डांडिया-ढोल की थाप पर मां भगवती की आराधना
गरबा के रंग में सजा मंडला
- मां खोडियार रास गरबा महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों की थीम पर हो रही प्रस्तुतियां
- 18 अक्टूबर तक चलेगा गरबा का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. नवरात्रि के पावन पर्व पर मां खोडियार दरबार समिति के तत्वाधान में सुभाष वार्ड स्थित गरबा ग्राउंड में मां खोडियार रास गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति और विशेषताओं पर आधारित अलग-अलग दिनों की थीम आकर्षण का केंद्र रहेगी।आयोजन की शुरुआत मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, समाजसेवी श्रद्धा उइके, वेद प्रकाश कुलस्ते, किन्नर समाज के सदस्यों एवं समिति सदस्यों ने मां के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद प्रतिभागियों ने डांडिया और ढोल की थाप पर गरबा प्रस्तुत कर मां भगवती की आराधना की।

गरबा के माध्यम से मां की आराधना
आयोजन के दौरान मंत्री संपतिया उइके ने भी डांडिया के माध्यम से गरबा नृत्य में सहभागिता की और ढोल की थाप पर उनके कदम थिरके। महोत्सव में नन्ही बालिकाओं से लेकर विभिन्न आयु वर्ग की महिलाएं एक मंच पर गरबा के माध्यम से भक्ति और उत्साह का संगम प्रस्तुत कर रही हैं। पारंपरिक गरबा के साथ आधुनिक डांडिया की प्रस्तुतियां भी आयोजन को खास बना रही हैं। प्रतिभागियों के लिए गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि मां की आराधना और अपनी कला अभिव्यक्त करने का माध्यम बना हुआ है।

12 दिनों तक दिया विशेष प्रशिक्षण
महोत्सव की तैयारियों के तहत प्रतिभागियों को लगभग 12 दिनों तक गरबा और डांडिया की बारीकियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण में अनुष्का मालवानी, आयशा यादव, चेतना नैंसी मालवानी, तमन्ना क्षत्री, रोनित सामतानी और अश्विन सोनकेशरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को पारंपरिक शैली के साथ आधुनिक गरबा की तकनीकों का अभ्यास कराया।

18 अक्टूबर को होगा पुरस्कार वितरण
महोत्सव के अंतर्गत 14 से 18 अक्टूबर तक गरबा की भव्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित विभिन्न मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।मां खोडियार रास गरबा महोत्सव नवरात्रि में भक्ति, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का मंच बनकर शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।









