बाईक और ऑटो में आमने सामने टक्कर, चार घायल
- नारायणगंज से भानपुर मार्ग में सिकोसी घाट में हादसा
- नारायणगंज सीएचसी में चल रहा उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज से भानपुर मार्ग के सिकोसी घाटी में तेज रफ्तार के कहर से चार लोग घायल हो गए। जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज उपचार के लिए लाया गया। घायलों में दो लोगों को मामूली चोटे आई है, वहीं दो व्यक्तियों को गंभीर हालत में लाया गया। हादसे की जानकारी नारायणगंज टिकरिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों में एक व्यक्ति अस्पताल लाने तक अचेत रहा। जिसका उपचार किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार नारायणगंज से भानपुर मार्ग में ग्राम सिकोसी के यादव मोहल्ले के पास घाट में आटो और बाईक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में आटो चालक सुमनदास पडवार पिता रतन दास 35 वर्ष निवासी ग्राम भानपुर अचेत हो गया। वहीं आटो में बैठे दो यात्री भी घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि आटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं बाईक में सवार दो युवकों में से एक युवक अंकित सोनी पिता संतोष सोनी 22 वर्ष को चोटें आई हैं, जिसका भी उपचार सीएचसी
नारायणगंज में चल रहा है। घायल बाईक सवार अपने एक रिश्तेदार के साथ ग्राम भानुपर मार्ग में किसी कार्य से गया हुआ था, वहां से लौटते समय हादसा हो गया।
आटो में सवार घायल यात्री मदन लाल विश्वकर्मा 64 वर्ष निवासी ग्राम भानपुर ने बताया कि वह अपनी पत्नी शिवकली बाई 62 वर्ष का इलाज कराने मंडला गया हुआ था, वहां से वापस नारायणगंज आए और आटो से अपने ग्राम भानपुर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। दोनों सवार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। वहीं आटो चालक और बाईक सवार युवक का उपचार किया जा रहा है। आटो चालक को तीन घंटे तक होश नहीं आया था। सीएचसी नारायणगंज के चिकित्सक डा. राकेश विश्नोई द्वारा दोनों घायलों का उपचार किया जा रहा है। दोनों घायलों की स्थिति अभी ठीक है। टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।












