- अधूरे कार्य से ग्राम ददरगांव में पानी की त्राहि त्राहि
- पाईप लाईन बिछी, पानी टंकी का कार्य अधूरा
- जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने टेंकर से पानी सप्लाई करने की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत जेवरा पोषक ग्राम ददरगांव में पानी की त्राहि त्राहि हो रही है। ग्राम में एक ही कुऑ है जो सूख गया है। कुंआ की झिर से थोडा बहुत पानी निकलता है। जिससे ग्रामीण बाल्टी में थोड़ा-थोड़ा एकत्र करके घड़ा एवं पानी टंकी भरते है। इसके साथ ही ग्राम में अन्य कोई जल स्त्रोत नहीं है। गांव से करीब दो किलो मीटर दूर एक हेण्डपम्प है। जहां से ग्राम के लोग लोग पानी लाकर अपनी प्यास बुझा रहे है।
ग्रामीणो ने बताया कि हाल ही में ग्राम पंचायत द्वारा सुबह शाम दो टेंकर पानी की व्यवस्था की थी। जिससे ही ग्राम के लोगों का काम चल रहा था, लेकिन ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों से कहां है कि आज 15 जून से पानी के टेंकर से पेयजल की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। जिसके बाद ग्रामीणों की फिर परेशानी बढ़ जाएगी। ग्रामीणो ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जब तक तेज बारिश न हो जाए और कुएं, तालाब अच्छे से ना भर जाए, तब तक पानी टेंकर से सप्लाई की जाए।

ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्राम में पेयजल का कार्य अधूरा पड़ा है। ग्राम में पाईप लाईन बिछाई दी गई है। पानी के लिए बोर भी कराया दिया गया है, लेकिन पानी टंकी का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। पेयजल की उचित व्यवस्था ना होने के कारण पूरे गांव में पानी की त्राहि-त्राहि मची हुई है।
ग्राम के इंदुलाल यादव, छोटेलाल, नन्हेलाल यादव, अंगद यादव, डुमारी, दुर्जन, मिहिलाल यादव, तितरा, कमलसिंह समेत ग्राम सभी ग्रामीणजनो ने मांग की है कि जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी का निर्माण शीघ्र कराया जाए। जिससे ग्राम में पेयजल की समस्या का निदान हो सके। वर्तमान में ग्रामीण अल सुबह उठकर हैंडपंप, कुंआ में जाकर पेयजल की व्यवस्था के लिए परेशान होते है। पूरा ग्राम पानी के लिए परेशान हो रहा है। जिला प्रशासन को इस समस्या की तरफ ध्यान देते हुए जल्द ही अधूरे पड़े कार्य को पूरा कराए। जिससे ग्रामीणों की परेशान समाप्त हो।











