- बारात में डीजे वालों के साथ विवाद, तीन को मारा चाकू
- जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र की घटना
- तीनों घायलों का मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार
- मंडला के निवास ब्लाक के भीकमपुर से आई थी बारात
https://youtu.be/-tg2Nxfhi50?si=_0-aL40fdGdO8L1-
मंडला महावीर न्यूज 29. महानगरों में अपराध होना आम बात है, मप्र की संस्कारधानी जबलपुर में विगत कई दिनों से चाकूबाजी की वारदात नहीं थम रहीं है। गुरूवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई। जिसमें आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के निवास ब्लाक के ग्राम भीकमपुर से बारात लेकर आए कुछ लोग इस घटना का शिकार हो गए। इस घटना में तीन युवक घायल हुए है, जो निवास भीकमपुर से बारात में आए थे। घायलों में एक युवक दूल्हे का भाई भी शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए जबलपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी अनुसार मंडला जिले के निवास क्षेत्र के ग्राम भीकमपुर से कछवाहा परिवार ने बारात लेकर जबलपुर के तिलवारा थाना अंतर्गत स्थित छोटे पुल के पास आई हुई थी। जहां से शादी का कार्यक्रम होना था, वहां से करीब आधा किलोमीटर दूर से बारात निकली। बारात में आए सभी बराती डीजे की धुन में नाचते हुए समारोह स्थल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान बारात में किसी बात को लेकर डीजे वालों से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच के विवाद को मौजूद बारातियों ने समझाते हुए विवाद को खत्म कराते हुए बारात लगवाई। इसके बाद वरमाला हुआ और बराती खाना खाने चले गए।
बारात में आए सचिन ने बताया गया कि दूल्हे का भाई शुभम कुशवाहा उसका साथी शिवम और एक अन्य शुभम खाना खाने के बाद बस में सोने जा रहे थे, उसी दौरान डीजे बज रहे कुछ लड़कों ने बारात में आए तीनों ही लड़कों को घेरा और फिर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना में दूल्हे के भाई शुभम कछवाहा के पैर और कमर में गंभीर चोट आई है इसके अलावा दो अन्य लड़के भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया गया कि घटना की जानकारी आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को दी लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिसके बाद घायल को परिजनों द्वारा इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल लाया गया जिनका इलाज मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है। बता दे कि पूछताछ में कुछ लोगों के नाम भी सामने आए हैं और घायलों की शिकायत के बाद तिलवारा थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
समय पर नहीं पहुंची पुलिस
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया है कि पुलिस को जानकारी देने के बाद भी पुलिस घायलों को देखने के लिए मेडिकल अस्पताल नहीं पहुंची, जबकि परिजनों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी लेकिन तिलवारा पुलिस घटना होने के बाद ना तो मौके पर और ना ही मेडिकल अस्पताल पहुंची। परिवार के लोगों ने बताया कि पुलिस को इस बात की सूचना देने के बाद पुलिस के द्वारा बोला गया कि आप 108 की मदद से घायलों को मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन घायलों को मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन, इसके बाद भी पुलिस मेडिकल अस्पताल भी नहीं पहुंची। फिलहाल मौके पर पहुंचे परिजनो ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया है जहां तीनों युवकों का इलाज अस्पताल में जारी है।
निवास से रोहित प्रशांत चौकसे की रिपोर्ट












