- सावन गुजरते ही जमकर बरसे बदरा
- झमाझम बारिश के बाद भी उमस बरकरार, उमस से राहत नहीं
मंडला महावीर न्यूज 29. सावन की झड़ी सावन माह में देखने नहीं मिली। लेकिन सावन माह के जाते ही काले मेघ सावन की झड़ी लगा दिए। रक्षाबंधन के साथ सावन माह भी चला गया। राखी के दूसरे दिन कजलिया पर्व पर सुबह से ही सूर्य देव के मिजाज गरम रहे। सूर्य की तीखी किरणों से लोग परेशान और बेहाल नजर आए। तेज गर्मी और उमस के कारण लोग पसीने से तरबतर हो रहे थे। कजलिया का दिन भी उमस भरी गर्मी के साथ गुजर गया। इसके अगले दिन बुधवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में अचानक दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छाए गए। शाम करीब 4 बजे काले मेघ धीरे-धीरे आसमान में अपना कब्जा करने लगे। शाम के करीब 5 बजे आसमान काले बादलों में ढक गया और जमकर बरस पड़े।
उमस, गर्मी के बीच काले मेघों ने सावन की झड़ी लगा दी। उमस और गर्मी के बीच हुई बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत दी। झमाझम और रिमझिम बारिश का दौर काफी देर तक चलता रहा। इस बीच राहत तो मिली लेकिन रात्रि में उमस और गर्मी ने एक बार फिर लोगों का हाल बेहाल कर दिया।
जानकारी अनुसार सावन माह खत्म हो गया है। अचानक हुई बारिश से लगता है कि मानसून एक बार फिर सक्रिय है। विलंब से आए मानसून ने पिछले एक माह से कभी बारिश हो रही थी, तो कभी सूर्य की तेज तपन से लोग परेशान थे। पूरा सावन माह बीत जाने के बाद सावन के अंतिम दिन रक्षाबंधन पर भी इस वर्ष बारिश नहीं हुई। लेकिन कजलियां के दिन जिले के कुछ क्षेत्रों में झमाझमा बारिश कुछ देर के लिए हुई। जिससे लोग इस बारिश की बौछार के बीच लोगो ने त्यौहार की खुशियां बांटी।
जिले में अब तक 1172.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष 1 जून से 21 अगस्त 2024 के दौरान 1172.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 946.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 225.6 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अगस्त 2024 को मंडला में 11.2 मिलीमीटर, निवास में 10.4 एवं नारायणगंज में 4.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 21 अगस्त 2024 को 4.2 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है।













