- उमस ने किया परेशान, कूलर, पंखे की शरण में लोग
- बारिश के पहले गर्मी चरम पर, शाम होते ही बरस रहे बदरा
- रिमझिम बारिश में भींगा जिला, खुशनुमा हुआ मौसम

मंडला महावीर न्यूज 29. नौतपा के बाद आसमान से आग बरस रही है। दिन-ब-दिन न्यूनतम तापमान में इजाफा हो रहा है। सुबह 7 बजे से लेकर शाम सात बजे तक उमस वाली गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। उमस से लोग पसीने से तर-बतर हो रहे है। नौतपा के दौरान मंडला जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री पार हुआ था। नौतपा खत्म होने के बाद अधिकतम तापमान भी 40 से 42 डिग्री के पास ही है। लेकिन गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। रिमझिम बारिश के बीच लोगों को थोड़ी देर के लिए सुकून तो मिल रहा है, लेकिन उसके बाद उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया। शाम पांच के बाद मौसम में बदलाव आया और तेज हवा, तूफान के साथ रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। जिससे मौसम खुशनुमा हो गया।

जानकारी अनुसार उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा और न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री के ऊपर चल रहा है। वही अधिकतम तापमान में थोड़ी कमी आई है। लेकिन न्यूनतम तापमान कम ना होने से लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से मौसम साफ रहा। सूर्यदेव भी अपनी प्रचंड किरणों के साथ दिनभर मौजूद रहे। जिससे लोग चुभन भरी गर्मी से बेहाल रहे।
न्यूनतम तापमान कम ना होने के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। उमस भरी गर्मी के कारण लोग कूलर, पंखों, एसी की शरण में दिनभर रहे। लेकिन जिले के कुछ क्षेत्रोंं में अचानक मौसम ने करवट ली और शाम पांच बजे के बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान में काले बादलों ने अपना डेरा डाल दिया और बादल बरस पड़े। रिमझिम बारिश से मौसम फिर सुहाना हो गया। देर शाम को करीब एक घंटे तक रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। जिसके बाद मौसम में ठंडक घुल गई।
कूलर की बढ़ी रफ्तार :
गर्मी से राहत पाने लोगों ने सुबह से ही पंखे, कूलर व एसी का सहारा लेना शुरू कर दिया है। पंखे, कूलर, एसी की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। कुछ लोग पुराने कूलर व पंखे को रिपेयरिंग भी करा रहे हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि कूलर व पंखे की तुलना में एसी की मांग कम है। अधिक कीमत के साथ ही बिजली बिल में बढ़ोत्तरी होने के चलते लोग एसी कम खरीदते हैं। गर्मी आते ही कूलरों में लगाए जाने वाले खस की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर शहर से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली मिस्त्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। अब मानसून आने वाला है, लेकिन उमस भरी गर्मी से निजात पाने लोग नए कूलर, पंखे खरीदने के बजाय बंद पड़े कूलर व पंखे को निकालकर मिस्त्री के पास ले जा रहे हैं।












