दो जिले को जोडऩे वाला पुल डूबा, आवागमन बाधित

  • दो जिले को जोडऩे वाला पुल डूबा, आवागमन बाधित
  • पुराना थावर पुल है क्षतिग्रस्त
  • बारिश में होगा आवागमन बाधित

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है, बरसाती नालों के उफान पर आने के कारण स्थानीय पुल पुलिया बरसाती नालों में डूब गए हैं। इसके साथ ही बारिश में थावर पुल डूबने से नैनपुर सिवनी मार्ग बंद हो गया है। मार्ग के दोनों तरफ से वाहनों की लंबी कतारें लगने लगी है। बता दे कि यह मार्ग दो जिलों को जोड़ता है। जिसके चलते यातायात बाधित हो रहा है। इसके साथ ही जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बारिश के चलते चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। इसके अलावा नैनपुर-बालाघाट सड़क मार्ग भी बंद हो गया।

बताया गया कि थावर पुल का कार्य कछुआ गति से चलने के कारण मंडला और सिवनी जिले को जोडऩे वाला यह पुल लंबे अरसे से बनकर तैयार होने के इंतजार में आमजन उम्मीद लगाए बैठे हैं। लेकिन हर बारिश में यह पुल के ऊपर से पानी जाने के चलते आवाजाही बंद हो जाती है और दो जिलों का संपर्क टूट जाता है। जिससे आमजन को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विगत पांच वर्षो से इस पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है लेकिन मंद गति से कार्य होने के कारण आज भी यह पुल तैयार नहीं हो पाया है, जिसका खामियाजा आज आमजन को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार की रात थांवर पुल डूब गया। जिसके कारण मंडला नागपुर मार्ग बाधित हो गया। बताया गया कि तेज बहाव के कारण पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल पर बड़े बड़े गड्डें हो चुके है। जिसके कारण अब इस पुल से भी भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो सकता है। समाचार लिखे जाने तक पैदल व छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई थी।

मंडला का सिवनी व नागपुर से संपर्क टूटा 

थावर नदी उफान पर होने से मंडला-सिवनी सड़क मार्ग बंद है। मंडला का नागपुर से संपर्क कट गया है। दोनों जिले की सीमा में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, थावर नदी पर बना पुल पूरा डूब गया है। वहीं बीजेगांव डेम के गेट खोले गए है। जिसके कारण थांवर में पानी बढ़ गया है। पुल पर 5 से 6 फीट पानी भरा है। इसके साथ ही नैनपुर से बालाघाट मार्ग पर भी नदी-नाले उफान पर हैं। जिसके कारण मंडला-बालाघाट मार्ग भी बंद है। दोनों ओर आने-जाने वाहनों की लंबी कतार लगी हैं। लोगों का कहना है कि लगभग 5 वर्षों से थावर नदी पर नया पुल बन रहा है लेकिन ये कब तक बनकर तैयार होगा, इसका इंतजार लोग कर रहे है।

इस मार्ग से करें आवागमन 

जिला प्रशासन ने मौसम विभाग के अर्लट के बाद बारिश को देखते हुए मंडला से नागपुर, सिवनी, बालाघाट जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग सुझाए है। जिससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना ना करना पड़े। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि थांवर नदी का जल स्तर बढ़ जाने से मार्ग अवरूद्ध है। इसलिए यह मार्ग बंद है। यदि मंडला से नागपुर मार्ग जाना है तो मंडला से घंसौर और लखनादौन होते हुए सिवनी पहुंचेंगे। वहीं सिवनी से मंडला आने वाले वाहन चालक धनोरा से पिंडरई होते हुए मंडला आए। इसके साथ ही पिंडरई पुल में पानी आने पर सिवनी से घंसौर होते हुए मंडला आए। बीजेगांव डेम के गेट खोले गए है, जिसके कारण थावर नदी पुल में पानी है। फिलहाल मार्ग 24 घंटे के पहले खुलने के आसार नहीं है।

बाढ़ प्रभावितों के लिए बनाई व्यवस्था 

नैनपुर में बारिश के कारण नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नैनपुर श्रीमति सोनल सिडाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नैनपुर श्रीमति नेहा पचीसिया, नायब तहसीलदार सुश्री पूजा राणा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लक्ष्मण सिंह सारस, पार्षद श्रीमती निशा चंद्रोल, सुनील विश्वकर्मा द्वारा डूब क्षेत्रों में भ्रमण किया गया। भ्रमण में वार्ड नं 01 एवं वार्ड नं 10 के डूब क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के रुकने एवं भोजन की संपूर्ण व्यवस्था वार्ड नं 10 स्थित कन्या शाला में कराई गई। भ्रमण के दौरान वार्ड नं 01 में विद्युत लाइन की शिकायत के लिए पोल शिफ्टिंग के संबंध में विद्युत विभाग से दूरभाष पर चर्चा की गई। अध्यक्ष द्वारा उक्त अवधि के लिए बाड़ प्रभावित परिवारों की संपूर्ण व्यवस्था कराए जाने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Comment