- हाईवे में फिर लगेगा जाम, घंटो परेशान होंगे यात्री
- सीसी सड़क की तर्ज पर टूकड़ो-टूकड़ों में हुई मरम्मत
- राहगीरों और यात्रियों की परेशानी
- हादसे का बना रहता है अंदेशा

मंडला महावीर न्यूज 29. जिलेवासी पिछले नौ वर्ष से नेशनल हाईवे निर्माण पूर्ण होने का इंतजार कर रहे है। टूकड़ों में मंडला-जबलपुर एनएच 30 मार्ग का निर्माण किया गया है, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मंडला से छग सीमा तक मार्ग निर्माण पूरा हो गया है लेकिन मंडला से जबलपुर मार्ग के हाल बेहाल है। यहां टुकड़ों-टुकड़ों में मार्ग का निर्माण कार्य किया गया है। जिसमें भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। जिसका खामियाजा आए दिन इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। मार्ग में आई दरारें, गड्डे हादसे को आमंत्रण दे रहे है। मार्ग निर्माण गुणवत्ताविहीन होने के कारण वाहनों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब बारिश का सीजन शुरू होने वाला है, जिसके बाद मंडला जबलपुर मार्ग में एक बार फिर जाम की स्थिति बनेगी। जिसके कारण राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
जानकारी अनुसार विगत नौ साल से मंडला जबलपुर नेशनल हाईवे 30 का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन आज दिनांक तक इस मार्ग का निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है। मंडला जबलपुर के बीच कार्य अधूरे पड़े है, जिसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले राहगीर के साथ स्थानीय जनों को उठाना पड़ रहा है। विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कुड़ामैली मार्ग का ओवर ब्रिज विगत कुछ दिन पहले ही शुरू हो चुका है, अब इस मार्ग में जाम की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन कोंडरामाल और बबैहा पहाड़ी के पास का मार्ग जर्जर और बदहाल स्थिति में है। जिसके कारण आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ठेका कंपनी निर्माण कार्य को धीमी गति से कर रहे है। जिसका खामियाजा जिले की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
नेशनल हाइवे मार्ग में अब बबैहा पहाड़ी के पास सड़क निर्माण तो पूरा हो चुका है लेकिन मार्ग के दोनों तरफ की पहाड़ी की दीवाल इस बारिश में खतरनाक साबित हो सकती है। तेज बारिश में पहाड़ी के मुर्रम गिरने से मार्ग को प्रभावित कर सकता है। इसके पहले भी विगत वर्ष इस मार्ग को शुरू किया गया था, लेकिन बारिश में पहाड़ी के बड़े – बड़े पत्थर और मुर्रम से मार्ग बंद हो गया था, जिसके कारण मार्ग को बंद कर दिया गया था। विगत दिवस मंडला कलेक्टर ने निर्माण कंपनी को निर्देश दिए थे कि जल्द से जल्द पहाड़ी वाले मार्ग का कार्य पूर्ण कर मार्ग को शुरू करे। लेकिन निर्माण कंपनी ने इसमें भी काफी समय लगा दिए। अब बारिश के कुछ ही दिन शेष रह गए है और मार्ग पूरी तरह से दुरूस्त नहीं हो पाया है। अभी भी पहाड़ी वाले मार्ग में पहाड़ी का मलवा किनारे पड़ा हुआ है।
बारिश में फिर लग सकता है जाम :
मंडला से जबलपुर के बीच टू लेन मार्ग निर्माण पिछले नौ साल से कच्छप गति से चल रहा है। यह नेशनल हाईवे हर साल बारिश में लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है। घंटो जाम में लोग फंस जाते है, जिससे जरूरी कार्य वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। मंडला से जबलपुर के बीच का हाईवे मार्ग निर्माण पूर्ण हो चुका है, वहीं बबैहा पहाड़ी से गुजरे मार्ग का निर्माण भी पूर्ण है लेकिन इस मार्ग में भी अभी खतरा है। पहाड़ी से मुर्रम, पत्थर मार्ग में ना गिरे इसके लिए अभी निर्माण कंपनी को सुरक्षा के इंतजाम करने होगे। फिलहाल यह मार्ग भी आवागमन के लिए शुरू किया गया है, वही पुराने मार्ग से भी आवाजाही चालू है। पुराने मार्ग की भी हालत खस्ता हाल है। जिसके कारण यहां बारिश में खासी परेशानी उठानी पड़ती है। यदि पहाड़ी वाला मार्ग सुरक्षित नहीं किया गया तो, यहां से गुजरने वाले वाहनों को पुराने मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा। जिससे एक बार फिर भारी वाहनों की मुसीबत बन जाएगी। इस क्षेत्र में वाहन बारिश में फंस जाते है। जिससे यहां का नाजारा देखने लायक होता है। बारिश शुरू होने वाली है। अब देखना है कि इस बारिश में आमजनों को जाम का सामना करना पड़ेगा या नहीं, यह आने वाला समय ही बताएगा।
चोटिल होने का बना रहता है डर:
एनएच 30 से गुजरने वाले राहगीरों ने बताया कि हाईवे मार्ग तो जिलेवासियों की सुविधा के लिए बनाया गया है, लेकिन यह मार्ग बनने से पहले ही अपनी कहानी बयां कर रही है। जगह-जगह गड्डे और दरारें आ गए है, मार्ग की ऐसी हालत हो गई है कि इस मार्ग को बनने नौ वर्ष तो लग गए लेकिन जर्जर होने में उससे कम समय लगा है। मार्ग के गड्डे और दरारों के कारण यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां हादसे का अंदेशा हमेशा बना रहता है। वहीं मार्ग किनारे बिछाने के लिए रखी गिट्टियां, मुर्रम, बोल्डर से दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित हो रहे है। जिससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है।
पहाड़ों के कटाव में जाली लगाएं :
मंडला-जबलपुर मार्ग में चल रहे कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डायवर्सन वाले क्षेत्रों में अगले 3 दिवस में कार्य पूरा करें। पहाड़ों के कटाव पर जाली व सुरक्षा की अन्य वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। सड़कों में आई दरारों की मरम्मत का कार्य जल्द पूरा करें। उन्होंने इस मार्ग के पुलों की रेलिंग में भी सुधार कराने के निर्देश दिए।















