- मप्र चीता, तेंदुआ स्टेट है, अब टाइगर स्टेट बनेगा-वन मंत्री नगर सिंह
- वन मंत्री ने किया मृदु किशोर इंडस्ट्रीज का अवलोकन किया
- अल्प प्रवास पर पहुंचे मंडला
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रदेश के वन मंत्री नगर सिंह चौहान अल्प प्रवास पर सोमवार को मंडला पहुंचे। वन मंत्री छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा विधानसभा से कान्हा और मंडला होते हुए जबलपुर जा रहे थे। इस दौरान वे जबलपुर रोड में स्थित मृदु किशोर ग्रेनाइट और मार्बल इंडस्ट्रीज में रूके और उसका अवलोकन किया। वन मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया।

वन मंत्री चौहान ने कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक रामनिवास रावत के भाजपा में शामिल होने और कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर कहा कि वह एक अच्छे नेता है और उनका पुराना अनुभव है। इस वजह से उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने से शिवपुरी और श्योपुर जिले के अलावा प्रदेश को इसका लाभ होगा।
मृदु किशोर इंडस्ट्रीज के अवलोकन के लिए रूके वनमंत्री नगर सिंह का मृदु किशोर ग्रेनाइट और मार्बल इंडस्ट्रीज के चेयरमैन किशोर काल्पीवार और मेनेजिंग डायरेक्टर मृदुला काल्पीवार ने मंत्री का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान वन संरक्षक कमल अरोरा, डीएफओ नित्यानंथम एल, रेंजर मयंक उपाध्याय सहित अन्य उपस्थित थे।
समय-समय पर होती है वन्य प्रणाली की समीक्षा
वन्य जीवों के शिकारियों को लेकर प्रदेश की योजना के सवाल पर वनमंत्री ने कहां कि समय-समय पर हम मुख्यमंत्री के साथ वन्य प्राणी की समीक्षा करते हैं। जहां कमी होती है, वहां जांच कर कार्रवाई भी की जाती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तेंदुए की संख्या पूरे देश में सबसे ज्यादा है। मध्यप्रदेश चीता स्टेट भी है, तेंदुआ स्टेट भी है और टाइगर स्टेट भी बनने जा रहा है। सरकार समय-समय पर आवश्यकतानुसार निर्णय लेती है।













