का दोषी पाते हुए जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।अभियोजन के अनुसार घटना विगत 20 अगस्त 2023 की है। ग्राम पलेहरा खेरमाई टोला निवासी अखिलेश धुर्वे 28 वर्ष और उसकी मां कत्तोबाई 50 वर्ष ने एक राय होकर पुरानी रंजिश के चलते जगत मार्को के घर में प्रवेश किया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से जगत मार्को पर डंडों और लात-मुक्कों से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। अगले दिन 21 अगस्त को जब परिजन घायल जगत को जिला अस्पताल मंडला लेकर पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महाराजपुर पुलिस ने मर्ग जांच के बाद आरोपियों के विरुद्ध धारा 302, 450 और 34 के तहत मामला दर्ज किया था।

घटना स्थल का किया सूक्ष्म निरीक्षण 

विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत और उनकी टीम ने घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। पुलिस ने गवाहों के धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए और एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके मेमोरेंडम कथन लिए गए, जिसमें उन्होंने मृतक के घर में घुसकर हत्या करना स्वीकार किया। पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया।

न्यायालय का फैसला 

विचारण के दौरान अभियोजन की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए माननीय न्यायाधीश ने दोनों आरोपियों अखिलेश धुर्वे और कत्तोबाई को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई, इसके साथ ही दो हजार रूपए का अर्थदण्ड भी लगाया गया। प्रकरण में शासन की ओर से सशक्त पैरवी अपर लोक अभियोजक ब्रजेश चौरसिया द्वारा की गई। इस फैसले से अपराधियों में कानून का खौफ पैदा होगा और पीडि़त पक्ष को न्याय मिला है।


सीआरपीएफ ने शहीद इंदर कुमार के घर पहुँचकर दी श्रद्धांजलि

  • शहादत को किया नमन
  • 148वीं वाहिनी के अधिकारियों ने परिजनों से की मुलाकात

मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपने वीर शहीदों के बलिदान को अक्षुण्ण रखते हुए शहीद इंदर कुमार का शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया। 148वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी प्रमोद कुमार यादव के मार्गदर्शन में सीआरपीएफ की टीम ने शहीद के पैतृक निवास ग्राम सैलवारा मजगांव पहुँचकर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।बताया गया कि 17 फरवरी सन 1995 के दिन देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद इंदर कुमार के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने उनके परिजनों एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान बल के सदस्यों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

बलिदान ही हमारी प्रेरणा 

कार्यक्रम में उपस्थित 148 बटालियन के सहायक कमाण्डेंट राजेश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि शहीद हमारे वास्तविक नायक हैं। उनके द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान बल और पूरे देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सीआरपीएफ अपने वीर जवानों के परिवारों के साथ सदैव खड़ी है।

परिजनों और ग्रामीणों ने जताया आभार 

इस भावुक अवसर पर शहीद के परिवारजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना की। परिजनों ने कहा कि बल के इस कदम से उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है और वे खुद को अकेला महसूस नहीं कर रहे हैं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश कुमार सहायक कमाण्डेन्ट, 148वीं वाहिनी के जवान, ग्राम सरपंच जगबंधुजी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे।



नागपुर डिवीजन के कंट्रोलर की मनमानी

  • मालगाडिय़ों के चक्कर में मेमू ट्रेन बनी पैसेंजर का दर्द
  • घंटों आउटर पर खड़ी रहती है गढ़ा-गोंदिया मेमू
  • रेल यात्रियों की छूट रही कनेक्टिंग ट्रेनें और रिजर्वेशन

मंडला महावीर न्यूज 29. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर डिवीजन में रेल परिचालन की अव्यवस्था अब यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। गढ़ा से गोंदिया जाने वाली गाड़ी संख्या 68818 और गोंदिया से गढ़ा जाने वाली 68817 (मेमू ट्रेन) के संचालन में बरती जा रही लापरवाही से आम यात्री बेहाल हैं। आरोप है कि नागपुर डिवीजन के चीफ कंट्रोलर का पूरा ध्यान केवल मालगाडिय़ों को रास्ता देने पर रहता है, जिसके चलते यात्री ट्रेनों को घंटों स्टेशनों और आउटर पर खड़ा कर दिया जाता है।

रेल यात्रियों का आरोप है कि कंट्रोलर साहब की प्राथमिकता सूची में मालगाडिय़ां सबसे ऊपर हैं। गढ़ा-गोंदिया मेमू ट्रेन को कभी बरसोला स्टेशन पर एक घंटे, तो कभी गोंदिया आउटर पर डेढ़ से दो घंटे तक खड़ा रखा जाता है। इस दौरान भीषण गर्मी या ठंड में यात्री बिना चाय-पानी के स्टेशनों पर फंसे रहते हैं और रेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को कोसते नजर आते हैं। कनेक्टिंग ट्रेनों का टूट रहा संपर्क ट्रेन के विलंब से चलने का सबसे बुरा असर उन यात्रियों पर पड़ रहा है जिन्हें गोंदिया से आगे की यात्रा करनी होती है। यदि मेमू ट्रेन समय पर गोंदिया पहुँच जाए, तो यात्रियों को आगे जाने के लिए तत्काल 4 से 5 अन्य गाडिय़ाँ मिल सकती हैं। लेट लतीफी के कारण कई यात्रियों की आगे की आरक्षित टिकटें रद्द हो जाती हैं। मजबूरी में यात्रियों को पूरी रात गोंदिया स्टेशन पर ही गुजारनी पड़ती है।

स्टेशन मास्टरों की बढ़ी फजीहत

कंट्रोलर की मनमानी का खामियाजा मार्ग में पडऩे वाले स्टेशन मास्टरों को भी भुगतना पड़ रहा है। जब यात्री गाड़ी लेट होने पर स्टेशन मास्टर पर दबाव बनाते हैं, तो वे बेबस नजर आते हैं। कंट्रोलर के आदेश के आगे स्टेशन मास्टर नतमस्तक रहते हैं और दबाव बढऩे पर बस अगले स्टेशन तक गाड़ी को रवाना कर दिया जाता है, जहाँ फिर वही स्थिति दोहराई जाती है।

अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल 

नागपुर डिवीजन के आला अधिकारियों को यात्रियों की इन सुविधाओं से कोई सरोकार नजर नहीं आ रहा है। मालगाडिय़ों से होने वाली आय के चक्कर में आम आदमी के समय और उसकी परेशानियों को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। रेल यात्रियों ने मांग की है कि मेमू ट्रेनों के समय पालन में सुधार किया जाए ताकि कनेक्टिंग ट्रेनें पकडऩे वाले यात्रियों को राहत मिल सके।



संगठित होने से ही संभव है कुशवाहा समाज का विकास

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली शपथ

  • कुशवाहा समाज की नई कार्यकारिणी गठित
  • प्रदेश अध्यक्ष बोले राजनीतिक दल बांटने का काम करेंगे
  • हमें एकजुट रहना होगा

मंडला महावीर न्यूज 29.  प्रांतीय कुशवाहा समाज मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष योगेश मानसिंह कुशवाहा के मुख्य आतिथ्य में मंगलवार को मंडला के पड़ाव स्थित ‘श्री राम मंदिर कछवाहा भवन’ में एक महत्वपूर्ण बैठक एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के सर्वगुण विकास, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाना था।

शक्ति और एकजुटता पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष योगेश मानसिंह कुशवाहा ने कहा कि समाज का उत्थान तभी संभव है जब हम संगठित होकर कार्य करेंगे। उन्होंने कड़े शब्दों में सचेत किया कि विभिन्न राजनीतिक दल कुशवाहा समाज को बांटकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते हैं, इसलिए कछवाहा समाज को अपनी ताकत पहचानकर एकजुट होना होगा। समाज के मान-सम्मान की रक्षा एकता में ही निहित है।

भव्य आयोजन और सम्मान

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान लव-कुश के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित समाज के वरिष्ठ नागरिकों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शशिशंकर कछवाहा, शिवराज कछवाहा, कोमल कछवाहा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

नई कार्यकारिणी की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें निम्नलिखित पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई:

पद नाम
जिला अध्यक्ष दुष्यंत कछवाहा
उपाध्यक्ष हरपाल कछवाहा, प्रमोद कछवाहा (पौड़ी)
कोषाध्यक्ष उमेश कछवाहा
सचिव अजय कछवाहा
जिला मीडिया प्रभारी गोवर्धन कुशवाहा
महिला जिला अध्यक्ष शारदा कछवाहा
युवा जिला अध्यक्ष सौरभ कछवाहा

इसके अतिरिक्त मुकुल कछवाहा, भालू कछवाहा (संगठन मंत्री), हेमलता कछवाहा (महिला महामंत्री) एवं अन्य युवाओं को कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।

संकल्प और भविष्य की रणनीति

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष दुष्यंत कछवाहा ने समाज हित में शिक्षा, संस्कार, खेल और सेवा गतिविधियों के विस्तार का संकल्प लिया। वहीं, युवा जिला अध्यक्ष सौरभ कछवाहा ने सभी वर्गों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए समाज को सशक्त बनाने की बात कही। सभी वरिष्ठों ने नवनियुक्त टीम को तिलक लगाकर और माला पहनाकर बधाई दी।



बेकाबू मोटरसाइकिल ने पैदल जा रहे परिवार को रौंदा

मासूम सहित तीन गंभीर

  • बर्राटोला में हुआ हादसा
  • तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से मारी टक्कर
  • घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर  

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम बर्राटोला में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहाँ एक तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक ही परिवार के तीन सदस्यों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक मासूम बच्चे सहित परिवार के तीन लोग और स्वयं मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

शाम के वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, घटना आज 18 फरवरी की शाम लगभग 7:00 बजे की है. रघुवीर मरावी अपने परिवार के साथ पैदल जा रहे थे, तभी भूड़कुर निवासी एक मोटरसाइकिल सवार ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोटरसाइकिल की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और पैदल जा रहे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया.

हादसे में ये हुए घायल

इस सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हुए हैं:

  • रघुवीर मरावी (28 वर्ष), पिता सुकचेन मरावी.
  • सुशीला मरावी (22 वर्ष), पति रघुवीर.
  • समीर मरावी (10 वर्ष), पिता अरविंद. हादसे में मोटरसाइकिल सवार को भी गंभीर चोटें आई हैं.

जिला अस्पताल मंडला रेफर

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मदद की और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मण्डला रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है और स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है.



रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️


लोकायुक्त का बड़ा धमाका

निवास एसडीएम कार्यालय का बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार

  • खसरा रिकॉर्ड में नाम सुधारने के बदले मांग रहा था रिश्वत
  • लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने बिछाया जाल

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के निवास क्षेत्र में बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। जबलपुर लोकायुक्त की आठ सदस्यीय टीम ने निवास एसडीएम कार्यालय में पदस्थ ग्रेड-3 लिपिक काशीराम मरावी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। यह कार्रवाई एक किसान की शिकायत पर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे कार्यालय परिसर में ही की गई।शिकायतकर्ता किसान गेंद लाल ने बताया कि उनकी पुश्तैनी जमीन के खसरा रिकॉर्ड में एक लिपिकीय त्रुटि हो गई थी। रिकॉर्ड में उनके पिता का नाम मूलचंद के स्थान पर गलती से फूलचंद दर्ज हो गया था। इस त्रुटि को सुधरवाने के लिए उन्होंने एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि इस काम को करने के बदले लिपिक काशीराम मरावी ने 10 हजार रुपये की मांग की थी, जो बाद में 8 हजार रुपये में तय हुई।

लोकायुक्त ने ऐसे बिछाया जाल 

परेशान किसान ने रिश्वत देने के बजाय जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद योजना के अनुसार बुधवार को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में पांच हजार रुपये देना तय हुआ। जैसे ही लिपिक ने किसान से रंगे हुए नोट स्वीकार किए और पहले से घात लगाकर बैठी लोकायुक्त टीम ने उन्हें दबोच लिया। टीम ने तत्काल उनके हाथ धुलवाए, जो रसायनों के कारण गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।

रंगे हाथ पकड़ा गया बाबू 

लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि आवेदक की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। एसडीएम कार्यालय में पदस्थ लिपिक काशीराम मरावी ने नाम सुधार के लिए रिश्वत की मांग की थी। आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद निवास तहसील और एसडीएम कार्यालय में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस सक्रियता ने भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। कार्रवाई के दौरान ट्रेप दल में टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक शिशिर पांडेय समेत लोकायुक्त जबलपुर का दल शामिल रहा।



पुरानी रंजिश में महिला का खपरैल मकान जमींदोज

  • 65 साल पुराना आशियाना हुआ मिट्टी में तब्दील
  • पीडि़ता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
  • बीजाडांडी का मामला, दबंगों पर रात के अंधेरे में घर धराशायी करने का आरोप, जांच शुरू

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी ब्लाक अंतर्गत ग्राम बीजाडांडी में एक महिला का पुश्तैनी कच्चा मकान रात के अंधेरे में ढहा दिए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पुरानी रंजिश के चलते मकान को क्षतिग्रस्त कर धराशायी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला और मंडला कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय की मांग की है।बीजाडांडी निवासी आवेदिका स्नेहलता साहू पति शिवशंकर साहू 38 वर्ष ने बताया कि ग्राम बीजाडांडी में खसरा नंबर 263/1 (बी) पर उनका लगभग 65 साल पुराना खपरैल का कच्चा मकान स्थित है। यह मकान उनकी माता शांति बाई साहू के नाम पर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, जहाँ उनका परिवार संयुक्त रूप से निवास करता आ रहा है। आवेदिका ने बताया कि विपक्षी कमलेश सोनवानी द्वारा लंबे समय से जमीनी विवाद को लेकर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा था, जिसके डर से वे वर्तमान में अन्यत्र निवास कर रही थीं और मकान में ताला लगा हुआ था।

रात के अंधेरे में की गई साजिश 

शिकायती में बताया कि विगत दिवस 16 फरवरी की रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से उनके मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर धराशायी कर दिया गया। अगले दिन सुबह जब आवेदिका अपने मकान को देखने पहुँची, तो पूरा आशियाना जमींदोज मिला। आस-पड़ोस के लोगों ने घटना के संबंध में अनभिज्ञता जाहिर की है।

आर्थिक क्षति और जान-माल का खतरा 

आवेदिका ने आरोप लगाया है कि अनावेदक कमलेश सोनवानी पूर्व में भी घर छोडऩे के लिए गंदी गालियाँ और घर तोडऩे की धमकी दे चुका है। स्नेहलता साहू ने आशंका जताई है कि उनके मकान को अनावेदक ने ही कब्जा करने की नीयत से गिराया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक हानि हुई है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की वैधानिक जांच कर उचित कार्यवाही करने और आर्थिक क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की है।



मोहगांव पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब की खेप, इनोवा कार जप्त

  • 106 लीटर शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
  • 23 लाख की लग्जरी कार का हो रहा था दुरुपयोग

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले भर में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत मोहगांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर एक लग्जरी इनोवा कार से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

जानकारी अनुसार मंगलवार रात्रि को मोहगांव पुलिस को ग्राम इंद्रा माल क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक वेदराम हनोते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल रेड की कार्रवाई की। मौके पर ईनोवा क्रिस्टा कार क्रमांक एमपी 18 बीबी 2251 से अवैध शराब की तस्करी करते हुए आरोपी निशांत करमंडे को रंगे हाथों पकड़ा गया।

भारी मात्रा में शराब के साथ वाहन जप्त 

बताया गया कि रेड कार्रवाई में पुलिस ने मौके से अवैध शराब के साथ इसमें संलिप्त वाहन जप्त किया है। छापामार कार्रवाई में अवैध शराब 12 कार्टून में भरी 106.92 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 67 हजार 620 रूपए आंकी गई है। इसके साथ ही एक लग्जरी वाहन जिसे शराब परिवहन में प्रयुक्त की जा रही ईनोवा क्रिस्टा कार को भी जप्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 23 लाख बताई गई है।

एक आरोपी पकड़ा, एक फरार 

कार्रवाई के दौरान मौके पर एक आरोपी निशांत करमंडे झारिया पिता स्व. रामकुमार झारिया 21 वर्ष, निवासी रामनगर थाना महाराजपुर को पकड़ा गया है। वहीं इसके साथ का दूसरा आरोपी अभिषेक गोड़, निवासी कटरा मंडला रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया है। बताया गया कि पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी मिलकर शराब बेचने की फिराक में थे। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका 

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहगांव निरीक्षक वेदराम हनोते, उप निरीक्षक मनोज कुमार गौतम, नंदश्याम धुर्वे, वंदना शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रीतम उईके, आरक्षक हेमंत मरावी, शिव परस्ते और चालक आरक्षक रेवा मरावी का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।


पीपरपानी में स्कूटी सवार युवक-छात्रा को बाइक ने मारी टक्कर

  • घायल युवक की परीक्षा पर संकट
  • 10 दिन बाद है आरक्षक भर्ती का फिजिकल टेस्ट
  • पेपर दिलाकर लौटते समय हुआ हादसा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला मुख्यालय से बोर्ड परीक्षा दिलाकर लौट रहे स्कूटी सवार दो छात्र बुधवार को सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे 30 पर स्थित पीपरपानी ग्राम के पास दोपहर करीब 2 बजे घटित हुई। एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

हेलमेट ने बचाई जान, पर फिजिकल टेस्ट को लेकर चिंता 

जानकारी अनुसार शिव कुमार मरावी नामक युवक अपनी रिश्तेदार को कक्षा 12वीं की परीक्षा दिलाकर वापस घुघरी लौट रहा था। पीपरपानी के पास पीछे से आ रही एक बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि शिव कुमार ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उसके सिर पर कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्कूटी पर सवार छात्रा भी सुरक्षित है।

कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहा था युवक 

हादसे में शिव कुमार के पैर में चोट आई है, जो उसके भविष्य के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है। शिव कुमार वर्तमान में कांस्टेबल भर्ती की तैयारी कर रहा है और मात्र 10 दिन बाद जबलपुर में उसका शारीरिक दक्षता परीक्षण होना तय है। पैर में लगी इस चोट के कारण उसके चयन और टेस्ट में शामिल होने पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं। टक्कर मारने के बाद बाइक सवार तेजी से भाग निकला। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और प्राथमिक सहायता पहुँचाई।



 


नेशनल हाईवे 30 पर सड़क हादसा

  • टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी कार
  • मंडला से भोरमदेव जा रहे एक ही परिवार के 5 सदस्य घायल
  • जिला अस्पताल में भर्ती

मंडला महावीर न्यूज 29.  मंगलवार को नेशनल हाईवे 30 पर बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ठोंड़ा गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। मंडला से छत्तीसगढ़ के भोरमदेव की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। इस हादसे में कार सवार 8 यात्रियों में से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी अनुसार कार में सवार सभी यात्री मंडला से भोरमदेव दर्शन के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार ठोंड़ा गांव के समीप पहुंची, अचानक पहिए का टायर ब्लास्ट हो गया। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे जा पलटी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन को सूचना दी।

हाइवे हेल्पलाइन की त्वरित मदद 

सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे हेल्पलाइन 1033 की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य पायलट लेखराम यादव, ईएमटी रामचरन यादव और हेल्पर सुरजीत ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है।

हादसे में ये हुए घायल 

हादसे में घायल होने वाले सभी यात्री आपस में परिचित और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान कविता झारिया (40 वर्ष), निधि कुशराम (25 वर्ष), सीमा झारिया (40 वर्ष), सविता धुर्वे (45 वर्ष), सुमन धुर्वे इस हादसे में घायल हुई है। बिछिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया जिससे यातायात बाधित न हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि कार में सवार शेष 3 यात्रियों को मामूली खरोंचें ही आईं।


रेत के अवैध खेल ने ली मासूम की जान

बेलगाम डंपर ने बाइक सवार किशोर को रौंदा

  • पीपरपानी के पास हुआ भीषण हादसा
  • डंपर चालक फरार
  • ग्रामीणों में भारी आक्रोश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बेखौफ दौड़ते रेत से भरे डंपर काल बनकर सड़कों पर घूम रहे हैं। ताजा मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ पीपरपानी के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मधुपुरी निवासी 19 वर्षीय दीपांशु सिंगरौरे अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से मंडला बाजार जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक पीपरपानी क्षेत्र के पास पहुँची, पीछे से आ रहे रेत से लदे एक अनियंत्रित डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। दीपांशु डंपर के नीचे आने के कारण गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

जिला अस्पताल में तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल मंडला पहुँचाया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने दीपांशु का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिसका उपचार आईसीयू में चल रहा है।

प्रशासन और रेत माफिया के गठजोड़ पर सवाल

इस घटना के बाद से मधुपुरी और पीपरपानी क्षेत्र के ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रेत के परिवहन में लगे डंपर निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते और आबादी वाले क्षेत्रों में भी मौत बनकर दौड़ते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद डंपर चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और बढ़ा दी और मौके से रफूचक्कर हो गया।

पुलिस की कार्रवाई

महाराजपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों और डंपर के रूट की जांच की जा रही है ताकि आरोपी चालक की गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही डंपर को जब्त कर लिया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर जिले में ‘रेत के खेल’ और उससे होने वाली जनहानि को उजागर करती है। दीपांशु की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है।



निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ ग्राहक पंचायत मुखर

  • मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
  • निर्धारित दुकानों से ड्रेस-किताबें खरीदने के दबाव
  • अवैध फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत महाकोशल प्रांत ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों के साथ किए जा रहे आर्थिक शोषण के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर आगामी शैक्षणिक सत्र से पूर्व निजी विद्यालयों की मनमानी पर लगाम लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहां गया है कि मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित निजी विद्यालय अभिभावकों से मनमाने ढंग से शुल्क वसूल रहे हैं। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन द्वारा पुस्तकों, कॉपियों, यूनिफॉर्म और जूते-मोजे केवल निर्धारित दुकानों से ही खरीदने के लिए प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से दबाव बनाया जाता है। ग्राहक पंचायत ने इसे उपभोक्ता अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए कहा कि स्कूलों की यह प्रवृत्ति शिक्षा को सेवा के स्थान पर विशुद्ध व्यवसाय बना रही है।

अभिभावकों पर बढ़ता आर्थिक और मानसिक बोझ 

ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि वर्तमान समय विशेष रूप से संवेदनशील है क्योंकि वार्षिक परीक्षाएं समाप्त होने के बाद नए सत्र में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। इसी दौरान स्कूल प्रबंधन द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के ट्यूशन फीस और वार्षिक शुल्क में अनुचित वृद्धि की जाती है। स्कूल विशेष प्रकाशक या दुकान का नाम अनिवार्य कर देते हैं, जिससे बाजार में मुक्त प्रतिस्पर्धा समाप्त हो जाती है और अभिभावकों को अधिक मूल्य चुकाना पड़ता है। बच्चों के भविष्य के डर से अधिकांश अभिभावक विरोध नहीं कर पाते, जिससे उनके मानसिक तनाव और पारिवारिक असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

संगठन की प्रमुख मांगें 

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने सरकार से मांग की है कि नए सत्र से पहले सभी जिलों में निर्देश जारी हों कि कोई भी स्कूल किसी विशेष दुकान से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेगा। स्कूल केवल पुस्तकों की सूची दें, किसी प्रकाशक या विक्रेता का नाम अनिवार्य न करें। जिला स्तर पर प्रभावी निगरानी समिति सक्रिय की जाए जो फीस वृद्धि की जांच करे। प्रत्येक जिले में कलेक्टर के अधीन एक स्वतंत्र शिकायत तंत्र स्थापित हो। नियमों के उल्लंघन पर स्कूलों की मान्यता निलंबन या निरस्तीकरण जैसी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया गया है कि यदि प्रशासन समय रहते ठोस कदम उठाता है, तो प्रदेश के लाखों अभिभावकों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी।


सक्रिय बाल कैबिनेट से निखरता है बच्चों का नेतृत्व कौशल-बीईओ हीरेन्द्र वर्मा

  • सर्रा पिपरिया में कक्षा 8वीं के छात्रों को दी गई भावुक विदाई
  • बाल कैबिनेट ने साझा किए अनुभव
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुरस्कारों की घोषणा

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड शिक्षा अधिकारी हीरेन्द्र वर्मा की उपस्थिति में माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया के कक्षा आठवीं के 27 छात्र-छात्राओं के लिए विदाई एवं शुभकामना समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बाल कैबिनेट के कार्यों की सराहना करते हुए बीईओ ने कहा कि नेतृत्व कौशल और सर्वांगीण विकास के लिए ऐसी गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की सक्रिय बाल कैबिनेट रही। राष्ट्रपति राजेश्वरी तिलगाम और प्रधानमंत्री खुशबू सिंगराम ने अपने कार्यकाल के सुखद अनुभव साझा किए। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और खेल मंत्रियों ने शाला परिसर को सुंदर बनाने और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में अपने योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अतिथियों ने बच्चों के इस आत्मविश्वास और अनुशासन की जमकर प्रशंसा की।

प्रतिभाओं के लिए प्रोत्साहन की वर्षा 

समारोह के दौरान शिक्षाविदों ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कारों की घोषणा की। जिसमें पीएम श्री विद्यालय सालीवाड़ा के शिक्षक कोमल बघेल ने वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 1000, 700 और 500 रूपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। सेवानिवृत्त शिक्षक सुदामा सिंगौर ने सभी 27 छात्रों को पेन और स्वल्पाहार भेंट कर सम्मानित किया। भीमडोंगरी प्राचार्य प्रदीप पटेल ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को जिले के श्रेष्ठ विद्यालयों के समकक्ष बताया।

उपहारों के साथ विदा हुए छात्र 

विदाई की बेला में शाला परिवार द्वारा छात्रों को मिठाई खिलाकर और उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। वहीं कक्षा आठवीं के छात्रों ने भी अपनी यादों के रूप में विद्यालय को उपहार और अतिथियों को रिटर्न गिफ्ट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर विशेष मध्याह्न भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक दशरथ पगाडे ने किया। इस अवसर पर सरपंच मीरा सिंगराम, एसएमसी अध्यक्ष रुकमणी उइके, प्रभारी शिक्षक संजीव सोनी, गणेश ठाकुर, पार्वती झारिया सहित ग्राम के गणमान्य नागरिक और शिक्षक उपस्थित रहे।


खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स

एमपी के पहलवानों ने जीते 4 पदक

  • 8 खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन
  • मंडला की चांदनी नरेटी ने जीता कांस्य
  • जिले के तीन पहलवान छत्तीसगढ़ में दिखाएंगे दम

मंडला महावीर न्यूज 29. नई दिल्ली के केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम में विगत दिवस आयोजित द्वितीय चरण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति कुश्ती ट्रायल में मध्यप्रदेश के पहलवानों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। प्रदेश के पहलवानों ने एक रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल आठ स्थानों पर जीत दर्ज कर छत्तीसगढ़ में होने वाले खेलो इंडिया एसटी गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

जिला कुश्ती संघ मंडला के सहसचिव मीडिया प्रभारी शैलेश यादव ने बताया कि इस कुश्ती दल में मंडला जिले के तीन सितारे शामिल थे, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की की है। जिसमें चांदनी नरेटी 59 किग्रा में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। नैनपुर की हर्षित भलावी 67 किग्रा मेें 7वीं रैंक हासिल कर क्वालीफाई किया है। नारायणगंज से दिव्यांशु सरवटे 97 किग्रा में 6वीं रैंक के साथ क्वालीफाई किया है। विशेष रूप से नारायणगंज विकासखंड के लिए यह पहली बड़ी उपलब्धि है, जहाँ का कोई पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।

इन 8 खिलाडिय़ों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन 

इसके साथ प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले क्वालीफाई खिलाडिय़ों में महिला वर्ग से राधिका 53 किग्रा में 5वीं रैंक, संजना 57 किग्रा में 7वीं रैंक, चांदनी नरेटी 59 किग्रा में कांस्य पदक, पुरुष फ्रीस्टाइल में निखिल गोटिया 97 किग्रा में कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष ग्रीको रोमन में हर्षित भलावी 67 किग्रा में 7वीं रैंक, गोपाल सिंगार 87 किग्रा में कांस्य पदक, दिव्यांशु सरवटे 97 किग्रा में 6वीं रैंक, शिवा भलावी 130 किग्रा में रजत पदक हासिल किये है।

खिलाडिय़ों को आधुनिक सुविधाएं देने का संकल्प 

जिला कुश्ती संघ मंडला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सोनी ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हम खिलाडिय़ों को और भी बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे, जिससे जिले के पहलवान राष्ट्रीय और अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर मंडला का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कोच दीपक चक्रवर्ती और सभी चयनित खिलाडिय़ों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई दी।

कुश्ती जगत में हर्ष की लहर 

इस बड़ी उपलब्धि पर मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के अध्यक्ष नारायण यादव, सचिव सुरेश यादव, जिला खेल अधिकारी विकास खडारकर, कुश्ती संघ अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जनपद अध्यक्ष संतोष सोनू भलावी सहित जिले के तमाम जन प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने विश्वास जताया है कि छत्तीसगढ़ में होने वाले आगामी खेलों में ये पहलवान पदक जीतकर प्रदेश का मस्तक गर्व से ऊंचा करेंगे।



साल्हेपानी में भक्ति का अनूठा इतिहास

  • सात दिवसीय अखंड रामधुन का महाप्रसाद के साथ समापन
  • बैगा बाहुल्य क्षेत्र में आस्था की मिसाल
  • 17 वर्षों से अनवरत जारी है भक्ति की यह परंपरा

मंडला महावीर न्यूज 29. आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम ग्राम पंचायत डोभी के पोषक ग्राम साल्हेपानी में देखने को मिला, जहाँ सार्वजनिक हनुमान मंदिर में आयोजित सात दिवसीय अखंड रामधुन का हवन, कन्या भोज और विशाल भंडारे के साथ विधिवत समापन हुआ। महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

17 वर्षों से अटूट है परंपरा 

बताया गया कि नारायणगंज ब्लाक का ग्राम साल्हेपानी एक बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहाँ आधुनिकता के दौर में भी सनातन संस्कृति की जड़ें काफी गहरी हैं। मंदिर के पुजारी प्रेमाबाबा और पूर्व सरपंच व वर्तमान जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया के नेतृत्व में यह परंपरा पिछले 17 वर्षों से निरंतर चली आ रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि जहाँ कई क्षेत्रों में धार्मिक आयोजन कम हो रहे हैं, वहीं साल्हेपानी के ग्रामीण आपसी सहयोग से हर वर्ष इस भव्य आयोजन को सफल बनाते हैं।

भक्ति में डूबे ग्रामीण 

सात दिनों तक चले इस अखंड कीर्तन में गांव के बुजुर्गों से लेकर नन्हे-मुन्ने बच्चों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोलक, हारमोनियम, झांझ-मजीरे और मृदंग की थाप पर ग्रामीण सीताराम-सीताराम की धुन में झूमते नजर आए। आस्था का आलम यह था कि ग्रामीण दिन-रात खड़े होकर नृत्य करते हुए भगवान की भक्ति में भाव-विभोर रहे।

क्षेत्र के लिए बना मिसाल 

नारायणगंज विकासखंड और निवास तहसील में स्थित ग्राम साल्हेपानी संभवत: इकलौता ऐसा गांव है, जहां इतने लंबे समय से सात दिवसीय अखंड आयोजन की निरंतरता बनी हुई है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी प्रेमाबाबा, जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया सहित समस्त ग्रामवासियों और धर्मप्रेमियों का विशेष योगदान रहा। रामधुन के समापन की पूर्णाहुति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर हवन में आहुतियां दीं और कन्या पूजन के बाद महाप्रसाद ग्रहण किया। क्षेत्र भर में इस आयोजन की सराहना की जा रही है।



कलेक्टर के न आने से नाराज संघर्ष समिति ने मां नर्मदा को सौंपा ज्ञापन

सर्वसमाज और महिलाओं का मिला भारी समर्थन

  • रेलवे आंदोलन का दूसरा चरण संपन्न
  • अब मंडला बंद और चक्काजाम की तैयारी

मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति के बैनर तले रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर आंदोलन का दूसरा चरण संपन्न हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में घंटों इंतजार के बाद भी जब जिला कलेक्टर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे, तो आक्रोशित आंदोलनकारियों ने महिष्मति घाट पहुंचकर आस्था की प्रतीक जीवनदायिनी मां नर्मदा को अपना ज्ञापन सौंप दिया। जिले के इतिहास में यह संभवत: यह पहला मौका है जब प्रशासन की बेरुखी से नाराज होकर किसी जन-आंदोलन का ज्ञापन नदी को समर्पित किया गया हो।आंदोलन की शुरुआत सुबह 11 बजे धरना प्रदर्शन से हुई। इस प्रदर्शन को वकील एसोसिएशन, पत्रकार संगठन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने अपना खुला समर्थन दिया। विशेष रूप से ईश्वर चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं का समूह लालीपुर चौराहे से बस स्टैंड और रेडक्रॉस होते हुए धरना स्थल पहुंचा। महिलाओं के इस जज्बे ने आंदोलन में नई जान फूंक दी। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि रेल संचालन मंडला के विकास के लिए अनिवार्य है और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

प्रशासनिक बेरुखी पर फूटा आक्रोश 

दोपहर 3 बजे तक चले धरने के बाद विशाल जनसमूह रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचा। संघर्ष समिति के सदस्य इस बात पर अड़े थे कि ज्ञापन केवल कलेक्टर को ही सौंपा जाएगा। हालांकि मौके पर डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार मौजूद थे, लेकिन कलेक्टर के न आने पर समिति ने रोष व्यक्त किया। यहां तक कि समिति ने प्रतीकात्मक रूप से किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को भी ज्ञापन लेने भेजने का आग्रह किया, जो स्वीकार नहीं हुआ। अंतत: प्रदर्शनकारी वहां से पैदल मार्च करते हुए नर्मदा तट पहुंचे और मां नर्मदा के चरणों में अपनी मांगों का पत्र रख दिया।

आगामी रणनीति-मंडला बंद और रेल रोको 

प्रशासन के रवैये से नाराज संघर्ष समिति ने अब आंदोलन को और उग्र करने का निर्णय लिया है। जल्द ही बैठक कर पूरे शहर और जिले के व्यापारियों से एक दिन मंडला बंद का आह्वान किया जाएगा। मार्च माह में जिले के प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम और रेल रोकने का वृहत आंदोलन प्रस्तावित भी है।

जिलेवासियों से अपील 

संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया है कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पूरे मंडला जिले की भविष्य की लड़ाई है। समिति ने समस्त व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि नवीन रेलमार्ग और ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए आगामी आंदोलनों में अपनी पूरी शक्ति के साथ साथ दें।



 


आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति पर बाबू भारी

भोपाल और सीएमएचओ के आदेश को ठेंगा दिखा रहे जिम्मेदार

  • कमीशन के खेल में आउटसोर्स कंपनी को बढ़ावा
  • डेढ़ माह से आयुष्मान का कार्य ठप
  • आयुष्मान मित्र आर्थिक तंगी के शिकार

मंडला महावीर न्यूज 29. शासन की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत निरामयम योजना मंडला जिले में प्रशासनिक खींचतान और कमीशनखोरी की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। प्रदेश स्तर पर निजी एजेंसी का अनुबंध समाप्त होने के बाद राज्य स्वास्थ्य एजेंसी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि योजना को निर्बाध रूप से चलाने के लिए रोगी कल्याण समिति के माध्यम से वैकल्पिक मानव संसाधन नियुक्त किए जाएं । इसके बावजूद, मंडला के जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

जानकारी अनुसार सीएमएचओ मंडला द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार पूर्व में कार्यरत एजेंसी एमडी इंडिया टीएपी प्राईवेट लिमिटेड का अनुबंध 22 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुका है । योजना की निरंतरता बनाए रखने के लिए आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि आयुष्मान कार्ड निर्माण और क्लेम रजिस्ट्रेशन के लिए मौजूदा संसाधनों का उपयोग किया जाए। इसके साथ ही आवश्यकता पडऩे पर रोगी कल्याण समिति निधि का उपयोग करते हुए नियमानुसार मानव संसाधन नियुक्त किए जा सकते हैं। नवीन एजेंसी के चयन तक यह वैकल्पिक व्यवस्था जिला और खंड स्तर पर लागू रहनी चाहिए।

कमीशन के चक्कर में आदेश की अनदेखी 

जिला अस्पताल के आयुष्मान मित्रों का आरोप है कि वहां कार्यरत एनएचएम के बाबू रजनीश तिवारी द्वारा सीएमएचओ और भोपाल के निर्देशों के विपरीत उन्हें आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से काम करने का दबाव बना रहे हैं। इस विवाद का मुख्य कारण कमीशन बताया जा रहा है। आयुष्मान मित्रों का कहना है कि यदि वे रोगी कल्याण समिति के माध्यम से सीधे नियुक्त होते हैं, तो उन्हें कुशल श्रेणी के तहत लगभग 15 हजार रुपये वेतन मिलेगा। इसके विपरीत प्राइवेट आउटसोर्स कंपनी के माध्यम से उन्हें मात्र 5 से 6 हजार रुपये में काम करने को मजबूर किया जा रहा है। इस खींचतान के कारण पिछले डेढ़ माह से आयुष्मान मित्रों का काम बंद है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

अस्पतालों में न कार्ड बन रहे, न मिल रहा इंसेंटिव 

अस्पतालों में आयुष्मान मित्रों की नियुक्ति न होने से दोहरा नुकसान हो रहा है। एक तरफ भर्ती होने वाले पात्र मरीजों के आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहे हैं, जिससे उन्हें मुफ्त उपचार का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है। दूसरी तरफ क्लेम रजिस्ट्रेशन का कार्य प्रभावित होने से डॉक्टरों और स्टाफ को मिलने वाला लाखों रुपये का इंसेंटिव भी अटक गया है। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स का कहना है कि रोगी कल्याण समिति के पास फंड की कमी है। हकीकत यह है कि जिले के कई सीएचसी में पिछले पांच वर्षों से आयुष्मान इंसेंटिव की लाखों रुपये की राशि भुगतान के लिए लंबित पड़ी है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह राशि न तो आरकेएस के खाते में आ पा रही है और न ही कर्मचारियों को मिल रही है।

प्रशासनिक दखल के बाद भी समाधान नहीं 

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुष्मान मित्रों ने सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे से भी गुहार लगाई। सीएस ने जब संबंधित बाबू से समाधान के लिए पूछा, तो वहां भी आउटसोर्स कंपनी से ही रखने की बात दोहराई गई, जिसे आयुष्मान मित्रों ने सिरे से नकार दिया। वर्तमान स्थिति यह है कि प्रदेश स्तर पर नई एजेंसी का टेंडर अभी फाइनल नहीं हुआ है, और स्थानीय स्तर पर आरकेएस से नियुक्ति न होने के कारण योजना पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है।



बिसौरा हाई स्कूल में मधुमक्खियों का तांडव

प्रार्थना के दौरान छात्र-छात्राओं पर मधुमक्खियों का हमला

  • 15 विद्यार्थी और शिक्षक घायल
  • स्कूल में मची भगदड़, अस्पताल में कराया भर्ती

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल बिसौरा में सोमवार सुबह उस समय चीख-पुकार मच गई, जब प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों के एक विशाल झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले से स्कूल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। हमले में करीब 15 छात्र-छात्राएं और उन्हें बचाने आए शिक्षक घायल हुए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह जब बच्चे प्रार्थना के लिए एकत्र हुए थे, इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों ने उन पर धावा बोल दिया। बच्चे जान बचाने के लिए स्कूल परिसर से बाहर खेतों की ओर भागे, वहीं कुछ बच्चों ने कमरों में घुसकर बेंच के नीचे छिपकर खुद को बचाने का प्रयास किया। बच्चों को बचाते समय स्कूल का स्टाफ भी मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गया।

अस्पताल में उपचार जारी 

घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा 108 एम्बुलेंस और स्थानीय निजी वाहनों की मदद से घायलों को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा त्वरित उपचार शुरू किया गया। स्वास्थ्य केंद्र के अनुसार, सभी बच्चों और शिक्षकों की हालत अब खतरे से बाहर और सामान्य है।

अधिकारियों ने लिया जायजा 

घटना की सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे सहित शिक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुँची। अधिकारियों ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और अस्पताल जाकर घायल बच्चों का हालचाल जाना। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी परिसर से मधुमक्खियों के छत्ते हटवाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।



CRPF का जांबाज ‘सिम्बा’ शहीद

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

  • गुर्दे की बीमारी से लड़ते हुए तोड़ा दम
  • तिरंगे में लिपटकर पंचतत्व में विलीन हुआ बहादुर साथी

मंडला महावीर न्यूज 29 | केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 148वीं बटालियन ने सोमवार को अपने एक सबसे वफादार और जांबाज सदस्य ‘सिम्बा’ (श्वान) को खो दिया। पिछले कुछ समय से गुर्दों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे सिम्बा ने 16 फरवरी 2026 की सुबह इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। सिम्बा का उपचार पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय, जबलपुर में चल रहा था।

सैन्य सम्मान के साथ दी गई विदाई

सिम्बा का अंतिम संस्कार वाहिनी के मुख्यालय (कैंप) में पूरे सैन्य सम्मान और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। अपने इस बहादुर साथी को तिरंगे में लिपटा देख जवानों और अधिकारियों की आंखें नम हो गईं। बल के जवानों ने सिम्बा को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया और वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उसकी उत्कृष्ट सेवाओं को याद किया।

महत्वपूर्ण अभियानों में रहा सक्रिय

03 अप्रैल 2018 को जन्मे सिम्बा को 30 जून 2021 को 148वीं वाहिनी में पदस्थ किया गया था। अपने छोटे से सेवाकाल में सिम्बा ने कई महत्वपूर्ण सुरक्षा अभियानों में हिस्सा लिया। उसकी मुस्तैदी और सूंघने की अद्भुत क्षमता ने कई बार बल को सुरक्षा चुनौतियों और संभावित खतरों से निपटने में कामयाबी दिलाई। वह केवल एक श्वान नहीं, बल्कि वाहिनी के जवानों के लिए परिवार के सदस्य जैसा था।

अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

148वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी श्री प्रमोद कुमार यादव ने सिम्बा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “सिम्बा की वफादारी और सेवा हमारे लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगी। वह एक सच्चा योद्धा था, जिसने बीमारी से लड़ते हुए अंतिम समय तक हार नहीं मानी। बल में उसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।”अंतिम संस्कार के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी श्री प्रमोद कुमार यादव, उप कमाण्डेंट श्री अमरी प्रसाद, उप कमाण्डेंट श्री मनोरंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।



पुलिस को गुमराह करने के लिए रची थी अपनी ही बाइक चोरी की साजिश

  • बीजाडांडी पुलिस की बड़ी सफलता
  • 72 घंटे में सुलझी कटंगी की चोरी
  • खुद फरियादी ही निकला मास्टरमाइंड
  • 2 लाख का मशरूका बरामद

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बीजाडांडी पुलिस ने ग्राम कटंगी में हुई दिनदहाड़े चोरी के मामले का महज 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि चोरी की रिपोर्ट लिखाने वाला एक व्यक्ति ही असल में आरोपी निकला, जिसने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी ही मोटरसाइकिल चोरी होने की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, एक लाख रुपये नगद और मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख रुपये का माल बरामद किया है।जानकारी अनुसार विगत 12 फरवरी को प्रार्थी चंद्रकांत बडग़ैया 70 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी को अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़कर पेटी में रखे 90 हजार रुपये के जेवर और 1 लाख रुपये नगद पार कर दिए हैं। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

साजिश का ऐसे हुआ भंडाफोड़ 

विवेचना के दौरान इस मामले में 15 फरवरी को एक नया मोड़ सामने आया, जब जागेन्द्र बडग़ैया 40 वर्ष नामक व्यक्ति ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को जागेन्द्र की बातों पर संदेह हुआ। जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो जागेन्द्र टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी जागेन्द्र ने बताया कि उसने ही चंद्रकांत बडग़ैया के घर चोरी की थी। इस अपराध से बचने और पुलिस का ध्यान भटकाने के लिए उसने अपनी ही मोटरसाइकिल छिपा दी और उसकी चोरी होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने का षडयंत्र रचा था। पुलिस ने आरोपी जागेन्द्र बडग़ैया की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर कीमती 90 हजार रुपये, नगद एक लाख रुपये और छिपाकर रखी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

बीजाडांडी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका 

पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में इस कार्यवाही को सफल बनाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता कुडापे, उपनिरीक्षक आरके झारिया, सहायक उपनिरीक्षक अक्षय यादव, छवि सूर्यवंशी सहित फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वॉड टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जाना वन धन से आत्मनिर्भरता का मंत्र

  • प्रसंस्करण और मार्केटिंग की बारीकियों से हुए रूबरू
  • परिक्षेत्र अधिकारी ने दिया करियर मार्गदर्शन
  • वन उत्पादों की प्रोसेसिंग और पैकेजिंग का लिया ज्ञान

मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय महाविद्यालय अंजनिया के बीए अंतिम वर्ष के एनएसएस स्वयंसेवकों ने वन परिक्षेत्र जगमण्डल के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री वन धन विकास केंद्र अंजनिया का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने वनों से प्राप्त उत्पादों के प्रसंस्करण और उनसे जनजातीय समूहों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया को बारीकी से समझा।भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को वनों से संग्रहित किए जाने वाले मुख्य उत्पादों जैसे हर्रा, बहेड़ा, आंवला और वनीय शहद के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही मोटे अनाज (कोदो-कुटकी) और स्थानीय स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले अचार व अन्य उत्पादों की प्रोसेसिंग, प्रसंस्करण पैकेजिंग और मार्केटिंग की व्यावहारिक कार्यप्रणाली दिखाई गई।

कैरियर और आत्मनिर्भरता पर दिया मार्गदर्शन 

जगमण्डल परिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती लतिका तिवारी उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन उत्पादों के औषधीय व आर्थिक फायदों के बारे में बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए कैरियर मार्गदर्शन देते हुए वन विभाग और उद्यमिता के क्षेत्रों में संभावनाओं की जानकारी दी। वन धन केंद्र प्रभारी बालसिंह ठाकुर ने विस्तार से समझाया कि कैसे कच्चे माल को प्रसंस्कृत कर बाजार में उतारा जाता है और किस प्रकार वन धन केंद्र के माध्यम से जनजातीय समूह आत्मनिर्भर बन रहे हैं।

प्राचार्य और शिक्षकों की रही उपस्थिति 

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार हरदहा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र लिल्हारे एवं डॉ. घनश्याम झरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिक्षकों ने इस भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।


हत्याकांड-पत्नि ने ही प्रेमी के साथ मिलकर उजाड़ा अपना सुहाग

  • सहारा देने के बहाने पति की गर्दन पर किया वार
  • अवैध संबंधों के चलते पुजारी प्रेमी संग रची थी खौफनाक साजिश

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना टिकरिया अंतर्गत मधुवन ढाबा के पास मिले जबलपुर निवासी सुमित काछी के शव के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इश्क के जुनून में अंधी पत्नी ने न केवल हत्या की साजिश रची, बल्कि घायल पति को सहारा देने का नाटक करते हुए खुद अपने हाथों से उसकी गर्दन पर वार किया।जानकारी अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक सुमित काछी की पत्नी जमुना उर्फ कविता के संबंध पड़ोस के मंदिर के पुजारी सूर्यकांत से थे। दिलचस्प और दुखद पहलू यह है कि पुजारी से जमुना की पहचान सुमित ने ही कराई थी। संबंधों की भनक लगते ही घर में कलह शुरू हो गई, जिसके बाद जमुना और सूर्यकांत ने सुमित को रास्ते से हटाने का मन बना लिया।

मदद का ढोंग और पीछे से वार 

हत्या की पटकथा 11 फरवरी को लिखी गई। योजना के अनुसार जमुना अपने पति सुमित के साथ मंडला की ओर निकली। मधुवन ढाबा के पास प्रेमी सूर्यकांत पहले से घात लगाकर बैठा था। वहां विवाद के दौरान सूर्यकांत ने सुमित पर हमला कर उसे घायल कर दिया। जब सुमित जमीन पर गिरा, तो जमुना ने उसे संभालने का ढोंग किया और जैसे ही वह उसकी गोद में आया, जमुना ने पीछे से धारदार हथियार से उसकी गर्दन रेत दी।

गुमराह करने की कोशिश हुई नाकाम 

हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने का प्रयास किया। जमुना ने खुद 112 पर कॉल कर लूट और दुर्घटना की झूठी कहानी गढ़ी जिससे पुलिस का ध्यान भटक सके। हालांकि 14 फरवरी को शव मिलने के बाद जब एसपी रजत सकलेचा के निर्देशन में सायबर सेल और टिकरिया पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और जमुना से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई 

एसडीओपी निवास पीएल वालरे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस अंधे कत्ल का महज दो दिनों में खुलासा करने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।



भक्तिमय हुआ देवरीकला, नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा और रामकथा की पूर्णाहुति

  • महाशिवरात्रि पर जगह-जगह गूँजी रामधुन
  • हवन, भंडारा और कन्या भोज में उमड़ा जनसैलाब

मंडला महावीर न्यूज 29. महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नारायणगंज ब्लाक के देवरी कला बबलिया और समीपस्थ ग्रामों में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। क्षेत्र के शिवालयों में जहाँ नंदी महाराज की स्थापना हुई, वहीं ग्राम जुझारी में चल रही रामकथा का समापन हुआ। इन धार्मिक अनुष्ठानों में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्म लाभ लिया।स्थानीय देवरी कला बबलिया स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। यहाँ ग्रामीण छोटे लाल चक्रवर्ती द्वारा नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। शास्त्री पंडित गोवर्धनलाल पाण्डेय ने वेदोक्त मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रतिमा की स्थापना संपन्न कराई। इस अवसर पर अखंड रामायण पाठ का आयोजन भी किया गया, जिसके समापन पर हवन-पूजन और कन्या भोज के साथ महाप्रसाद का वितरण हुआ।
इसी कड़ी में बबलिया के खेरमाई मंदिर के पास श्रद्धालु कर्मसिंह द्वारा 24 घंटे का अखंड रामधुन कीर्तन आयोजित किया गया। भजन-कीर्तन के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसादी ग्रहण की।

रामकथा के समापन पर महाआरती में झूमे भक्त 

समीपस्थ ग्राम जुझारी में चल रहे रामकथा ज्ञान यज्ञ का महाशिवरात्रि के दिन गरिमामयी समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन महाआरती के दौरान भक्त भक्ति भाव में डूबकर झूम उठे। 15 फरवरी को आयोजित पूर्णाहुति कार्यक्रम में हवन-पूजन के बाद कन्या भोज और भंडारे का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती महेश्वरी मरावी, चंद्रसिंह कुलस्ते, दशरथ यादव सहित सार्वजनिक समिति के सदस्यों और समस्त ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। आसपास के क्षेत्रों से आए धर्मप्रेमियों के कारण पूरे क्षेत्र का वातावरण जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।


रेस्क्यू के दौरान घायल नर तेंदुए ने तोड़ा दम, अंग सुरक्षित

सरही परिक्षेत्र के दलदला बीट में घायल मिला था तेंदुआ

  • कान्हा टाइगर रिजर्व के विशेषज्ञों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
  • निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत किया अंतिम संस्कार

मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र अंतर्गत दलदला बीट में घायल अवस्था में मिला एक नर तेंदुआ रेस्क्यू के दौरान जिंदगी की जंग हार गया। वन विभाग की तमाम कोशिशों और त्वरित उपचार के बावजूद, मुक्की स्थित हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में ही तेंदुए की मृत्यु हो गई।

घायल अवस्था में मिला था वन्यजीव 

जानकारी अनुसार सरही परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 729 (एनीकट नाला) के पास गश्ती दल को एक नर तेंदुआ घायल स्थिति में मिला था। सूचना मिलते ही कान्हा टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जबलपुर से स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एवं हेल्थ की टीम और भुआ बिछिया के पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। विशेषज्ञों की टीम ने तत्काल तेंदुए का रेस्क्यू कर उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया।

उपचार के लिए ले जाते समय हुई मौत 

प्राथमिक उपचार के बाद तेंदुए को गहन चिकित्सा के लिए रेस्क्यू वाहन से मुक्की स्थित वन्यप्राणी अस्पताल ले जाया जा रहा था। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तेंदुए ने दम तोड़ दिया। वन विभाग ने तत्काल इसकी सूचना राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण नई दिल्ली और मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक भोपाल को दी।

विशेषज्ञों की टीम ने किया पोस्टमार्टम 

घायल अवस्था में मिले तेंदुए का प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कान्हा के विशेषज्ञों की टीम ने 15 फरवरी को विशेषज्ञों की टीम द्वारा तेंदुए का पोस्टमार्टम किया गया। टीम में डॉ. अमोल रोकड़े (जबलपुर), डॉ. दिपाली परते (भुआ बिछिया) और डॉ. विशाल उद्दे शामिल रहे। पोस्टमार्टम में तेंदुए के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण स्वाभाविक प्रतीत हो रहा है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। इसके साथ ही निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए शवदाह की कार्यवाही की गई।

इनकी रही उपस्थिति 

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उप संचालक (कोर) पीके वर्मा, सहायक संचालक सूरज सिंह सेन्द्राम, तहसीलदार शंकरलाल मरावी, सरपंच डीलन सिंह सैयाम, एनटीसीए प्रतिनिधि ओमकार नर और मानसेवी वन्यप्राणी अभिरक्षक चंद्रशेखर खरे सहित सरही परिक्षेत्र का क्षेत्रीय अमला मौजूद रहा। पूरी कार्यवाही की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।



अंबेडकर वार्ड में श्रद्धा के साथ मनी महाशिवरात्रि

हवन-पूजन के बाद भव्य भंडारा

  • दो दशकों से जारी है सामूहिक आयोजन की परंपरा
  • लेडीज संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मंडला महावीर न्यूज 29 | जिला मुख्यालय के अंबेडकर वार्ड में महाशिवरात्रि का पावन पर्व परंपरागत हर्षोल्लास और सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया गया। पिछले 20 वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा को निभाते हुए वार्डवासियों ने पूजन, हवन और विशाल भंडारे का सफल आयोजन किया।

सांस्कृतिक संध्या और लेडीज संगीत

उत्सव की शुरुआत महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व भव्य लेडीज संगीत के साथ हुई। इस कार्यक्रम में वार्ड की महिलाओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की। धार्मिक भजनों और पारंपरिक गीतों पर महिलाओं व बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा वार्ड भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

हवन-पूजन और पंडित जी का सम्मान

महाशिवरात्रि के दिन सुबह विधि-विधान से हवन-पूजन का कार्यक्रम संपन्न हुआ। पंडित वासुदेव शर्मा के आचार्यत्व में वार्डवासियों ने भगवान शिव का अभिषेक कर लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले’ के जयघोष से आकाश गूँज उठा। आयोजन समिति द्वारा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पंडित वासुदेव शर्मा को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कन्या भोज एवं विशाल भंडारा

धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णता के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार सर्वप्रथम कन्याओं को भोजन कराकर प्रसादी वितरण का शुभारंभ हुआ। इसके बाद वार्ड एवं आसपास के सैकड़ों नागरिकों ने भंडारा प्रसादी ग्रहण की। आयोजन को सफल बनाने में वार्ड के युवाओं, पुरुषों और महिलाओं का विशेष सहयोग रहा।



नर्मदा तटों पर हजारों ने लगाई डुबकी, नर्मदा घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा मंडला

  • शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
  • भव्य शिव बारात, भंडारे और रुद्राभिषेक के साथ मनाया गया महा पर्व

मंडला महावीर न्यूज 29. महाशिवरात्रि का पावन पर्व जिला मुख्यालय सहित संपूर्ण ब्लाक और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। ऊँ नम: शिवाय और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। भक्तों ने दूध, दही, घी, शहद और भांग-धतूरे से महादेव का विशेष श्रृंगार व अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

महाशिवरात्रि के अवसर पर मां नर्मदा के विभिन्न घाट माहिष्मती घाट, संगम घाट, जेल घाट और नाना घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने पावन नर्मदा में स्नान के उपरांत तट पर स्थित मंदिरों में पूजन किया। सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई थी और पुलिस बल के साथ नगर पालिका की टीम घाटों पर तैनात रही।

माहिष्मती घाट से निकली भव्य शिव बारात 

नगर के माहिष्मती घाट पर माँ रेवा सेवा महाआरती समिति के तत्वावधान में भव्य शिव बारात और शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे के साथ निकली इस बारात में श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। इससे पूर्व मंदिर परिसर में अभिषेक, हवन, आरती और कन्या भोज का आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न हिस्सों में कांवड़ यात्राएं भी निकाली गईं, जिनका महिलाओं ने रेवा दरबार में आत्मीय स्वागत किया।

जगह-जगह हुए विभिन्न आयोजन 

जिला मुख्यालय में जगह-जगह और धार्मिक स्थलों में विविध आयोजन किये गए। पूजन, अभिषेक के साथ विशाल भंडारे भी दिन भर चलते रहे। जिला मुख्यालय से 4 किमी दूर पहाड़ी पर स्थित सिद्ध टेकरी में विशाल मेले का आयोजन हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने टेकरी में पहुंचकर महादेव के दर्शन किए। इसके साथ ही नाना घाट में विगत 25 वर्षों की परंपरा का निर्वहन करते हुए विशेष शिवलिंग निर्माण और रुद्राभिषेक किया गया। राजीव कॉलोनी के झंडा चौक स्थित शिव मंदिर में महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया और शाम को विशेष महाआरती की गई। बैगा-बैगी चौक में स्थापित शिव मंदिर में भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।

यहाँ भी उमड़ा भक्तों का सैलाब 

महाशिवरात्रि पर्व पर नगर के प्रतिष्ठित शिवालयों कारीकोन स्थित शिवालय, दादा धनीराम आश्रम, सिद्ध रेवा घाट, बारह ज्योतिर्लिंग माहिष्मती घाट, सहस्त्रधारा आश्रम, मंगलेश्वर मंदिर महाराजपुर और पीपल घाट स्थित नर्मदा आश्रम में दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा। नगर के प्रमुख चौराहों और बस स्टैंड पर विभिन्न समितियों द्वारा पेयजल और फरियाली प्रसादी और भंडारे का वितरण भी किया गया।


घुघरी हुआ शिवमय

घुघरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर विकासखंड घुघरी भी भगवान भोले की भक्ति में लीन रहा। सुबह से शाम तक शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। दिनभर पूजन पाठ का दौर चलता रहा। महाशिवरात्रि पर्व पर घुघरी के मंदिरों, शिवालयों, घरो में भक्तों द्वारा भोले को प्रसन्न करने दूध, दही, शहद से अभिषेक किया गया। मंदिरों और शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। क्षेत्र के युवाओं द्वारा इस अवसर पर घुघरी बस स्टेंड में महाप्रसाद वितरित किया गया।



बबलिया संकुल में शिक्षा का एक्सचेंज प्रोग्राम

ग्रेड सुधारने के लिए आपस में बदले गए शिक्षक

  • ए-बी ग्रेड के शिक्षक सिखाएंगे हुनर
  • डी-ई ग्रेड की शालाओं में दिखेगा बदलाव
  • संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर की अनूठी पहल

मंडला महावीर न्यूज 29. सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता और ग्रेडिंग सुधारने के उद्देश्य से संकुल केंद्र बबलिया में एक अभूतपूर्व नवाचार किया गया है। मेरा विद्यालय, सुंदर विद्यालय कार्यक्रम के तहत संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर के नेतृत्व में ए और बी ग्रेड विद्यालयों के शिक्षकों की तैनाती डी और ई ग्रेड कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों में की गई है। वहीं कमजोर ग्रेड वाले स्कूलों के शिक्षक उत्कृष्ट स्कूलों में जाकर वहां की कार्यप्रणाली सीख रहे हैं।बताया गया कि यह विशेष अदला-बदली कार्यक्रम पांच दिन के लिए लागू किया गया है। इसके तहत शिक्षक सुबह की प्रार्थना से लेकर शाम की छुट्टी तक बदली हुई शाला में ही रहकर कार्य किये, ए और बी ग्रेड के शिक्षक अपने स्कूलों के सफल प्रयोगों को कमजोर स्कूलों में लागू कर रहे हैं, जिससे वहां का वातावरण सुधर सके। डी और ई ग्रेड के शिक्षक उत्कृष्ट स्कूलों में अनुशासन, अध्यापन शैली और प्रबंधन का अवलोकन कर प्रेरणा ले रहे हैं।

प्रतिदिन तैयार होगा रिपोर्ट कार्ड 

इस नवाचार की सबसे बड़ी विशेषता इसकी मॉनिटरिंग है। प्रत्येक शिक्षक को प्रतिदिन का प्रतिवेदन तैयार करना अनिवार्य है। इसमें वे संबंधित शाला की खूबियों, कमियों और स्वयं द्वारा किए गए विशेष प्रयासों का उल्लेख करेंगे। सप्ताह के अंत में संकुल प्राचार्य इन प्रतिवेदनों की समीक्षा करेंगे और परिणाम सकारात्मक रहने पर इसे व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।

तीन दिनों में ही दिखने लगा बदलाव 

व्हाट्सएप गु्रप और प्रारंभिक मॉनिटरिंग के माध्यम से इस प्रयोग के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। मात्र तीन दिनों में ही स्कूलों में विभिन्न सुधार देखे गए हैं। जिसमें विद्यार्थियों के व्यवहार और स्कूलों के अनुशासन में स्पष्ट सुधार। टीएलएम का बड़े पैमाने पर निर्माण। मध्याह्न भोजन व्यवस्था में सुधार और स्कूल से घर जाते समय बच्चों द्वारा पहाड़़े व कविताओं का सामूहिक वाचन।

मेरा विद्यालय, सुंदर विद्यालय का विस्तार 

बताया गया कि प्रभारी संकुल प्राचार्य डीके सिंगौर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी रहते हुए इस अभियान की शुरुआत की थी, जिसके सुखद परिणाम पूरे ब्लॉक में देखे गए थे। वर्तमान में वे इस मिशन को बबलिया संकुल में सफलतापूर्वक संचालित कर रहे हैं। इस प्रयोग से शिक्षकों और बच्चों दोनों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।



लापता जबलपुर के युवक की टिकरिया के जंगल में मिली लाश

  • 4 दिनों से लापता था सुमित; मधुवन ढाबा के पास मिला शव
  • एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के थाना टिकरिया अंतर्गत मधुवन ढाबा के पास जंगल में एक 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और जांच शुरू की। मृतक की पहचान जबलपुर निवासी के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई जा चुकी थी।

जानकारी अनुसार पुलिस जांच में मृतक की पहचान सुमित कुशवाहा 30 वर्ष, निवासी ग्राम घाना, थाना तिलवारा, जबलपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने मौके पर पहुँचकर शव की शिनाख्त की। सुमित के भाई ने बताया कि वह 11 फरवरी से लापता था और उसे आखिरी बार मंडला की ओर जाते हुए देखा गया था। इस संबंध में टिकरिया थाने में मृतक के भाई अमित कुशवाहा ने गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पत्नी ने दी थी दुर्घटना की सूचना 

मामले में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि 11 फरवरी को ही सुमित की पत्नी जमुना पटेल ने डायल 112 पर कॉल कर किसी दुर्घटना की आशंका जताई थी। हालांकि उस समय पुलिस को मौके पर कोई साक्ष्य नहीं मिल पाए थे और घटना की पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब शव मिलने के बाद उस कॉल की कडिय़ों को भी जांच में जोड़ा जा रहा है।

एसपी ने किया मुआयना, मृत्यु संदिग्ध 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एफएसएल टीम और संबंधित अधिकारियों को बारीकी से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सुमित की मृत्यु संदिग्ध मानी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार 

पुलिस का कहना है कि सुमित की मौत किसी सड़क दुर्घटना में हुई है या किसी धारदार हथियार से लगी चोट के कारण हुई है या इसके पीछे कोई और साजिश है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल टिकरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स व अन्य पहलुओं पर जांच तेज कर दी है।

भाई ने लगाए हत्या के आरोप 

मृतक सुमित के भाई अमित कुशवाहा ने मृतक की पत्नि और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के भाई अमित ने बताया कि मृतक की पत्नि एक साल से मायके में रह रही थी। जहां पर उसका किसी के साथ अफेयर भी था। आरोप में कहां कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर भाई की हत्या कर जंगल में छोड़कर फरार हो गया।


त्रिवेणी संगम पर आस्था और व्यापार का संगम

ऐतिहासिक मचलेश्वर मेला शुरू

  • महाशिवरात्रि से होली तक सजेगी रौनक
  • पांच राज्यों के पशु व्यापारियों का जुटना हुआ शुरू

मंडला महावीर न्यूज 29 | बंजर, मटियारी और सुरपन नदियों के पावन त्रिवेणी संगम पर लगभग एक शताब्दी से आयोजित होने वाला ऐतिहासिक “मचलेश्वर मेला” महाशिवरात्रि के पावन पर्व से विधिवत प्रारंभ हो गया है। हिरदेनगर की पहचान बन चुका यह मेला न केवल मंडला जिले, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और पड़ोसी राज्यों की ग्रामीण अर्थव्यवस्था व संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

पांच राज्यों के पशु व्यापारियों की दस्तक

मेले के शुभारंभ के साथ ही पशु बाजार में हलचल तेज हो गई है। मध्य प्रदेश सहित उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और राजस्थान से बड़ी संख्या में पशु व्यापारी यहाँ पहुँच रहे हैं। मेले में बैल, गाय और भैंसों की खरीद-फरोख्त के लिए बड़े सौदे होने शुरू हो गए हैं। हालांकि, आधुनिक कृषि यंत्रों के बढ़ते उपयोग के कारण पशुओं की आवक पहले के मुकाबले कुछ कम हुई है, फिर भी व्यापारियों में उत्साह बना हुआ है।

ऐतिहासिक पहचान और नाम का सफर

मचलेश्वर मेला अपनी विशिष्ट पहचान के लिए जाना जाता है।

  • 1970 के पूर्व: इसे “मचलेश्वर मेला हिरदेनगर” के नाम से जाना जाता था।
  • 1971 से 2003 तक: इसका नाम बदलकर “हिरदेनगर मेला” कर दिया गया था।
  • वर्तमान: राज्य शासन ने इसकी प्राचीन महत्ता को देखते हुए पुनः इसका नाम “मचलेश्वर मेला” बहाल किया है।

बहुरंगी बाजार और मनोरंजन के साधन

पशु व्यापार के अलावा यहाँ मसालों, कपड़ों, पीतल के बर्तनों, कृषि उपकरणों और घरेलू साजो-सामान की भव्य दुकानें सज गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लोग यहाँ से साल भर के राशन और जरूरी सामानों की खरीदारी करते हैं। मनोरंजन के लिए लगे झूले, सर्कस और खेल-तमाशे बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम

मेला आयोजन समिति और स्थानीय पंचायत ने पशुओं के लिए पृथक मैदान और वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था की है। महाशिवरात्रि से शुरू होकर होलिका दहन तक चलने वाले इस मेले में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। माना जा रहा है कि होली के नजदीक आते-आते यहाँ भीड़ अपने चरम पर होगी।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️



आदिवासी दीदियों के 2 लाख हड़पने की शिकायत

  • आजीविका मिशन की नोडल अधिकारी पर धोखाधड़ी का आरोप
  • फर्जी प्रस्ताव बनाकर राशि ट्रांसफर कराने का दावा
  • एसडीएम और थाने में लिखित शिकायत के बाद जांच शुरू

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन विवादों के घेरे में है। तहसील निवास के ग्राम गुंदलाई की दो आदिवासी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने नोडल अधिकारी पूजा शर्मा पर फर्जी प्रस्तावों के माध्यम से समूह की 2 लाख रुपये की राशि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

बताया गया कि ग्राम गुंदलाई में संचालित वैष्णवी समूह और माया समूह की पदाधिकारियों का आरोप है कि उनके खातों में बिना सूचना के एक-एक लाख रुपये कुल 2 लाख डाले गए। समूह की सचिव चमेली बाई और अध्यक्ष राजकुमारी मार्को का कहना है कि उन्हें बताया गया कि यह राशि गलती से आई है। पीडि़तों ने बताया कि एसआरपी देवती मरावी ने उन्हें नोडल अधिकारी पूजा शर्मा के हस्ताक्षर वाला एक गल्ला खरीदी का प्रस्ताव दिखाया और विश्वास में लेकर वह राशि अन्यत्र ट्रांसफर करा ली। महिलाओं को बाद में बैंक से पता चला कि यह सरकार द्वारा दिया गया ऋण, सहायता थी, जिसकी देनदारी अब उन पर है।

5 फरवरी को दर्ज हुई शिकायत 

ठगी का अहसास होने पर पीडि़त महिलाओं ने 5 फरवरी को निवास अनुविभागीय कार्यालय और निवास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच हो और उनकी डूबी हुई राशि वापस दिलाई जाए। ग्रामीणों का दावा है कि नोडल अधिकारी के खिलाफ पहले भी शिकायतें हुई हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।

योजना की विश्वसनीयता दांव पर 

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य गरीब महिलाओं को सशक्त बनाना है, लेकिन इस तरह की घटनाओं से मिशन की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। बताया गया कि बैंकिंग प्रणाली से पहली बार जुडऩे वाली आदिवासी महिलाओं को वित्तीय साक्षरता न होना ही ऐसे फर्जीवाड़े का मुख्य कारण बनता है। अब जिले की नजरें प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

इनका कहना है

मेरे संज्ञान में अभी ऐसा मामला नहीं आया है। यदि थाने में शिकायत हुई है तो पुलिस अन्वेषण करेगी। मेरे कार्यालय में शिकायत आने पर हम भी अपने स्तर से जांच कराएंगे।
सीएल वर्मा, एसडीएम, निवास

मैं 10 दिनों की छुट्टी पर हूं। समूहों का खाता अध्यक्ष, सचिव संचालित करते हैं, हम पैसे कैसे ले सकते हैं। निवास में 870 समूह हैं, वापस आकर ही कुछ बता पाऊंगी।
पूजा शर्मा, नोडल अधिकारी, निवास

यह मामला आज ही संज्ञान में आया है। जनपद स्तर पर टीम गठित कर संपूर्ण जांच कराई जाएगी, जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उस पर कठोर कार्रवाई होगी।
घनश्याम सूर्यवंशी, उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत निवास



ब्रेजा कार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर, दो युवक गंभीर घायल

  • बीजाडांडी खूटापड़ाव मोड़ के पास हुआ हादसा
  • प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जबलपुर मेडिकल कॉलेज किया रेफर

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बीजाडांडी थाना अंतर्गत खूटापड़ाव के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी तत्काल 112 डायल और एम्बुलेस को दी गई। सूचना मिलते ही 112 डायल पुलिस मौके पर पहुंची। बीजाडांडी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।जानकारी अनुसार स्कूटी सवार शनि रूकदरिया और प्रसादी लाल दोनों निवासी नारायणगंज, मानेगांव है। दोनों युवक बीजाडांडी से मानिकसरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खूटापड़ाव के पास मोड़ पर जबलपुर की ओर से मंडला की तरफ आ रही एक ब्रेजा कार से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 और एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर डायल 112 का स्टाफ पहुंचा और घायलों को सीएचसी बीजाडांडी में उपचार के लिए ले भर्ती कराया गया।

घायलों की हालत नाजुक 

स्थानीय लोगों को डायल कर्मियों की मदद से तत्काल दोनों घायलों को बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने घायलों की गंभीर स्थिति और शरीर पर आई गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि हालत में सुधार न होने और स्थिति चिंताजनक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए दोनों युवकों को तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मोड़ पर वाहनों की गति अधिक होने के कारण चालक संतुलन नहीं बना सके। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है कि हादसा किस वाहन की लापरवाही से हुआ।



रूद्राक्ष से बने शिवलिंग की स्थापना

मंडला महावीर न्यूज 29. 25 हजार रूद्राक्ष से बने शिवलिंग की स्थापना विधि विधान से की गई। शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो नगर भ्रमण करते हुए हनुमान शेषनाग मंदिर जिला पंचायत के पास पहुंची जहां पर धर्मप्रेमियों के दर्शन के लिए शिवलिंग की स्थापना हुई वहीं आज भव्य आयोजन यहां पर किया जाएगा। रविवार को दोपहर 2 बजे से सामूहिक रूप से भक्तों की उपस्थिति में रुद्राभिषेक हवन पूजन प्रसादी एवं संध्या काल में दीपदान किया जाएगा संपूर्ण अनुष्ठान पंडित रामनाथ शास्त्री के सानिध्य में संपन्न होगा आप सभी सपरिवार सादर आमंत्रित है। पूर्ण अनुष्ठान भक्तों के श्रद्धा सहयोग से कराया जा रहा है अत: आपका भी सहयोग अपेक्षित है।


त्रिशुल भव्य ध्वज की स्थापना

मंडला महावीर न्यूज 29.  शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर त्रिशुल यात्रा का आयोजन किया गया नगर के झूलापुल मार्ग स्थित महात्मा गांधी वार्ड के शिव मंदिर से भव्य त्रिशुल यात्रा निकाली गई। जो नगर भ्रमण करते हुए मंदिर पहुंची जहां पर विधि विधान से त्रिशुल की स्थापना की गई वहीं भव्य ध्वज भी स्थापित किया गया। आज यहां पर शिवरात्रि के अवसर पर विशाल भंडारा पूजन पाठ के साथ   रूद्राभिषेक किया जाएगा। धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।


रिचिका घाट में रिफाइंड तेल से भरा ट्रक पलटा

मौके का फायदा उठा तेल की पेटियां ले उड़े ग्रामीण

  • एक माह में चौथा हादसा
  • अंधे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन
  • चालक फरार

मंडला महावीर न्यूज 29 | बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत घुटास से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित कला रिचिका घाट शनिवार सुबह एक बार फिर हादसों का गवाह बना। रिफाइंड तेल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर घाट के अंधे मोड़ पर पलट गया। दुर्घटना के बाद जहाँ चालक मौके से भाग खड़ा हुआ, वहीं ग्रामीणों में तेल की पेटियां लूटने की होड़ मच गई।

अंधे मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

प्राप्त जानकारी अनुसार ट्रक बिछिया से डिंडौरी की ओर जा रहा था। कला रिचिका घाट के खतरनाक अंधे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क किनारे गहराई में जाकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद चालक कानूनी कार्रवाई के डर से वाहन छोड़कर फरार हो गया।

मदद के बजाय मची ‘लूट’

हादसे की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, ग्रामीण मदद के बजाय ट्रक में लदे माल पर टूट पड़े। ट्रक को लावारिस देख लोगों ने रिफाइंड तेल की पेटियां उठाकर अपने घर ले जाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और दोपहर तक ट्रक में लदा काफी माल गायब हो चुका था। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और भीड़ को खदेड़ा।

एक माह में चौथी बड़ी दुर्घटना

स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि:

  • संकेतकों का अभाव: घाट पर खतरनाक मोड़ होने के बावजूद कोई चेतावनी बोर्ड या रेडियम संकेतक नहीं लगे हैं।
  • तेज रफ्तार: सड़क चौड़ी और चिकनी होने के कारण वाहन चालक यहाँ गति पर नियंत्रण नहीं रख पाते।
  • बढ़ते हादसे: पिछले 30 दिनों के भीतर इसी घाट पर यह चौथा बड़ा सड़क हादसा है।

पुलिस की कार्रवाई

बिछिया पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर वाहन मालिक और ट्रांसपोर्टर की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी गए माल की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


पारंपरिक खान-पान को सहेजने की अनूठी पहल

मंगलगंज की महिलाओं ने कोदो भात और महुआ लड्डू से जीता नगरवासियों का दिल

  • मंडला मिलेट फेस्टिवल में ट्राइबल फूड का जलवा
  • रानी दुर्गावती महिला संगठन ने पेश की आदिवासी जायके की विरासत

मंडला महावीर न्यूज 29. मोटे अनाज (मिलेट्स) की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल में आदिवासी परंपरा और स्वाद का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। स्थानीय पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस महोत्सव में नगरवासी सपरिवार पहुँचकर न केवल श्री अन्न के गुणों को जान रहे हैं, बल्कि सदियों पुरानी आदिवासी पाक कला का आनंद भी ले रहे हैं। बताया गया कि महोत्सव में आकर्षण का केंद्र रानी दुर्गावती महिला संगठन गढ़ा मंडला द्वारा लगाया गया निवि ट्राइबल फूड स्टाल रहा। आदिवासी परंपरा और संस्कृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से लगाए गए इस स्टाल पर शुद्ध पारंपरिक पद्धतियों से तैयार व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया। संगठन की महिलाओं ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पोषक खान-पान से जोडऩा है।

मंगलगंज की मातृशक्ति ने परोसा स्वाद का खजाना 

नारायणगंज विकासखंड के ग्राम मंगलगंज से आईं अनुभवी महिलाओं की टीम ने अपने हाथों के हुनर से स्टाल पर जायके का जादू बिखेरा। इस टीम में वंदना मरावी तेकाम, हीरामणि उईके, शशिकांति वरकड़े, नेमवती मरावी, फगुनिया उईके, रेवती तेकाम, कलिया आर्मो, द्रोपति उईके और भुवन मरावी शामिल रहीं। इन महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और आत्मीयता के साथ अतिथियों का स्वागत किया।

स्टाल पर उपलब्ध प्रमुख आदिवासी व्यंजन 

वंदना मरावी तेकाम ने बताई की मिलेट फूड फेस्टिवल में पेश किए गए आदिवासी भोजन की सूची लंबी और सेहत से भरपूर रही, जिसमें कुछ विशेष व्यंजन शामिल थे। मुख्य व्यंजन में कोदो भात, मक्के का पेज, मक्के की पूड़ी, चीला और गक्कड़-भरता। विशिष्ट भाजियोंं में राई की भाजी और चने की भाजी। मिठाई एवं स्नैक्स में कुटकी की खीर (भगर), औषधीय गुणों से भरपूर महुआ के लड्डू, अलसी के लड्डू, लाटा और मलीदा। इसके साथ ही चटनी के साथ अन्य व्यंजनों में अलसी की चटनी, मीठी नीम पत्ती की चटनी, उड़द की दाल और ताजा मही स्टॉल में रखे गए।

सेहत और संस्कृति का दिया संदेश 

मिलेट फूड फेस्टिवल में आदिवासी परंपरा और स्वाद के साथ अन्य व्यंजनों का जलवा भी रहा। जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी नारायणगंज मंगलगंज की इन महिलाओं द्वारा तैयार किये गए व्यंजनों की सराहना की। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय आदिवासी उत्पादों को बाजार दिलाते हैं, बल्कि कुपोषण जैसी समस्याओं से लडऩे के लिए श्री अन्न को प्रोत्साहित भी करते हैं। शनिवार को मेले के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में नगरवासी पहुंचे।



 


महाशिवरात्रि पर मंडला में यातायात का बदला रूट

भारी वाहनों की शहर में नो-एंट्री

  • श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने जारी की पार्किंग और डायवर्सन गाइडलाइन
  • संगम और माहिष्मती घाट पर रहेगी विशेष व्यवस्था

मंडला महावीर न्यूज 29 | महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शहर के प्रमुख घाटों, विशेषकर माहिष्मती घाट और संगम घाट पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने पुख्ता यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की है। दिनांक 15 फरवरी 2026 को सुरक्षा और सुगम आवागमन की दृष्टि से शहर के कई मार्गों को डायवर्ट किया गया है और वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

प्रमुख मार्ग डायवर्सन (कहाँ से जाएँ)

यातायात को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने निम्नलिखित डायवर्सन पॉइंट बनाए हैं:

  • बम्हनी-नैनपुर से आने वाले वाहन: ये वाहन पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग से आरटीओ कार्यालय, पुरवा और प्रथम ढाबा होते हुए नेशनल हाईवे (NH-30) का उपयोग करेंगे।
  • जबलपुर से नैनपुर-घंसौर की ओर जाने वाले वाहन: कटरा हाईवे बायपास से प्रथम ढाबा और पुरवा होकर निकलेंगे।
  • घंसौर रोड से मंडला आने वाले वाहन: आंगन तिराहा से डायवर्ट होकर बजरंग चौक और पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग होते हुए NH-30 का उपयोग करेंगे।
  • बिंझिया तिराहा: यहाँ से महाराजपुर या नैनपुर जाने वाले वाहन चिलमन चौक और पड़ाव रोड से होकर NH-30 हाईवे का रास्ता लेंगे।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने घाटों के समीप कई पार्किंग जोन बनाए हैं:

  • माहिष्मती घाट (नेहरू स्मारक तरफ): तीन और चार पहिया वाहन पुलिस लाइन खो-खो ग्राउंड और होमगार्ड कार्यालय में पार्क होंगे। दो पहिया वाहनों के लिए एसडीएम कार्यालय, सर्किट हाउस, रेस्ट हाउस (इरिगेशन) और ऑफिसर मैस में स्थान दिया गया है।
  • योजना भवन रोड (वन-वे): एलआईसी रोड से योजना भवन की ओर प्रवेश वन-वे रहेगा।
  • महाराजपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु: चार पहिया वाहनों के लिए वर्धमान लॉन (कारीकोन तिराहा) और दो पहिया वाहनों के लिए कुंभ स्थल मैदान में पार्किंग रहेगी।
  • संगम घाट: यहाँ आने वाले सभी वाहन हेलीपैड मैदान में पार्क किए जाएंगे।

भारी वाहनों पर प्रतिबंध (नो-एंट्री)

प्रशासन ने पर्व के दिन प्रातः 5:00 बजे से शहर के भीतर सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया है। यह आदेश अगले निर्देशों तक प्रभावी रहेगा। इसके साथ ही, बजरंग चौक से तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश भी वर्जित रहेगा। सभी यात्री बसों को निर्धारित डायवर्सन मार्ग का ही पालन करना होगा।

अपील: पुलिस विभाग ने सभी श्रद्धालुओं और नागरिकों से अनुरोध किया है कि सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन कर सहयोग करें।



खटोला में नशा मुक्ति का कड़ा फैसला

  • शराब बनाने या पीने वाले का होगा सामाजिक बहिष्कार
  • ग्रामीणों ने लिया मद्यपान निषेध का संकल्प
  • नियमों का उल्लंघन करने पर देना होगा भारी जुर्माना

मंडला महावीर न्यूज 29. नशा मुक्ति के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए ग्राम पंचायत खटोला के ग्रामीणों ने एक ऐतिहासिक और कड़ा निर्णय लिया है। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सेक्टर मझीपुर की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि यदि गांव में कोई भी व्यक्ति शराब पीते हुए या घर में शराब बनाते हुए पाया जाता है, तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा और उसे भारी जुर्माना भी भरना होगा।बताया गया कि विकासखंड समन्वयक कीर्ति कुरील की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में नशा निषेध सप्ताह के अंतर्गत मद्यपान के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य समिति को सक्रिय करना, दस्तावेजों का सुदृढ़ीकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना रहा। ग्रामीणों को वर्तमान में चल रही श्रमिक कार्ड ई-केवाईसी एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं ने संभाली कमान, बनाया सख्त नियम 

गांव की महिलाओं ने नशा मुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए बताया कि गांव को बर्बादी से बचाने के लिए अब सख्त कदम उठाना अनिवार्य है। पंचायत में तय योजना के अनुसार दोषी व्यक्ति से गांव का कोई भी सदस्य बात नहीं करेगा। उसे किसी भी सामाजिक या सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर दंड स्वरूप आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा।

सामूहिक शपथ से गूंजा गांव 

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समिति सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने एक साथ मिलकर नशा मुक्ति की शपथ ग्रहण की। ग्रामीणों ने आपसी सहमति दी कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे, बल्कि पूरे गांव में इस मुहिम को एक अभियान की तरह चलाएंगे। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य और स्थानीय जागरूक नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



निशानेबाजी में मंडला पुलिस का दबदबा

उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान ने राज्य स्तर पर जीते 4 पदक

  • 3 रजत और 1 कांस्य जीतकर नेशनल के लिए हुए क्वालिफाई
  • अब राष्ट्रीय स्तर पर करेंगे मप्र का प्रतिनिधित्व

मंडला महावीर न्यूज 29 | जिला मंडला के थाना निवास में पदस्थ उपनिरीक्षक हिंमाशू चौहान ने अपनी अचूक निशानेबाजी से न केवल जिले का, बल्कि पूरे पुलिस विभाग का मान बढ़ाया है। इंदौर में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट (AIPDM) एवं स्पोर्ट्स प्रतियोगिता (AIPSC) के राज्य स्तरीय चयन स्पर्धा में हिमांशु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 04 पदक अपने नाम किए हैं।

विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाए जौहर

बीएसएफ (BSF) की रेवती रेंज में आयोजित इस कठिन प्रतियोगिता में प्रदेश भर के पुलिस जांबाज शामिल हुए थे। उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान ने अपनी तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए निम्नलिखित सफलताएं अर्जित कीं:

  • 3 रजत पदक: 300 मीटर थ्री पोजिशन शूटिंग, 50 मीटर .22 राइफल फायर और 50 मीटर ग्लॉक पिस्टल फायर इवेंट में।
  • 1 कांस्य पदक: शूटिंग की एक अन्य श्रेणी में प्राप्त किया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु हुआ चयन

राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर हिमांशु चौहान का चयन मध्य प्रदेश की टीम में हुआ है। अब वे आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश भर की पुलिस टीमों और पैरामिलिट्री फोर्स के बीच मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  • AIPDM प्रतियोगिता: हरियाणा के कदरपुर में आयोजित होगी।
  • AIPSC प्रतियोगिता: इंदौर में आयोजित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने दी बधाई

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा ने उपनिरीक्षक हिमांशु चौहान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के साथ-साथ खेल कौशल में इतनी बड़ी सफलता प्राप्त करना गौरव की बात है। एसपी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। जिले के अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है।



महाशिवरात्रि 2026: 15 फरवरी को मनेगा शिव-पार्वती विवाह का महापर्व, शाम से शुरू होगा शुभ मुहूर्त

  • चार प्रहर की विशेष पूजा से बरसेगी महादेव की कृपा
  • ज्योतिषाचार्य संदीप ज्योतिषी ने बताया रुद्राभिषेक का महत्व

मंडला महावीर न्यूज 29 | देवाधिदेव महादेव की आराधना का महान पर्व महाशिवरात्रि इस वर्ष 15 फरवरी को विशेष आध्यात्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्य पं. संदीप ज्योतिषी (दिवारा/अंजनिया) के अनुसार, इस वर्ष फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि 15 फरवरी को शाम 4:25 बजे प्रारंभ होगी, जो अगले दिन 16 फरवरी को शाम 5:10 बजे तक रहेगी।

चूंकि महाशिवरात्रि में रात्रिकालीन पूजा और निशिता काल का विशेष महत्व है, इसलिए यह पर्व 15 फरवरी को ही मनाया जाएगा। इस अवसर पर मण्डला और अमरकंटक के प्रमुख शिवालयों में संध्या काल से ही अभिषेक और रात्रि जागरण के अनुष्ठान प्रारंभ हो जाएंगे।

चार प्रहर की पूजा का विशेष विधान

शास्त्रों के अनुसार, महाशिवरात्रि की रात्रि को चार प्रहरों में बांटकर महादेव का अभिषेक करने से धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति होती है। प्रत्येक प्रहर की पूजा तीन घंटे के अंतराल पर संपन्न होगी:

प्रहर समय (अनुमानित) अभिषेक सामग्री
प्रथम प्रहर शाम 6:00 बजे से दूध से रुद्राभिषेक
द्वितीय प्रहर रात्रि 9:00 बजे से दही से रुद्राभिषेक
तृतीय प्रहर मध्य रात्रि 12:00 बजे से घी से रुद्राभिषेक
चतुर्थ प्रहर तड़के 3:00 बजे से मधु (शहद) से रुद्राभिषेक

शिव-पार्वती के मिलन का उत्सव

पं. संदीप ज्योतिषी ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का पावन विवाह संपन्न हुआ था। शिव महापुराण में उल्लेख है कि प्रदोष काल में शिव आराधना करने से महादेव शीघ्र प्रसन्न होते हैं। महाशिवरात्रि पर भक्तगण भोलेनाथ को दूध, दही, घी, शहद, शक्कर के साथ-साथ भांग, धतूरा, भस्म और प्रिय बेलपत्र अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करेंगे।

श्रद्धा का संगम: अमरकंटक में उमड़ेगा सैलाब

पवित्र नगरी अमरकंटक और नर्मदा तटों पर स्थित शिवालयों में 15 फरवरी की संध्या से ही श्रद्धालु मां नर्मदा के जल से जलाभिषेक करेंगे। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ और ‘नर्मदे हर’ के जयघोष गूंजेंगे। स्थानीय प्रशासन और मंदिर समितियों ने भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।



रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️


महाराजपुर: अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की दर्दनाक मौत

  • पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा
  • टक्कर मारकर वाहन चालक हुआ फरार, जांच में जुटी पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29 | जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि सवार उछलकर दूर जा गिरा। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

मलारा लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दादूराम मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दादूराम महाराजपुर (मंडला) से अपने गांव मलारा की ओर साइकिल से लौट रहे थे। जैसे ही वे शाम के समय पौड़ी रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी।

मौके पर ही तोड़ा दम

टक्कर इतनी भीषण थी कि दादूराम को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने वाहन को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन अंधेरे और तेज रफ्तार का फायदा उठाकर चालक भाग निकला।

पुलिस कर रही अज्ञात वाहन की तलाश

हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।



मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल का रंगारंग आगाज

पुलिस ग्राउंड में महकी ‘श्री अन्न’ की खुशबू

  • कोदो की खीर और रागी डोसा बने आकर्षण का केंद्र
  • 50 से अधिक स्टॉलों पर सजी व्यंजनों की श्रृंखला

मंडला महावीर न्यूज 29 | मोटे अनाज (मिलेट्स) के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘मंडला मिलेट फूड फेस्टिवल’ का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस ग्राउंड में आयोजित इस उत्सव का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने किया। आकर्षक लाइटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच शुरू हुआ यह मेला शनिवार, 14 फरवरी तक चलेगा।

मिलेट्स के व्यंजनों का नगरवासियों ने उठाया लुत्फ

फूड फेस्टिवल के पहले दिन बड़ी संख्या में नगरवासी सपरिवार पहुंचे। मेले में कोदो-कुटकी की खीर, चेंच की भाजी, ज्वार की रोटी, सरसों का साग और रागी के डोसा जैसे पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों ने लोगों को खूब लुभाया। मैदान में सजे 50 से अधिक स्टॉलों पर आधुनिक और पारंपरिक पाक कला का अनूठा संगम देखने को मिला।

इन विभागों और संस्थाओं की रही सहभागिता

मेले में विभिन्न शासकीय विभागों और निजी प्रतिष्ठानों ने अपने स्टॉल लगाए, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे:

  • महिला एवं बाल विकास तथा कृषि विभाग (आत्मा)।
  • ग्रामीण एवं शहरी आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूह।
  • उत्कृष्ट विद्यालय, नवोदय तंदूरी चाय और दुग्ध संघ।
  • रदा किचन एवं अन्य प्रतिष्ठित स्थानीय संस्थान।

कृषि विभाग ने ‘श्री अन्न’ से बनाई आकर्षक रंगोली

उत्सव में कृषि विभाग का स्टॉल विशेष चर्चा में रहा, जहाँ कोदो, कुटकी, रागी, सावा, बाजरा और जौ जैसे मोटे अनाजों के माध्यम से आकर्षक रंगोली बनाई गई। उपसंचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया और एसडीओ मधु अली के मार्गदर्शन में मिलेट्स के लाभों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों और आमजन को जैविक कृषि तथा ‘श्री अन्न’ के उत्पादन व सेवन के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

शुभारंभ अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले के वातावरण को और भी उत्साहजनक बना दिया। मुख्य अतिथि श्री विनोद कछवाहा ने स्टॉलों का भ्रमण कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और व्यंजनों की गुणवत्ता की सराहना की। शनिवार को मेले का अंतिम दिन होगा, जिसमें और भी अधिक भीड़ जुटने की संभावना है।



सोलर योजना में अंधेरगर्दी, 8 हजार की लाइट के 25 हजार के बिल

  • नारायणगंज जनपद में सोलर पैनल और लाइटों के बिलों में भारी फर्जीवाड़े का आरोप
  • सामान्य सभा में गूंजा मुद्दा, अब होगी जांच

मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत आने वाली सभी ग्राम पंचायतों में स्थापित किए गए सोलर रूफ पैनल और सोलर लाइटों के मामले में बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आने की आशंका है। 15वें वित्त आयोग की राशि से किए गए इन कार्यों में अत्यधिक ऊंचे बिल और घटिया गुणवत्ता की शिकायतों के बाद अब जनपद प्रशासन ने पंचायतवार जांच के आदेश जारी किए हैं। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले की जांच कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर उचित कार्रवाई की जाए।सूत्रों के अनुसार विगत 23 जुलाई 2025 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में प्रस्ताव क्रमांक 11 के तहत सोलर पैनलों की खरीदी पर तीखे सवाल उठाए गए थे। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणगंज ने पंचायत राज संचालनालय और कलेक्टर मंडला के निर्देशों का हवाला देते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

बाजार दर से तीन गुना अधिक वसूली 

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने दस्तावेजों के आधार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसमें बाजार में जिस लाइट की कीमत 8 से 10 हजार रुपये है, उसके बिल 20 से 25 हजार रुपये तक लगाए गए हैं। लगभग 1.5 लाख रुपये मूल्य के सोलर रूफ पैनल सिस्टम के बिलों में भी भारी विसंगति और अधिक राशि आहरण की बात सामने आई है। इसके साथ ही आरोप है कि आपूर्तिकर्ता चयन, दर स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया को पूरी तरह गुप्त रखा गया, जिससे भ्रष्टाचार की संभावना और प्रबल हो गई है।

कुछ ही महीनों में खराब हुए उपकरण 

बताया गया कि घोटाले का दूसरा पहलू उपकरणों की गुणवत्ता से जुड़ा है। पंचायतों में लगाए गए सोलर पैनल और लाइटें कुछ ही महीनों में शोपीस बनकर रह गए हैं। तकनीकी मानकों की अनदेखी के कारण कई स्थानों पर सिस्टम ठप पड़ा है, जिससे शासकीय धन की बर्बादी साफ नजर आ रही है।



भक्ति के रंग में डूबा ग्राम जुझारी, संपन्न हुआ राम-सिया का पावन विवाह

  • गूंजे श्रीराम के जयकारे
  • सनातन धर्म की परंपराओं के साथ मनाया विवाहोत्सव

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज बबलिया के समीपवर्ती ग्राम जुझारी में इन दिनों संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। सार्वजनिक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के पांचवें दिन कथा स्थल पर राम-जानकी विवाह का प्रसंग अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने आनंदपूर्वक प्रभु के विवाहोत्सव में भाग लिया।कथा व्यास आचार्य रोहित शास्त्री ने अपनी मधुर वाणी से राम-सिया विवाह का वृत्तांत सुनाया। उन्होंने हिंदू धर्म के पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ राम-जानकी का विवाह संपन्न कराया। आचार्य जी ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सनातन धर्म के गौरवशाली इतिहास और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के आदर्शों पर चलने का मार्गदर्शन भी दिया।

श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब 

इस धार्मिक आयोजन में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक चंद्र सिंह कुलस्ते, दशरथ यादव सहित सार्वजनिक समिति के सदस्यों और समस्त ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा। कथा के पांचवें दिन विशेष रूप से क्षेत्र की माताओं और बहनों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर मंगल गीत गाए और विवाहोत्सव की रस्मों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

महाआरती के साथ हुआ प्रसाद वितरण 

विवाह प्रसंग के बाद कथा स्थल पर भगवान श्री राम और माता जानकी की महाआरती उतारी गई। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी धर्म प्रेमियों को महाप्रसाद का वितरण किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि कथा का समापन पूर्ण विधि-विधान के साथ होगा, जिसमें आगामी दिनों में अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।


 


प्रशासन की बड़ी दबिश: अवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जप्त

  • कलेक्टर के निर्देश पर मवई पुलिस की सुपुर्दगी में भेजे गए वाहन
  • खनिज नियमों के तहत दर्ज हुआ मामला

मंडला महावीर न्यूज 29 | जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व विभाग की टीम ने बिछिया क्षेत्र के ग्राम मैनपुरी में कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को जप्त किया है।

भ्रमण के दौरान पकड़े गए वाहन

6 फरवरी को प्रशासन की टीम क्षेत्र के भ्रमण पर थी, तभी मुखबिर से प्राप्त सूचना और शिकायतों के आधार पर मैनपुरी (बिछिया) क्षेत्र में घेराबंदी की गई। इस दौरान टीम ने दो ट्रैक्टरों को अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पाया। जप्त किए गए वाहनों का विवरण इस प्रकार है:

  • पावर चेचिस ट्रैक्टर (क्रमांक TO 53613259 EL) मय ट्राली।
  • पावर ट्रैक ट्रैक्टर (नीले रंग का, चेचिस क्रमांक T 05356697 DP)।

थाना मवई की अभिरक्षा में वाहन

कार्रवाई के पश्चात दोनों वाहनों को जप्त कर शासकीय अभिरक्षा में थाना मवई की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। संबंधित विभाग द्वारा अवैध परिवहन के इस मामले में म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार किया गया है।

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि उक्त प्रकरण को आगामी वैधानिक कार्रवाई और जुर्माने हेतु कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध उत्खननकर्ताओं में हड़कंप व्याप्त है।


बाल विवाह मुक्त भारत का संकल्प

माधोपुर में ग्रामीणों को दी गई कानूनी प्रावधानों की जानकारी

  • 18 वर्ष से कम उम्र में शादी पर 2 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना
  • शादी के कार्ड पर जन्मतिथि लिखना अनिवार्य करने का प्रस्ताव

मंडला महावीर न्यूज 29 | बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध चलाए जा रहे 100 दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान के तीसरे चरण के तहत ग्राम पंचायत माधोपुर (तहसील बिछिया) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसके विरुद्ध बने कड़े कानूनों से अवगत कराया गया।

कानून का उल्लंघन पड़ेगा भारी

वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि शासन के नियमों के अनुसार लड़की की उम्र 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम होने पर विवाह ‘बाल विवाह’ की श्रेणी में आता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बाल विवाह करने, करवाने या उसमें शामिल होने वाले व्यक्तियों को 2 वर्ष का कारावास और 1 लाख रुपये का जुर्माना या दोनों सजाएं भुगतनी पड़ सकती हैं।

विवाह से पूर्व NOC और कार्ड पर जन्मतिथि का प्रस्ताव

बाल विवाह की रोकथाम के लिए कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए:

  • अनिवार्य जन्मतिथि: अब गांव में छपने वाले शादी के कार्डों पर वर और वधू की जन्मतिथि अंकित करना अनिवार्य होगा।
  • एनओसी (NOC): शादी करने वाले परिवारों को विवाह से पूर्व ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त कर सेवा प्रदाताओं को सूचित करना होगा।

सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

महिलाओं और बालिकाओं को आपातकालीन स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई:

  • महिला हेल्पलाइन: 181
  • चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098
  • साइबर क्राइम: 1930
  • पुलिस हेल्पलाइन: 112
  • विधिक सहायता: 15100

विधिक साक्षरता और लोक अदालत

विधिक सेवा प्राधिकरण की पी.एल.वी. श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने कानून के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बहुउद्देशीय कार्यकर्ता हरिशंकर कछवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Leave a Comment