सागौन की वादियों के बीच बसा ग्राम बोरिया बना आस्था का महाकुंभ
नवदुर्गा के नौ स्वरूपों से जगमगाया पंडाल, दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु
- अच्छी फसल से ग्रामीणों का उत्साह दोगुना
- माँ कालरात्रि की विशेष पूजा संपन्न
- अब महाअष्टमी के भव्य आयोजन की तैयारियों में जुटा गांव
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-सिवनी मुख्य मार्ग पर स्थित प्रेमपुर से महज दो किलोमीटर की दूरी पर बसा ग्राम बोरिया इन दिनों शारदीय नवरात्रि महोत्सव 2026 के चलते श्रद्धा और भक्ति का एक अद्भुत केंद्र बन गया है। सागौन के घने वृक्षों से आच्छादित रमणीय पहाड़ियों और प्राकृतिक सौंदर्य की गोद में बसे इस गांव में स्थापित माँ नवदुर्गा का भव्य दरबार समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
नौ दिव्य स्वरूपों के दर्शन और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम
ग्राम के सुभाष नव युवक मंडल के तत्वावधान में इस वर्ष नवदुर्गा के नौ दिव्य स्वरूपों की एक साथ स्थापना की गई है। मनमोहक सजावट, आकर्षक पुष्प श्रृंगार और भव्य प्रकाश व्यवस्था से पंडाल जगमगा रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन व पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मंडला-सिवनी मार्ग से बोरिया की ओर जाने वाला रास्ता अपने आप में एक मनोहारी अनुभव है। सड़क के दोनों ओर खेतों की हरियाली, नदी-नाले, एनीकट और पहाड़ियों का नजारा श्रद्धालुओं को एक अलग ही आध्यात्मिक और मानसिक शांति प्रदान करता है।
कालरात्रि की पूजा संपन्न, महाअष्टमी पर टिकी निगाहें
नवरात्रि के सातवें दिन माँ कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना पूरे भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। माता के जयकारों से संपूर्ण पंडाल और गांव का वातावरण गुंजायमान रहा। अब सभी ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं की निगाहें महाअष्टमी के पावन अवसर पर टिकी हैं। अष्टमी के दिन माँ महागौरी की विशेष आराधना के साथ-साथ गांव के प्रमुख देवी-देवताओं का भी विधिवत पूजन किया जाएगा। गौरतलब है कि बोरिया की धार्मिक पहचान में टोरिया पर विराजमान माँ बीजो दाई, ग्राम में स्थित माँ खेरमाई और नवदुर्गा का यह भव्य पंडाल विशेष स्थान रखते हैं, जहां लोग मन्नतें मांगने पहुंच रहे हैं।
अच्छी फसल ने बढ़ाया ग्रामीणों का उल्लास
ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष कृषि की स्थिति बेहद अनुकूल है और खेतों में अच्छी फसल लहलहा रही है। ऐसे में त्योहारों को लेकर लोगों में उत्साह और उमंग दोगुना हो गया है। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग, सभी पूरे जोश के साथ इस आयोजन में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
अतिथियों और आयोजन समिति की अपील
इस धार्मिक महाकुंभ को सफल बनाने में युवा मोर्चा और सुभाष नव युवक मंडल, बोरिया के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। मूर्ति न्यौछावर कर्ता एवं जनपद पंचायत मंडला के उपाध्यक्ष संदीप सिंगौर, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंगौर, सचिव अतुल पटेल और पंडा बाबा शशांक सिंगौर ने क्षेत्रवासियों से महाअष्टमी एवं आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माँ जगदम्बा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों ने कामना की है कि माता की असीम कृपा से क्षेत्र में सुख-शांति बनी रहे और सभी के जीवन में “नव ऊर्जा, नव संकल्प और नव चेतना” का संचार हो।









